The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • 63 Girls Died And At Least 45 Injured In America Israel Attacks Schools Hormozgan Minab

इजरायल के हमले की चपेट में आया स्कूल, 85 लोगों की मौत की खबर

ईरान पर अमेरिका और ईरान के हमले में स्कूली छात्राओं समेत 85 लोगों की मौत हो गई. इजरायली मिसाइलों ने दक्षिणी ईरान के होर्मोजगान राज्य के मीनाब शहर में स्थित एक स्कूल को निशाना बनाया.

Advertisement
Iran War Update
अमेरिका-इजरायल ने हमले के दौरान ईरान के दो स्कूलों को निशाना बनाया. (फोटो- @araghchi)
pic
प्रगति पांडे
28 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 10:25 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

ईरान में अमेरिका और इजरायल के हमले से जबर्दस्त तबाही मची है. यहां का एक स्कूल भी हमले की चपेट में आ गया. खबर है कि इसमें 85 लोगों की मौत हुई है. ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, शनिवार, 28 फरवरी को दक्षिणी ईरान के होर्मोजगान प्रांत के मीनाब में एक प्राथमिक विद्यालय पर इजरायली हमला हुआ. इसमें कम से कम 85 लोग मारे गए. सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, मलबे को हटाने के काम में लगे कर्मचारियों में से भी कई लोग घायल हो गए. 

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर हमले के बाद की एक फोटो शेयर की. उन्होंने कैप्शन में लिखा,

‘दक्षिणी ईरान में जिस बिल्डिंग को तबाह किया गया है, वो लड़कियों का प्राइमरी स्कूल था. दिनदहाड़े स्कूल पर हमला हुआ, जब कई बच्चियां स्कूल में मौजूद थीं. दर्जनों बेगुनाह बच्चियों की हत्या की गई है. ईरान के लोगों के खिलाफ इस अपराध का जवाब जरूर दिया जाएगा.’

Image embed

वहीं, ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) से इस हमले पर फौरन कार्रवाई करने की गुहार लगाई है. ईरान के स्कूलों पर हुए हमले के दावों पर अमेरिका और इजरायल की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. 

अमेरिकी-इजरायली हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री अमीर नासिरजादेह और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर मोहम्मद पाकपोर के मारे जाने की खबरें आ रही हैं. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरान ने साफतौर पर इन दावों को खारिज नहीं किया है, लेकिन विदेश मंत्री ने इन हमलों में देश के एक या दो कमांडरों के मौत की पुष्टि की है. साथ ही बताया कि ईरान के लगभग सभी सीनियर अधिकारी सुरक्षित और जीवित हैं.

बता दें कि  शनिवार, 28 फरवरी की सुबह अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला कर दिया. इस हमले में ईरान के कई शहरों को निशाना बनाया गया. वहीं, इन हमलों के दौरान पूरे इजरायल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई. ईरान ने भी इजरायल समेत मिडिल-ईस्ट में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमले शुरू कर दिए.

यह भी पढ़ें: इजरायली हमलों में रक्षामंत्री और सैन्य कमांडर की मौत पर ईरान ने क्या कहा?

भारत सरकार ने भी इन देशों में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है. एडवाइजरी में साफ तौर पर भारतीय नागरिकों को घर में रहने और गैर जरूरी यात्राओं को न करने की सलाह दी गई. साथ ही किसी भी इमरजेंसी सिचुएशन में एंबेसी से संपर्क करने की बात कही गई.

वीडियो: US-Israel के हमले के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई में ताबड़तोड़ बैलिस्टिक मिसाइलें बरसा दीं

Advertisement

Advertisement

()