बिहार: इंजीनियर के ठिकानों से 5 करोड़ों बरामद, 'जूनियर के घर छिपा कर रखता था कैश'
इंजीनियर के ठिकानों पर इतना कैश मिला कि नोट गिनने की मशीन मंगवानी पड़ी

बिहार (Bihar) में विजिलेंस टीम ने शनिवार, 27 अगस्त को ग्रामीण कार्य विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें 5 करोड़ से ज्यादा कैश बरामद किया गया. बताया जा रहा है कि इंजीनियर संजय कुमार राय के पटना (Patna) के दो और किशनगंज (Kishanganj) में स्थित 3 ठिकानों पर छापेमारी की गई है. इस छापेमारी में संजय कुमार के अलावा उनके सहयोगियों के ठिकाने भी शामिल हैं. पटना के ठिकानों से विजिलेंस टीम को सवा करोड़ रुपए कैश और किशनगंज से करीब 4 करोड़ रुपए मिले हैं.
आजतक से जुड़े सुजीत झा की खबर के मुताबिक जब विजिलेंस टीम किशनगंज में छापेमारी करने पहुंची तब उन्हें पता चला कि इंजीनियर संजय कुमार राय ने रिश्वत का पैसा अपने जूनियर इंजीनियर और कैशियर के यहां भी रखा है. इसके बाद जांच टीम ने इन लोगों के यहां भी छापा मारा. इस छापेमारी में किशनगंज से कैश के साथ ज्वैलरी भी बरामद हुई है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक इंजीनियर संजय कुमार राय का घर पटना के बसंत बिहार कॉलोनी में है, वहीं उनकी तैनाती किशनगंज जिले में है.
विजिलेंस की दो टीमों ने शनिवार सुबह 7 बजे एक साथ पटना और किशनगंज में छापे मारे. किशनगंज में 13 सदस्यों की टीम ने संजय कुमार राय के रूईधाशा, लाइनपाड़ा में स्थित पर्सनल असिस्टेंट ओम प्रकाश यादव के घर और कैशियर खुर्रम सुल्तान के घर पर भी छापेमारी की. टीम को ओम प्रकाश यादव के घर से 4 करोड़ और कैशियर के घर से करीब एक करोड़ कैश मिले हैं. इसके अलावा पटना में संजय कुमार राय के घर से लाखों रुपए की ज्वैलरी, कई जमीन और फाइनेंशियल इंवेस्टमेंट्स के पेपर्स भी मिले हैं. टीम बैंक स्टेटमेंट भी जांच कर रही है.
इससे पहले बिहार में CBI और ED ने भी छापेमारी की थी. जांच एजेंसियों ने बुधवार 24 अगस्त को बिहार से लेकर झारखंड तक कई जगह छापेमारी की. नौकरी के बदले जमीन मामले में आरजेडी के चार नेताओं के ठिकानों पर ये छापेमारी की गई थी. बिहार में फ्लोर टेस्ट से पहले सीबीआई की टीम ने आरजेडी के कोषाध्यक्ष और एमएलसी सुनील सिंह, पूर्व MLC सुबोध राय, राज्यसभा सांसद फैयाज अहमद और राज्यसभा सांसद अशफाक करीम के आवास पर छापेमारी की.
वीडियो: CBI रेड पर आरजेडी-बीजेपी ने क्या कह दिया?

