मोतियाबिंद से पीछा छुड़ाने गए, आंख ही चली गई
हैदराबाद में एक साथ 13 लोगों की आंख खराब हो गई, और दोष ऑपरेशन थियेटर का है.
Advertisement

Symbolic image - wikipedia
Quick AI Highlights
Click here to view more
भगवान न करे किसी को मोतियाबिंद हो. पर मोतियाबिंद हो जाए तो उसे ठीक कराने के लिए लोग ऑपरेशन कराते हैं. ऑपरेशन के बाद इस बीमारी का शिकार हुए लोग पहले की तरह देख पाते हैं. हैदराबाद में भी कुछ लोगों ने मोतियाबिंद से पीछा छुड़ाने के लिए आंखों का ऑपरेशन कराया. वो भी सरकारी अस्पताल में. ऑपरेशन के अगले दिन सब की आंखों की रोशनी चली गई.
हैदराबाद के मेहदीपटनम में एक सरकारी अस्पताल है. नाम है सरोजिनी देवी आई हॉस्पिटल. 30 जून को कई सारे मरीजों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था. पेशेंट काफी थे इसलिए अलग-अलग ऑपरेशन थिएटर में उनको शिफ्ट किया गया. जिसमें से 13 लोगों का ऑपरेशन थिएटर 2 में ऑपरेशन हुआ था. उस दिन तो सब चंगा-भला था. अगले दिन जब डॉक्टर उनकी पट्टी उतारने गए तो देखा कि उन 13 पेशेंट की आंखों में इंफेक्शन फैल चुका है. और उनकी आंखों की रोशनी जा चुकी है. उनकी आंखों में पस भर चुका है.
ये शिकायत सिर्फ ऑपरेशन थिएटर 2 वाले पेशेंट को हुई थी. उन पेशेंट्स के घरवालों ने हंगामा मचा रखा है. उनका कहना है कि ये डॉक्टरों की अनदेखी की वजह से हुआ है.
मामले को लेकर मेडिकल सुपरिटेंडेंट का कहना है कि हो सकता है ऑपरेशन में इस्तेमाल हुई दवाई खराब हो. अस्पताल वालों का कहना है कि जो कुछ भी हुआ है वो ऑपरेशन थिएटर के अंदर हुआ है.
सूत्रों के मुताबिक जब पेशेंट्स के पस की जांच की गई तो उनमें बैक्टीरिया के साथ और भी कई कीटाणु पाए गए हैं. डॉक्टर्स का कहना है कि जैसे ही हमें इंफेक्शन के बारे में पता चला हमने तुरंत इलाज शुरु कर दिया. उन 13 में से 6 पेशेंट्स की आंखों की रोशनी वापस आ सकती है. बाकी 7 का भी इलाज चल रहा है.

