KitKat का बीच रास्ते से पूरा ट्रक चोरी, 12 टन चॉकलेट भरी थीं
KitKat Chocolate Heist: इटली से एक ट्रक पोलैंड के लिए रवाना हुआ. इस ट्रक में कुल 12 टन किटकैट चॉकलेट थीं. नंबर में बताएं तो करीब 4 लाख 13 हज़ार 793 किटकैट के पैकेट. ट्रक अपने सोर्स से तो निकला, लेकिन डेस्टिनेशन तक नहीं पहुंचा.

“फ्रिज में मेरी चॉकलेट रखी थी, किसने चोरी की है?” ये आरोप ज़रूर आपने किसी पर लगाया होगा या खुद कभी इस मासूम चोरी को अंजाम दिया होगा. फिर अकेले में कहीं बैठकर उसका आनंद लिया होगा. चॉकलेट अगर किटकैट (KitKat) हो तो मज़ा दोगुना हो जाता है. अंदर से क्रंची और बाहर से चॉकलेटी जो होती है. लेकिन यही चॉकलेट प्रेम एक शख्स पर हावी हो गया. उसने किटकैट कंपनी को ही लूट लिया. वो भी छोटी-मोटी लूट नहीं, कुल 12 टन किटकैट चॉकलेट चुरा लीं. आइए सब जानते हैं.
इटली से एक ट्रक पोलैंड के लिए रवाना हुआ. इस ट्रक में कुल 12 टन किटकैट चॉकलेट थीं. नंबर में बताएं तो करीब 4 लाख 13 हज़ार 793 किटकैट के पैकेट. ट्रक अपने सोर्स से तो निकला, लेकिन डेस्टिनेशन तक नहीं पहुंचा. बीच में ही कहीं गायब हो गया.
किटकैट चॉकलेट नेस्ले कंपनी बनाती है. नेस्ले को जब अपने ट्रक की कोई सुध नहीं लगी तो उसने रिपोर्ट दर्ज करवाई (KitKat owned by Nestle). फिर नेस्ले ने X पर पोस्ट कर सभी चॉकलेट लवर को इस चॉकलेटी हाइस्ट के बारे में बताया.
नेस्ले ने बताया कि वो हमेशा लोगों को ‘have a break with KitKat’ कहता है. लेकिन आज किसी और ने उसे ब्रेक दे दिया, वो भी 12 टन का ब्रेक. कंपनी ने खुद अपने मज़े लिए, लेकिन एक चिंता भी ज़ाहिर की. कंपनी को याद आया कि ईस्टर आने वाला है. ऐसे में इतनी बड़ी चोरी सप्लाई की शॉर्टेज पैदा कर सकती है. लेकिन आखिरी लाइन में लिख दिया कि ‘चिल रहो, कुछ नहीं हुआ है.’ बताया कि इससे लंबे समय में सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
इन चॉकलेट को गैरकानूनी तरीके से यूरोपीय मार्केट में बेचा जा सकता है. लेकिन नेस्ले ने चॉकलेट चोर को पकड़ने का एक तोड़ भी बता दिया. कहा कि हर चॉकलेट पर एक यूनिक बार कोड होता है. इस बार कोड को स्कैन करते ही आरोपी तक पंहुचा जा सकता है.
कंपनी का कहना है कि कोड मैच होने के बाद इंस्ट्रक्शन जारी किए जाएंगे, जिससे सबूत इकट्ठा करने में मदद मिलेगी. कंपनी जांच के लिए लोकल अधिकारियों के संपर्क में है. लेकिन सवाल वही है कि आखिर इतनी चॉकलेट का क्या किया चोर ने? ख़ैर ये तो वही बताएगा, जब पकड़ा जाएगा.
वीडियो: दुनियादारी: कहानी चॉकलेट का कच्चा माल और सोना देने वाले घाना की, जो अब कंगाल होता जा रहा है

.webp?width=60)
