The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • 10 rupees ticket for 4 hours at namo ghat Varanasi repealed

बनारस में नया नमो घाट बना, 4 घंटे टहलने के लिए 10 रुपये का टिकट लग गया!

सोशल मीडिया पर लोग खौले तो प्रशासन ने क्या कहा? वो भी जानिए.

Advertisement
pic
3 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 3 अगस्त 2022, 06:34 PM IST)
Namo-ghat
नमो घाट और टिकट दिखाती महिला की तस्वीर. (आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

वाराणसी के नमो घाट पर टिकट लगाने की खबर बुधवार, 3 अगस्त को दिन भर चर्चा में रही. आज से नमो घाट पर जाकर 4 घंटे बिताने के लिए 10 रुपये का टिकट लगाया गया है. दो पहिया और चार पहिया गाड़ियों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग टिकट लगाए गए हैं. हालांकि टिकट लगाने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा दिखने लगा. इसके बाद वाराणसी के मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने टिकट लगाने के इस आदेश को रद्द कर देने की बात कही.

मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल भले ही टिकट को रद्द करने की बात कर रहे हों, लेकिन आजतक के बृजेश कुमार की खबर के मुताबिक लोगों से (खबर लिखे जाने तक) टिकट वसूला जा रहा है, जिसका गुस्सा और नाराज़गी लोगों में देखने को मिल रही है.

नमो घाट पर लगे बोर्ड की तस्वीर.

नमो घाट पर लगाए गए टिकट के चार्ट की तस्वीर भी सामने आई है. इसके मुताबिक सिर्फ घाट में प्रवेश करने या 4 घंटे तक घाट पर बिताने के लिए आपको 10 रुपये चुकाने होंगे. चार घंटे के लिए अगर आप घाट की पार्किंग में दो पहिया गाड़ी खड़ी कर रहे हैं तो 20 रुपये देने होंगे. वहीं चार पहिया गाड़ी 2 घंटे के लिए खड़ी करने के लिए 50 रुपये और 4 घंटे खड़ी करने के लिए 100 रुपये देने होंगे. इस बोर्ड के एक नोट में लिखा गया है कि 12 साल तक के बच्चों के लिए कोई टिकट नहीं है.

लो जी, एक और सौगात!

नमो घाट पर टिकट लगाने की खबर जैसे ही सामने आई, सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.  अभिषेक शुक्ला नाम के एक यूजर ने ट्विटर पर लिखा,

लो एक और बड़ी सौगत. काशी की जनता को यहां के सांसद जी द्वारा एक बड़ा उपहार. अब गंगा दर्शन में भी शुल्क. इतिहास में पहली बार बनारस के एक घाट पर जाने के लिए टिकट, खिड़किया घाट (नमो घाट) पर अब 4 घंटे के लिए 10 रुपये का टिकट. नरेंद्र मोदी जी, कुछ तो रहम करिए जनता पर.

दारा सिंह यादव नाम के यूजर ने लिखा,

मुगलों के जमाने में हिंदुओं को जजिया कर देना पड़ता था, अब नरेंद्र मोदी जी के यूपी में डबल इंजन सरकार में काशी में नमो घाट पर घूमने पर सभी धर्म के लोगों को लेना होगा एंट्री टिकट.

वहीं गौरव कपूर नाम के यूजर ने टिकट लगाने के फैसले को वापस लेने की मांग की.

टिकट वापसी पर कन्फ्यूज्न

एक तरफ मंडलायुक्त टिकट को रद्द करने की बात कर रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ स्मार्ट सिटी के PRO का कहना है कि इस टिकट की शुरुआत मेंटेनेंस को देखते हुए की गई. PRO का कहना है कि कई ऐसे लोग भी आते हैं जो घाट में आकर सार्वजनिक संपत्ति के साथ छेड़छाड़ करते हैं. उनका दावा है कि कुछ लोग टिकट लगाने के फैसले को सराह भी रहे हैं.

साल 2019 में पीएम मोदी ने नमो घाट का उद्घाटन किया था. इस घाट को पहले खिड़किया घाट के नाम से जाना जाता था. नमो घाट को दो चरणों में बनाया गया है. सूर्य नमस्कार को समर्पित इस घाट को 34 करोड़ की लागत से बनाया गया है. नमो घाट करीब आधा किलोमीटर लंबा है. इस घाट पर मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे थीम्स को प्रमोट किया गया है. यहां गेल इंडिया ने फ्लोटिंग सीएनजी स्टेशन भी बनाया है. 

वीडियो: पीएम मोदी के वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन पर अखिलेश ने गज़ब तंज कस दिया

Advertisement

Advertisement

()