The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • UP Meerut girls body skeletal found in room father left for Haridwar

4 महीने तक सड़ता रहा बेटी का शव, हरिद्वार चला गया था पिता, घर लौटा तो बताई वजह

Meerut: युवती की मौत के बाद उसका पिता कुछ दिन तक शव के साथ घर में रहा और फिर मकान में ताला लगाकर हरिद्वार चला गया. पुलिस को कमरे में कुछ परफ्यूम स्प्रे भी मिले हैं. पुलिस ने क्या बताया?

Advertisement
pic
pic
अर्पित कटियार
| उस्मान चौधरी
11 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 03:19 PM IST)
UP Meerut girls body skeletal found in room
शुक्रवार, 10 अप्रैल की रात युवती का शव बरामद किया गया. (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में चार महीने से बंद एक मकान में 34 साल की युवती का सड़ा-गला शव मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवती की मौत के बाद उसका पिता कुछ दिन तक शव के साथ घर में रहा और फिर मकान में ताला लगाकर हरिद्वार चला गया. पुलिस को कमरे में कुछ परफ्यूम स्प्रे भी मिले हैं. आशंका जताई जा रही है कि बदबू छिपाने के लिए इनका इस्तेमाल किया गया. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है.

आजतक से जुड़े उस्मान चौधरी की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला मेरठ जिले के सदर बाजार थाना इलाके का है. शुक्रवार, 10 अप्रैल की रात युवती का शव बरामद किया गया. रिश्तेदारों ने बताया कि कई महीनों से युवती और उनके पिता से कोई संपर्क नहीं हो पाया था. फोन करने की कोशिश की, लेकिन कॉल का जवाब नहीं मिला. आसपास पूछताछ की गई, फिर भी कोई जानकारी नहीं मिली.

पिता का नाम उदय भान बिस्वास है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाले हैं. वे शिक्षा विभाग से रिटायर हैं और अपनी बेटी प्रियंका बिस्वास के साथ मेरठ में सदर बाजार के तेली मोहल्ला में रहते थे. प्रियंका पढ़ी-लिखी थीं और प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाती थीं. उनकी मां की करीब 10-12 साल पहले मौत हो चुकी थी.

शुक्रवार को अचानक उदय भान बेगम बाग कॉलोनी में एक चाय की दुकान पर बैठे मिले. वहां उनके भतीजे विश्वजीत ने उन्हें पहचान लिया और अन्य रिश्तेदारों को बुलाया. जब बेटी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वो देहरादून के अस्पताल में भर्ती है. इस जवाब से रिश्तेदारों को शक हुआ. सख्ती से पूछताछ करने पर पिता ने बताया कि बेटी की मौत दिसंबर 2025 में हो चुकी है और शव घर में ही पड़ा है. यह सुनकर सभी लोग हैरान रह गए.

इसके बाद रिश्तेदारों ने तुरंत पुलिस को 112 पर सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और बंद मकान का ताला तोड़ा. अंदर जाकर देखा तो प्रियंका का शव बेड पर सड़ी-गली हालत में पड़ा था. कमरे में काफी रद्दी और सामान बिखरा हुआ था. शव से तेज दुर्गंध आ रही थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.

कैंट के सर्किल ऑफिसर (CO) नवीना शुक्ला ने बताया कि पुलिस को 112 पर सूचना मिली थी कि उदय भान नाम के एक आदमी ने बताया कि उसकी बेटी को चार महीने पहले जॉन्डिस हुआ था और उसे मृत हालत में ताला लगाकर चला गया था. इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलने पर लाश सड़ी-गली हालत में मिली. पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है. जांच चल रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

ये भी पढ़ें: 2 महीने से लापता थी बहू, अब पता लगा मारकर घर के आगे गली में गड़ा दिया था, पर ये किया कैसे?

विश्वजीत के मुताबिक, उदय भान ने बताया कि प्रियंका को काला पीलिया (जॉन्डिस) हो गया था. उदय भान उनका इलाज कराने के साथ-साथ झाड़-फूंक भी करा रहे थे. उन्होंने बताया कि बेटी की मौत के बाद वह घबरा गए और दुखी होकर घर में ताला लगाकर हरिद्वार चले गए. पुलिस के मुताबिक, युवती का शव काफी हद तक कंकाल में बदल चुका था. शुरुआती जांच में हत्या का मामला स्पष्ट नहीं लग रहा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामला साफ होगा. पुलिस अब हर पहलू से जांच कर रही है और पिता से लगातार पूछताछ जारी है.

वीडियो: बिग बंग स्टोरीः जिन्ना की जिद ने कलकत्ते में गिराई हिंदुओं की लाशें?

Advertisement

Advertisement

()