The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • train accident in Maharashtra Jalgaon Pushpak Express Several feared dead

जलगांव में ट्रेन से कूदे यात्रियों को दूसरी ट्रेन ने मारी टक्कर, 11 की मौत हो गई

Jalgaon Train Accident: महाराष्ट्र में जलगांव स्थित परधाड़े रेलवे स्टेशन के पास रेल हादसा हुआ है. यहां पुष्पक एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के बाद कुछ यात्री ट्रेन से कूद गए. उसी वक्त दूसरी तरफ से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आकर 11 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए.

Advertisement
TRAIN ACCIDENT IN MAHARASHTRA JALGAON PUSHPAK EXPRESS 20 DEAD
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में चेन पुलिंग के बाद पटरी पर आए यात्रियों को दूसरी ट्रेन ने मारी टक्कर. (फोटो- X)
pic
प्रशांत सिंह
22 जनवरी 2025 (Updated: 22 जनवरी 2025, 09:07 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

महाराष्ट्र में जलगांव स्थित परधाड़े रेलवे स्टेशन के पास रेल हादसा हुआ है. यहां पुष्पक एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के बाद कुछ यात्री ट्रेन से कूद गए. उसी वक्त दूसरी तरफ से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आकर 11 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए. नासिक के डिविजनल कमिश्नर प्रवीण गेड़म ने ये जानकारी दी है (11 Deaths in Jalgaon train accident).

ANI को घटना की जानकारी देते हुए प्रवीण गेड़म ने बताया, "प्राप्त जानकारी के मुताबिक हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है और पांच घायल हुए हैं. पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. आठ एंबुलेंस और रेलवे की कई रेस्क्यू वैन को घटनास्थल पर भेज दिया गया है. जिला कलेक्टर और DRM हमारे संपर्क में हैं. हर प्रकार की सहायता दी जा रही है."

कैसे हुआ हादसा?

हादसे के वक्त ट्रेन लखनऊ से मुंबई जा रही थी. PTI की रिपोर्ट मुताबिक एक अधिकारी ने जानकारी दी कि महाराष्ट्र के जलगांव जिले में चेन पुलिंग के बाद पटरी पर आए यात्रियों को दूसरी ट्रेन ने टक्कर मार दी. वहीं कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, पुष्पक एक्सप्रेस में सवार कुछ यात्रियों ने ट्रेन के ब्रेक लगने के दौरान चिंगारी देखी और गलती से आग लगने की आशंका जताई. उन्होंने इमरजेंसी चेन खींची और बाहर कूदना शुरू कर दिया. इससे ट्रेन में अफरातफरी मच गई. इसी दौरान कई यात्री दूसरी तरफ से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए.

मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता स्वप्निल नीला ने घटना को लेकर बताया, “लखनऊ से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की तरफ आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस में चेन पुलिंग की गई थी. ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए थे. दूसरी तरफ से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में कई यात्री आ गए. 7-8 यात्रियों को चोट लगने की सूचना सामने आई है. सभी को तुरंत अस्पताल भेज दिया गया है. रेलवे घायलों की मदद कर रही है.”

वहीं रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने ANI को बताया, “...कुछ यात्रियों ने पुष्पक एक्सप्रेस पर अलार्म चेन खींची और ट्रेन से उतर गए. दूसरी तरफ से बेंगलुरु-नई दिल्ली कर्नाटक एक्सप्रेस आ रही थी. हमें इसकी चपेट में आने से कुछ यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली है. कई लोग भुसावल से ट्रेन में चढ़े थे और उनमें से एक ने अलार्म चेन खींची. इसके बाद वे ट्रेन से उतरे. फिर या तो गलत तरीके से ट्रेन पार करने की कोशिश की या फिर पटरियों पर खड़े हो गए. इस वजह से वो ट्रेन की चपेट में आ गए.” 

अधिकारी ने आगे बताया कि भुसावल मंडल रेल प्रबंधक घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं. मेडिकल टीम वहां मौजूद है. स्थानीय प्रशासन भी वहां मौजूद है. रेलवे के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर भी पहुंच गए हैं. अन्य वरिष्ठ डॉक्टरों और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है. दिलीप कुमार के मुताबिक अभी तक मिली जानकारी के अनुसार 8-10 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है.

घटना पर सीएम देवेंद्र फडणवीस का भी बयान आया. उन्होंने कहा, “जलगांव के पास हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. मेरे सहयोगी मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और जिला कलेक्टर कुछ ही देर में वहां पहुंचेंगे. पूरा जिला प्रशासन, रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय में काम कर रहा है और घायलों के इलाज के लिए तत्काल व्यवस्था की जा रही है. 8 एंबुलेंस भेजी गई हैं. सामान्य अस्पताल के साथ-साथ अन्य नजदीकी निजी अस्पतालों को घायलों के इलाज के लिए तैयार रखा गया है. ग्लास कटर, फ्लड लाइट आदि जैसे इमरजेंसी उपकरण भी तैयार रखे गए हैं.” 

सीएम ने बताया कि सरकार पूरी स्थिति पर नजर रख रही है और सभी आवश्यक सहायता तुरंत प्रदान की जा रही है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए पांच-पांख लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है.

(इस खबर को कई बार अपडेट किया गया है.)

वीडियो: Road Accidents में घायल, मदद करने वालों से Nitin Gadkari ने किया ये वादा

Advertisement

Advertisement

()