कैंडी, सॉस, एनर्जी ड्रिंक... ये सब खाते-पीते हैं तो मंडरा रहा है कैंसर का खतरा, ये खबर देख लीजिए
Red Dye No. 3 का इस्तेमाल कुछ कैंडी, फलों से बनने वाले पेय पदार्थ, रंग वाले कोल्ड ड्रिंक्स, केक, प्रोटीन शेक, एनर्जी ड्रिंक, सॉस आदि में किया जाता है. इसके अलावा कुछ दवाओं में भी इसका इस्तेमाल होता है.

खाने-पीने की चीजों में आर्टिफिशियल रंग के लिए इस्तेमाल होने वाली विवादित रेड डाई नंबर 3 (Red Dye 3 Banned) को बैन कर दिया गया है. फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने इस बारे में एक बयान जारी किया है. एजेंसी ने कहा है कि इस सिंथेटिक डाई के इस्तेमाल से कैंसर का जोखिम है. इसलिए खाने की चीजों में इसके इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जा सकती.
रेड डाई नंबर 3, पेट्रोलियम से बना एक सिथेंटिक डाई है. खाने-पीने की चीजों में इसके उपयोग पर लंबे समय से बहस चल रही थी. इसका इस्तेमाल कुछ कैंडी, फलों से बनने वाले पेय पदार्थ, रंग वाले कोल्ड ड्रिंक्स, केक, प्रोटीन शेक, एनर्जी ड्रिंक, सॉस आदि में किया जाता है. Drugs.com के मुताबिक, कुछ दवाओं में भी इसकी मात्रा हो सकती है. जैसे- एसिटामिनोफेन (पेन किलर), फ्लुओक्सेटीन (एंटीडिप्रेसेंट), गैबापेंटिन (एंटीकॉन्वल्सेन्ट), एंडोमेप्राजोल (सीने का जलन).
FDA, अमेरिका स्थित एक संघीय एजेंसी है. ये दवाओं, खाद्य पदार्थों, कॉस्मेटिक्स और चिकित्सा उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है. FDA के ह्यूमन फूड्स विभाग के उपनिदेशक जिम जोन्स ने कहा,
लैब में चूहों पर रेड नंबर 3 के इस्तेमाल से कैंसर के सबूत मिले हैं.
ये भी पढ़ें: गोभी मंचूरियन और कॉटन कैंडी में डल रहा कैंसर देने वाला रंग, इस राज्य में लगा बैन
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में साल 2022 में सेंटर फॉर साइंस इन पब्लिक इंटरेस्ट (CSPI) ने एक याचिका दायर की थी. फूड सेफ्टी एडवोकेसी ग्रुप के प्रेसिडेंट डॉ पीटर लूरी ने बताया,
रेड 3 का इस्तेमाल लिपस्टिक में नहीं किया जा सकता लेकिन कैंडी के रूप में बच्चों को खिलाने के लिए वैध था. आखिरकार इस विरोधाभास को समाप्त किया गया. हालांकि, इस पर तीन दशक पहले ही बैन लगना चाहिए था.
FDA ने कहा है कि जिन खाद्य पदार्थों में इसका इस्तेमाल हुआ है, उनके निर्माताओं के पास 15 जनवरी, 2027 तक का समय है. ऐसे ही इस तरह की दवाओं के निर्माताओं के पास 18 जनवरी, 2028 तक का समय है. इन डेडलाइन तक निर्माताओं को अपने उत्पाद को फिर से तैयार करना है.
वीडियो: चश्मा हटाने का दावा करने वाली दवा पर बैन

.webp?width=60)

