The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • rajya sabha elections on 37 seats in march NDA INDIA seat equation and aftermath

37 सीटों पर चुनाव के बाद कैसे बदलेगा राज्यसभा का सियासी गणित? सबकुछ जानिए

Rajya Sabha Election: अप्रैल में 10 राज्यों की कुल 37 राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं. इनमें सबसे ज्यादा 7 सीटें महाराष्ट्र की हैं.

Advertisement
pic
19 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 12:29 PM IST)
rajya sabha elections on 37 seats in march NDA INDIA seat equation and aftermath
राज्यसभा की 37 सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होंगे. (Photo: File/ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

राज्यसभा की 37 सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होंगे. अप्रैल में खाली होने जा रही इन सभी सीटों पर इलेक्शन कमीशन ने चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. ECI के मुताबिक 37 सीटों पर चुनाव के लिए 26 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से 4 बजे तक होगा और शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी.

चुनाव आयोग के मुताबिक अप्रैल में 10 राज्यों की कुल 37 राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं. इनमें सबसे ज्यादा 7 सीटें महाराष्ट्र की हैं. वहीं तमिलनाडु, बिहार और पश्चिम बंगाल की 5, ओडिशा की 4, असम से 3, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से 2 और हिमाचल प्रदेश की 1 सीट खाली हो रही है. इन सीटों पर मौजूदा सांसदों का कार्यकाल 2 से 9 अप्रैल के बीच पूरा हो रहा है.

जिन सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें महाराष्ट्र से शरद पवार, प्रियंका चतुर्वेदी, रामदास आठवले जैसे प्रमुख नाम हैं. वहीं तमिलनाडु से एम तंबीदुरै, तिरुचि शिवा, कनिमोझी और जीके वासन का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है. पश्चिम बंगाल से साकेत गोखले, ऋतब्रत बनर्जी, असम से रामेश्वर तेली, बिहार से प्रेमचंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह का भी कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ से कवि तेजपाल सिंह तुलसी, हरियाणा से रामचंद्र जांगड़ा और किरण चौधरी और तेलंगाना से सीनियर एडवोकेट कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी का भी कार्यकाल खत्म हो जाएगा.

सियासी समीकरण

चुनाव के बाद राज्यसभा का सियासी समीकरण भी बदल जाएगा. इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार इलेक्शन के बाद सत्ताधारी गठबंधन NDA की सीटें बढ़ने की उम्मीद है. खासकर महाराष्ट्र और बिहार चुनावों में अच्छे प्रदर्शन का फायदा भाजपा और NDA को मिल सकता है. हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन राज्यों में समीकरण साधने के लिए सहयोगी दलों का साथ मिलना बेहद जरूरी है. सूत्रों के अनुसार चुनाव में महाराष्ट्र में शिवसेना-NCP और बिहार में LJP-JDU जैसी पार्टियों की भूमिका बेहद अहम होगी.

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया है कि भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नबीन भी राज्यसभा में जा सकते हैं. 

हालिया विधानसभा चुनावों में खराब प्रदर्शनों के बाद राज्यसभा में विपक्षी INDIA गठबंधन की सीटें कम हो सकती हैं. रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव में INDIA गठबंधन की एकजुटता की भी परीक्षा होगी. कांग्रेस के एक MP का कहना है कि पार्टी के लिए सबसे बड़ी चिंता महाराष्ट्र है, क्योंकि यहां शिवसेना (UBT) और NCP (SP) जैसी पार्टियों का प्रतिनिधित्व कम हो सकता है. वहीं, बंगाल में TMC मजबूत स्थिति में है, जहां 294 सदस्यों वाली विधानसभा में उसके पास 225 विधायक हैं. वहीं तेलंगाना में 64 MLA के साथ कांग्रेस के पास बढ़त है. तमिलनाडु में भी DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास बहुमत है.

यह भी पढ़ें- गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पूरे विवाद पर सरकार का रिएक्शन आया, कहा- ‘ऐसी हरकत... ’

राज्यसभा में मौजूदा स्थिति की बात करें तो फिलहाल 245 सदस्यों वाले सदन में NDA के कुल 133 सांसद हैं. वहीं विपक्षी गुट INDIA के 79 सांसद हैं. पार्टी वार बात करें तो BJP के 103, कांग्रेस के 27, TMC के 12, आम आदमी पार्टी के 10, डीएमके के 10 और बीजेडी के 7 सांसद हैं. इसके अलावा कुछ अन्य पार्टियों के भी सदस्य हैं. देखना होगा कि 37 सीटों पर चुनाव के बाद ऊपरी सदन में क्या स्थिति बनती है. 

वीडियो: राज्यसभा में संजय सिंह ने बीजेपी पर क्या आरोप लगाए?

Advertisement

Advertisement

()