The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • rajasthan thief writes in lipstick after looting house if you keep alcohol keep chips too

चोर नहीं, क्रिटिक निकला! घर लूटकर लिपस्टिक से लिखा, ‘चखना रखते नहीं हो क्या?’

Jaisalmer, Rajasthan: SHO सुरजा राम ने भी चोरी की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि चोर ने कई सामान लूटे. दीवार के साथ-साथ कागजों पर भी कई बातें लिख गया.

Advertisement
rajasthan thief writes in lipstick after looting house if you keep alcohol keep chips too
जैसलमेर में सरकारी सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ के घर में चोरी हुई. (फोटो- आजतक)
pic
प्रशांत सिंह
3 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 07:49 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

कल्पना कीजिए कि किसी के घर पर ताला पड़ा हो. देर रात चोर ताला तोड़े और अंदर घुस जाए. इत्मीनान से चोरी करे. यहां तक तो ठीक है, लेकिन राजस्थान के जैसलमेर में चोरी का एक ऐसा सीन हुआ है कि मामला सुन हंसी भी आएगी और गुस्सा भी. चोर ने सामान वगैरह तो तड़ीपार किया ही, साथ में ऐसे मैसेज लिख दिए कि पढ़कर हंसी नहीं रुकेगी.

जैसलमेर में एक सरकारी सहायक अभियंता हैं. नाम सोहन जांगिड़. उनका IGNP कॉलोनी वाला क्वार्टर रविवार, 1 फरवरी की देर रात सूना पड़ा था. तभी एक चोर ने ताला तोड़ा और अंदर घुस गया. अब तक तो ठीक था, लेकिन चोर ने जो किया, वो लेवल अलग है. घर को पूरी तरह खाली कर दिया.

आजतक से जुड़े विमल भाटिया की रिपोर्ट के अनुसार चोर ने लैपटॉप उड़ा लिया, टीवी समेट लिया, परफ्यूम की बोतलें, शर्ट-जींस, कोट-ब्लेजर, सब कुछ. और शायद उनके घर में रखी महंगी दारू की बोतल भी नहीं छोड़ी! पी भी ली होगी. क्योंकि जाने से पहले चोर ने घर में पड़ी लिपस्टिक उठाई और दीवार पर ऐसे मैसेज लिख दिए कि पढ़कर यही लगेगा.

चोर ने दीवार पर लाल लिपस्टिक से बड़ा-बड़ा लिखा,

“दारू रखते हो तो साथ में आलू चिप्स, चखना भी रखा करो!”  

अरे भाई, शराब तो पी ली, लेकिन चखना नहीं मिला तो इतना गुस्सा? चोर को शायद चोरी के लिए घर में पार्टी का पूरा सेटअप होना चाहिए था. अचंभे की बात ये है कि चोर इतने में ही नहीं रुका, और मैसेज छोड़े. उसने लिखा,

“थाने के चक्कर काटोगे तो वक्त बर्बाद होगा, बिहारी बाबू”

बिहारी बाबू! लगता है चोर अभियंता साहब की कुंडली निकाल कर बैठा था. क्योंकि उसने उन्हें सलाह भी दी. लिख गया,

“रिपोर्ट मत करना, तुम मुझे भूल जाना, मैं तुम्हें भूल जाऊंगा.”

अब चखने की बात लिखी, तो चोर ने खाना खाने की बात भी बताई. उसने ये भी लिखा,

“तुम्हारा अन्न खाया, मजा आया. पहली बार चोरी की है, मजबूरी थी.”

आगे “धन्यवाद” लिख चोर ने पूरी कहानी खत्म की. ये चोरी कम जोमाटो का फीडबैक फॉर्म ज्यादा लग रहा है.

इंजीनियर साहब घर लौटे तो देखा घर खाली, दीवारें पोएट्री से भरी. सिर पकड़ के बैठ गए. कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस आई. फिंगरप्रिंट लिए, और आसपास के CCTV भी चेक करने में जुटी है.

SHO सुरजा राम ने भी चोरी की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि चोर ने कई सामान लूटे. दीवार के साथ-साथ कागजों पर भी कई बातें लिख गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. सूरजा राम ने बताया कि चोर को जल्द ही पकड़ा जाएगा.

अब चोरी मजबूरी थी या जो भी था, ये पता लगाने में पुलिस जुटी है.

वीडियो: राजस्थान के टोंक में बरामद हुए 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट के बारे में पुलिस ने क्या बताया?

Advertisement

Advertisement

()