राहुल मीणा को गेम और सट्टेबाजी का नशा है, पैसा देने वालों से जुड़े तार, ढूंढ रही दिल्ली पुलिस
Delhi IRS Daughter Rape and Murder Case: आरोपी Rahul Meena आसपास के लोगों से पैसे उधार लेकर ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स पर दांव लगाता था. पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है, जिन्होंने उसे पैसे उधार दिए थे. इस केस में कई और नई बातें सामने आई हैं.

दिल्ली की अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या और रेप मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी राहुल मीणा सट्टेबाजी का आदी था और ऑनलाइन गेम '3 पत्ती' खेलता था. इसी लत के चलते वह लगातार कर्ज में डूबता जा रहा था. जांच में पता चला है कि राहुल आसपास के लोगों से पैसे उधार लेकर ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स पर दांव लगाता था. पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है, जिन्होंने उसे पैसे उधार दिए थे, ताकि पूरे नेटवर्क को समझा जा सके.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी राहुल मीणा ने पुलिस को बताया कि अगर पीड़िता उसे पैसे दे देती, तो रेप और हत्या की यह घटना नहीं होती. राहुल ने इस बात पर भी जोर दिया कि IRS अधिकारी के घर जाने का उसका एकमात्र मकसद सिर्फ पैसे हासिल करना था. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने हत्या करने के बाद घर की अलमारी से 2.5 लाख रुपये चुराए थे. इस चोरी की बात आरोपी ने खुद स्वीकार की है.
आजतक से जुड़े अंशुल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि आरोपी ने होटल का किराया भी उसी चोरी के पैसे से चुकाया गया था, जिसमें वह वारदात के पहले और बाद में छुपा हुआ था. पुलिस ने आरोपी राहुल के कब्जे से एक लाख रुपये से अधिक की नकदी और घर से चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए हैं.
IRS अधिकारी ने एक दूसरे अधिकारी की सिफारिश पर उसे काम पर रखा था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन गेम खेलता था और सट्टा लगाता था. इसके लिए वो आस-पड़ोस के हाउस हेल्प से कर्ज लेता था और अधिकारी के साथ भी फर्जीवाड़ा करता था. अधिकारी उसे दवा लाने के लिए पैसे देते थे. लेकिन वो पैसे अपने पास रख लेता था और उनके नाम पर दुकान से उधार दवाई ले आता था. अधिकारी के परिवार को उसकी हरकतों के बारे में पता चल गया. इसलिए उन्होंने उसे नौकरी से निकाल दिया.
इंडियन एक्सप्रेस ने एक केमिस्ट के हवाले से बताया कि राहुल उनसे दवा खरीदता था. लेकिन पैसे नहीं देता था. वो देखने में शांत लगता था और बातें भी अच्छी करता था. इसलिए उसपर लोगों को आसानी से विश्वास हो जाता था और उधार मिल जाता था.
क्या है दिल्ली रेप मर्डर केस?
22 अप्रैल को दिल्ली की अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या कर दी गई. आरोप है कि हत्या से पहले उसके साथ रेप किया गया. पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने हत्या करने के बाद घर की अलमारी से 2.5 लाख रुपये भी चुराए थे. CCTV फुटेज और चश्मदीदों से पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली रेप मर्डर केस: घसीटकर कमरे में लाया, बेहोशी में रेप, ऐसे थे दरिंदगी भरे वो 45 मिनट
आरोपी का नाम राहुल मीणा है, जिसकी उम्र 23 साल है. वो राजस्थान के अलवर का रहने वाला है. पीड़िता इंजीनियरिंग कर चुकी थी और UPSC की तैयारी कर रही थी. उसकी उम्र करीब 22 साल थी. घटना के समय पीड़िता घर में अकेली थी. परिजन जब लौटे तो देखा कि उसके कपड़े फटे हुए और आधे उतरे हुए थे. शव फर्श पर पड़ा था. आरोप है कि मोबाइल के चार्जर केबल से गला कसकर हत्या की गई.
साकेत कोर्ट में पेश किए जाने के बाद राहुल मीणा को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटनाओं के क्रम को फिर से जोड़ने, फोरेंसिक और डिजिटल सबूतों की पुष्टि करने और अपराध के पीछे के पूरे मकसद का पता लगाने के लिए यह हिरासत बेहद जरूरी है.
वीडियो: दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी को मारने वाला राहुल सेक्स एडिक्ट था

