"शादी तुड़वाई अब अंतिम संस्कार करो" 72 घंटे से कथित प्रेमी के घर रखा है महिला का शव
Muzaffarpur केे SP विधा सागर ग्रामीणों को समझाने में जुटे हैं ताकि शव का अंतिम संस्कार किया जा सके. लेकिन गांववाले मृतक महिला के कथित प्रेमी के द्वारा ही उसका अंतिम संस्कार कराए जाने की जिद पर अड़े हैं.

बिहार के मुजफ्फरपुर (Bihar Muzaffarpur) जिले में एक शादीशुदा महिला की फंदे से लटकती लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया है. महिला की लाश को ग्रामीणों ने उसके कथित प्रेमी के घर पर रख दिया. 72 घंटे से महिला की लाश वहीं पड़ी है, लेकिन ग्रामीण अंतिम संस्कार से इनकार कर रहे हैं. उनकी मांग है कि महिला का कथित प्रेमी ही शव का अंतिम संस्कार करे और उसकी गिरफ्तारी हो. दूसरी तरफ, घटना के बाद से ही कथित प्रेमी और उसके परिजन फरार हैं.
9 मार्च की सुबह, मुजफ्फरपुर जिले के हत्था थाना क्षेत्र के मल्लाह टोला में मनीषा कुमारी का शव फंदे से लटका मिला था. मृतका अपनी 7 साल की बेटी के साथ मायके में रह रही थीं. उनकी बेटी ने ही ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और महिला के एक दूर के रिश्तेदार को सौंप दिया.
ग्रामीणों ने बताया कि मनीषा अपने पति से अलग रह रही थीं. उनके पति से कोर्ट में मुकदमा चल रहा था. ग्रामीणों के मुताबिक, समस्तीपुर के गंगोरा गांव के बाबुल राय के साथ मनीषा का कथित तौर पर अफेयर था, जिसके चलते उनकी शादी टूटी.
पोस्टमार्टम के बाद, 9 मार्च को रात 8 बजे, ग्रामीण और मनीषा के रिश्तेदार शव को लेकर बाबुल राय के घर पहुंचे और उसे दरवाजे पर रख दिया. उनका कहना है कि बाबुल ही मनीषा की मौत का जिम्मेदार है, इसलिए वही अंतिम संस्कार करे. बाबुल अपने परिवार सहित घर से फरार हो गया है, और शव पिछले तीन दिनों से वहीं पड़ा है. मृतका के परिवारवाले बेंगलुरु में रहते हैं और अभी गांव नहीं पहुंचे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि परिजनों के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी.
ये भी पढ़ें - 'दुल्हन के प्रेमी ने तोड़ डाली दूल्हे की कार', वीडियो का खेल कर 'नया रिकॉर्ड' भी बना डाला
पुलिस प्रशासन घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने में जुटा है कि वे शव का अंतिम संस्कार कर दें और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर भरोसा जताएं. लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हैं. उनकी ज़िद है कि बाबुल ही अंतिम संस्कार करे. मुजफ्फरपुर SP विधा सागर के नेतृत्व में बाबुल राय की गिरफ्तारी के लिए एक स्पेशल टीम गठित की गई है.
वीडियो: पड़ताल: दूल्हा देखता रहा और प्रेमी ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भर दिया, क्या है वायरल वीडियो का सच?

.webp?width=60)

