'गर्लफ्रेंड ने अपनी शादी की बात छिपाई' वीडियो बना UP के शख्स ने मंगलुरु में आत्महत्या कर ली
Man dies by suicide in Mangaluru: ये कदम उठाने से पहले अभिषेक ने 20 मिनट का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था. इसमें उसने अपनी मौत के लिए महिला को ज़िम्मेदार ठहराया. वीडियो में अभिषेक ने 'CISF की असिस्टेंट कमांडेंट' पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
.webp?width=210)
उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने कर्नाटक के मंगलुरु में आत्महत्या कर ली (UP Man dies by suicide in Mangaluru). मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाकर दावा किया कि एक महिला ने उसे धोखा दिया और उसका शोषण किया. अभिषेक के मुताबिक़, महिला CISF की अधिकारी है और उसकी गर्लफ्रेंड थी. उसने ये भी आरोप लगाया कि महिला ने अपनी शादी की बात उससे छिपाई.
मृतक की पहचान ग़ाज़ीपुर के रहने वाले अभिषेक सिंह के रूप में हुई है. उम्र 40 साल. वो चेन्नई की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था. 1 मार्च को वो अपने कलिग्स के साथ एक प्रदर्शनी में भाग लेने मंगलुरु गया था. मंगलुरु में ही राव एंड राव सर्किल के पास एक लॉज में उसे मृत पाया गया.
इंडिया टुडे से जुड़े सगाय राज की ख़बर के मुताबिक़, ये कदम उठाने से पहले अभिषेक ने 20 मिनट का एक वीडियो रिकॉर्ड किया. इसमें उसने अपनी मौत के लिए महिला को ज़िम्मेदार ठहराया. वीडियो में अभिषेक ने ‘CISF की असिस्टेंट कमांडेंट’ पर उसे गुमराह करने का आरोप लगाया.
NDTV की ख़बर के मुताबिक़, मरने से पहले वीडियो बनाकर अभिषेक ने आरोप लगाया कि महिला ने अपनी मैरिटल स्टेटस को छिपाया और उसके साथ रिलेशनशिप में आ गई. महिला ने कथित तौर पर इमोशनली, फिजिकली और फाइनेंशियली उसका फायदा उठाया. उससे 8 लाख रुपये का सोना ‘हड़प लिया’. अभिषेक ने दावा किया कि महिला के कई लोगों के साथ ऐसे ही रिश्ते थे.
वीडियो में अभिषेक ने आगे आरोप लगाया,
महिला ने मुझसे पैसे की मांग की और मना करने पर मेरी कंपनी को ख़बर देने की धमकी दी. उसने मुझे ऐसी स्थिति में डाल दिया है कि अब मेरी ज़िंदगी मुश्किल में है.
ये भी पढ़ें - पत्नी की आत्महत्या के दोषी पति को HC ने बेल क्यों दे दी?
इसे लेकर अभिषेक के भाई ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. इसमें उसने आरोप लगाया कि महिला के बारे में सच्चाई जानने के बाद अभिषेक सदमे में आ गया. पुलिस ने एक बयान में कहा,
शिकायत के मुताबिक़, अभिषेक सिंह, उक्त महिला के साथ रिश्ते में था. 1 मार्च को सुबह क़रीब 11.30 बजे अभिषेक ने अपने भाई को फोन किया. इस दौरान उसने बताया कि महिला ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया है. महिला ने उसे बताया कि वो पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है.
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया कि महिला ने अभिषेक से लगभग 10-15 लाख रुपये लिए थे. स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है. अभिषेक की मौत की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है. घटना के संबंध में पांडेश्वर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल जांच चल रही है.
(अगर आप या आपके किसी परिचित को खुद को नुकसान पहुंचाने वाले विचार आ रहे हैं तो आप इस लिंक में दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर सकते हैं. यहां आपको उचित सहायता मिलेगी. मानसिक रूप से अस्वस्थ महसूस होने पर डॉक्टर के पास जाना उतना ही ज़रूरी है जितना शारीरिक बीमारी का इलाज कराना. खुद को नुकसान पहुंचाना किसी भी समस्या का समाधान नहीं है.)
वीडियो: MP में कारोबारी और उनकी पत्नी ने आत्महत्या की, ED और BJP पर लगाए उत्पीड़न के आरोप; राहुल गांधी से बच्चों की देखभाल की मांग

.webp?width=60)

