The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Kerala Dalit Girl Gangrape case 42 people arrested 29 FIRs registered

दलित युवती गैंगरेप-यौन शोषण केस: 42 लोग गिरफ्तार, पड़ोसी, ट्रेनर, साथी, क्लासमेट तक आरोपी

Kerala Dalit Girl Gangrape: इस केस में केरल के चार पुलिस स्टेशनों में कुल 29 FIR दर्ज हो चुकी हैं. इन पर कार्रवाई करते हुए 42 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे और गिरफ्तारियां होंगी. पुलिस ने बताया है कि आरोपियों में कम से कम चार नाबालिग भी शामिल हैं.

Advertisement
Pathanamthitta Teen Athlete Case
डिस्ट्रक लेवल प्लेयर के साथ बीते पांच साल में 64 लोगों ने किया यौन शोषण (तस्वीर: AI जेेनेरेटेड)
pic
सौरभ शर्मा
13 जनवरी 2025 (पब्लिश्ड: 08:41 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

केरल के पतनमतिट्टा जिले में दलित युवती के 'गैंगरेप, यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग' के आरोप में अब तक 42 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 18 साल की पीड़िता डिस्ट्रिक्ट लेवल की एथलीट है. उसने बीते दिनों आरोप लगाए थे कि पिछले 5 सालों में अलग-अलग जगहों पर ‘64’ लोगों ने उसका यौन शोषण किया है. पुलिस इस मामले में कई FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है.

कैसे हुए खुलासे?

इंडिया टुडे से जुड़ीं शिबिमो की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले का पता सबसे पहले एक NGO ने लगाया. ‘महिला सामाक्या’ नाम का ये गैर सरकारी संगठन, दिसंबर के दूसरे सप्ताह अपनी फील्ड विजिट पर निकला था. उसी दौरान NGO के लोगों की मुलाकात जिला स्तर की एथलीट से हुई. उसने जो बताया, वो सुनकर NGO के लोग दंग रह गए. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना जिले की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) को दी.

सूचना मिलते ही CWC ने लड़की की काउंसलिंग शुरू कराई. कमेटी के अध्यक्ष एन राजीव ने बताया कि पीड़िता की मां की मौजूदगी में काउंसलिंग कराई गई. इस दौरान एक मनोवैज्ञानिक ने पीड़िता से बात की और उसकी आपबीती को जाना. पीड़िता ने दावा किया कि जब वह महज 13 साल की थी तब पहली बार उसके पड़ोसी ने उसका यौन शोषण किया था.

पुलिस ने बनाई टीम और गिरफ्तारियां

इंडिया टुडे की रिपोर्ट से मिले इनपुट के मुताबित लड़की के बयानों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विस्तृत जांच के लिए स्पेशल टीम बनाई. इसमें कुल 25 पुलिस अधिकारी शामिल हैं. पीड़िता के बयानों के आधार पर पहले 7 मामले दर्ज किए गए, 17 लोगों की गिरफ्तारी हुई और 4 नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया. बाद में पतनमतिट्टा के दो अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में 10 और FIR दर्ज की गईं. माने कुल 17 मामले. 

अब दी हिंदू ने बताया है कि इस केस में केरल के चार पुलिस स्टेशनों में कुल 29 FIR दर्ज हो चुकी हैं. इन पर कार्रवाई करते हुए 42 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे और गिरफ्तारियां होंगी. पुलिस ने बताया है कि आरोपियों में कम से कम चार नाबालिग भी शामिल हैं. इंडिया टुडे के मुताबिक 14 लोगों को दो हफ्तों की रिमांड पर भेजा गया है.

पुलिस की जांच में क्या खुलासे हुए?

मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों के हवाले से कई बातें सामने आई हैं. रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीते साल एक युवक लड़की को बहाने से रन्नी के एक रबर बागान में ले गया था. वहां कथित तौर पर चार लोगों ने मिलकर उसके साथ बलात्कार किया. उस वक्त पीड़िता 12वीं कक्षा में थी.

इसे भी पढ़ें- स्कूल टीचर को कई दिनों तक रखा डिजिटल अरेस्ट, जब पैसे दे-देकर परेशान हो गईं, अपनी जान दे दी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान भी पीड़िता के साथ यौन शोषण हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता के यौन शोषण में उसके ट्रेनर, साथी प्लेयर और क्लासमेट तक शामिल थे. पुलिस की जांच में पता चला है कि कई आरोपी पतनमतिट्टा के एक निजी बस स्टैंड पर लड़की से मिले थे. उसे वाहनों के जरिये अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया.

ब्लैकमेल की घटना

इंडियन एक्सप्रेस ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि शनिवार, 11 जनवरी के दिन गिरफ्तार एक आरोपी ने पीड़िता को कथित तौर पर ब्लैकमेल किया था. आरोपी ने उसका शोषण करते वक्त एक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था. उस वक्त पीड़िता की उम्र 13 साल थी. इसी वीडियो के आधार पर आरोपी उसे ब्लैकमेल करता. इसके अलावा उसके कई दोस्तों ने भी कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया.

पुलिस ने बताया कि जनवरी, 2024 में पतनमतिट्टा जिला अस्पताल (Government General Hospital) में पीड़िता के साथ चार लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया. एक अन्य घटना में, दो आरोपियों ने उसे उसके घर के पास छोड़ने से पहले एक बंद दुकान के परिसर में उसका यौन उत्पीड़न किया.

इंडियन एक्सप्रेस की एक अन्य रिपोर्ट में पीड़िता के परिवार को जानने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कुछ लोग पीड़िता के गांव से भी हैं. पीड़िता के पिता को इस बात की भनक तक नहीं थी कि उनकी बेटी के साथ क्या हो रहा है.

मामला सामने आने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने पीड़िता की सुरक्षा के लिए उसे शेल्टर होम भेज दिया है. आने वाले समय में पतनमतिट्टा पुलिस स्टेशन में और भी मामले दर्ज होने की संभावना है. दी हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक अभी कम से कम 14 और गिरफ्तारियां होनी हैं.

वीडियो: राजस्थान में दलित लड़के को हाथ-पैर बांधकर पीटा, फिर पेड़ से उल्टा लटकाया, 6 गिरफ्तार

Advertisement

Advertisement

()