IPL 2026 देखने को तड़प रहे 'माननीय', कम टिकट पर विधायकों ने सदन में हंगामा काट दिया
ताजा अपडेट है कि एसोसिएशन ने इस मांग को आंशिक रूप से पूरा कर दिया है. उसने पहले मैच के लिए विधायकों को दो-दो टिकट और आगे के मैचों के लिए तीन-तीन VIP टिकट देने का इंतजाम कर दिया है.

IPL 2026 के मैचों के टिकट को लेकर कर्नाटक विधानसभा में हंगामा मच गया. कई विधायकों ने IPL मैच के लिए कम से कम 4 VIP टिकट की मांग की है. कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष यू.टी. खादर ने उनकी मांग को जायज ठहराते हुए कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन को निर्देश दिया है कि वो विधायकों को टिकट मुहैया कराए. ताजा अपडेट है कि एसोसिएशन ने इस मांग को आंशिक रूप से पूरा कर दिया है. उसने पहले मैच के लिए विधायकों को दो-दो टिकट और आगे के मैचों के लिए तीन-तीन VIP टिकट देने का इंतजाम कर दिया है.
विधायकों की यह मांग ऐसे समय में आई, जब सदन के विधायकों ने उन्हें मैच के दौरान होने वाली समस्याओं की शिकायत की. द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, विधानसभा में यह मुद्दा सबसे पहले नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने उठाया था. उन्होंने मैच के दौरान विधायकों को होने वाली समस्याओं पर बात रखी. अशोक ने कहा कि सरकार ने स्टेडियम के लिए 16.32 एकड़ जमीन लीज पर दी है. वो भी बहुत कम कीमत पर. बावजूद इसके विधायकों को एक टिकट लेने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है.
नेता प्रतिपक्ष ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) पर भी आरोप लगाए. कहा,
"वे हमसे टिकटों के लिए भीख मंगवाते हैं. जब हमें टिकट मिलते भी हैं, तो उनकी कीमत 20 हजार तक होती है."
आर अशोक ने ये भी कहा कि KSCA टिकट बिक्री से अच्छा-खासा रेवेन्यू जनरेट कर रहा है. उन्होंने KSCA के लाइसेंस पर भी सवाल खड़ा कर दिया. और कहा कि कुछ कड़े और जरूरी नियमों के साथ इन समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है.
आर. अशोक के समर्थन में कांग्रेस पार्टी के नेता विजयानंद कशप्पनवर भी सामने आए. कशप्पनवर ने मांग की कि सभी विधायकों को कम से कम 5 टिकट तो मिलने ही चाहिए. वहीं, मैच के दौरान उनके बैठने के लिए अच्छा इंतजाम किया जाए. और साथ में एक विशेष लाउंज की मांग कर दी. जो खासतौर पर विधायकों के लिए हो.
कुछ विधायकों ने यह भी समस्या बताई कि मैच के दौरान कई दफा उन्हें आम लोगों के बीच में भी बैठने के लिए बोला जाता है. इस पर भारतीय जनता पार्टी के नेता अभय पाटिल का भी रिएक्शन सामने आया. उन्होंने टिकटों की कथित कालाबाजारी की जांच की मांग की. साथ ही दावा किया कि इस समस्या की वजह से विधायक भी टिकट नहीं खरीद पा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव की 'सेहत' देखेंगे डॉक्टर? EC ने 48 सीनियर फैकल्टी को ड्यूटी पर लगाया
बता दें कि 28 मार्च को IPL 2026 का पहला मैच खेला जाएग. मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आमने-सामने होंगी.
वीडियो: क्या ईरान अमेरिका को 10 टैंकर तेल भिजवा रहा है? ट्रंप का दावा

.webp?width=60)
