14 साल के लड़के ने टेलर को पीट-पीटकर मार दिया, कपड़े समय पर नहीं सिले थे
Jaipur में समय पर कपड़े सिलकर नहीं देने पर नाबालिग ने बुजुर्ग टेलर की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने नाबालिग को डिटेन कर लिया है. क्या हुआ था? टेलर के बेटे ने बताया है.

राजस्थान के जयपुर में एक नाबालिग ने कथित तौर पर एक टेलर की हत्या कर दी. आरोप है कि समय पर कपड़े सिलकर नहीं देने के चलते उसने ऐसा किया. 14 साल के आरोपी लड़के ने बुजुर्ग टेलर को डंडे से इतनी बुरी तरह पीटा कि उनका मुंह कुचल दिया. घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य दुकानदारों ने लड़के को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना शुक्रवार, 31 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे हुई. जयपुर के चौमूं पक्का बंधा चौराहे पर देव हॉस्पिटल के पास टेलर सूरजमल प्रजापति (60) की दुकान है. शुक्रवार सुबह वो दुकान पर कपड़े सिल रहे थे, तभी नाबालिग आरोपी लड़का वहां आया और उसने अपने सिलने के लिए दिए हुए कपड़े मांगे. रिपोर्ट के मुताबिक सूरजमल ने कहा कि अभी कपड़े नहीं सिले हैं, ये बात सुनकर लड़का भड़क गया.
आरोप है कि इसके बाद उसने सूरजमल पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग टेलर लहूलुहान हो गए. आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आरोपी लड़के को पकड़ लिया. घटना की सूचना सूरजमल के बेटे रतन को दी गई. रतन ने आजतक को बताया कि पिता के सिर पर डंडे से हमला करने की जानकारी मिलते ही वो दुकान पर पहुंचे और खून से लथपथ पिता को अस्पताल लेकर भागे. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें देखा और मृत घोषित कर दिया.
सूरजमल के दूसरे बेटे अशोक ने बताया कि आरोपी नाबालिग लड़के ने उनके पिता को 4-5 दिन पहले अपने कपड़े सिलने को दिए थे. आज सुबह जब वह कपड़े लेने आया तो उनके पिता ने उससे दोपहर बाद आने को कहा. ये बात सुनकर आरोपी लड़के को गुस्सा आ गया और उसने दुकान के बाहर रखे डंडे से उनके पिता पर हमला कर दिया.
पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी नाबालिग युवक को मौके से हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस ने टेलर सूरजमल के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है. इस मामले की जांच जारी है.
वीडियो: जयपुर में 10 रुपये के टिकट के लिए कंडक्टर ने रिटायर्ड IAS को पीटा, वायरल वीडियो पर क्या एक्शन हुआ?

.webp?width=60)

