The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Family Of Indian Student Killed By US Officer Gets Rs 260 Crore Settlement

जाह्नवी कंडुला की फैमिली को मिलेंगे 262 करोड़ रुपये, अमेरिकी पुलिस अफसर की गाड़ी से हुई थी मौत

अमेरिका के सिएटल शहर में जिस वक्त जाह्नवी सड़क पार कर रही थीं, तभी पुलिस की गाड़ी ने उन्हें जोर से टक्कर मार दी. उनकी मौके पर ही मौत हो गई. जाह्नवी के परिवार ने शहर प्रशासन के खिलाफ मुकदमा किया था.

Advertisement
pic
12 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 12 फ़रवरी 2026, 03:46 PM IST)
Family Of Indian Student Killed By US Officer Gets Rs 260 Crore Settlement
जिस वक्त जाह्नवी सड़क पार कर रही थीं, तभी पुलिस की गाड़ी ने उन्हें जोर से टक्कर मार दी. (फोटो- X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अमेरिका के सिएटल शहर में भारतीय स्टूडेंट जाह्नवी कंडुला की मौत के मामले में उनके परिवार को बड़ी कानूनी जीत मिली है. सिएटल प्रशासन ने उनके परिवार को 29 मिलियन डॉलर (लगभग 262 करोड़ रुपये) देने का ऐलान किया है. ये मामला साल 2023 में हुए एक एक्सीडेंट से जुड़ा है.

स्पीड लिमिट से ज्यादा थी

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक 23 साल की जाह्नवी कंडुला (Jaahnavi Kandula) नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी के सिएटल कैंपस से मास्टर्स इन इंफॉर्मेशन सिस्टम्स की पढ़ाई कर रही थीं. जनवरी 2023 में एक दिन वो सड़क पार कर रही थीं. उस दिन केविन डेव (Kevin Dave) नाम का एक पुलिस अधिकारी अपनी तेज रफ्तार कार से जा रहा था. वो एक ड्रग ओवरडोज के केस के लिए जा रहा था, इसलिए इमरजेंसी लाइट्स और सायरन चालू था. लेकिन वो 25 माइल प्रति घंटा की स्पीड लिमिट वाली जगह पर 74 माइल प्रति घंटा (लगभग 119 किलोमीटर प्रति घंटा) की स्पीड से गाड़ी चला रहा था.

जिस वक्त जाह्नवी सड़क पार कर रही थीं, तभी पुलिस की गाड़ी ने उन्हें जोर से टक्कर मार दी. उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

मौत का मजाक उड़ाया

इस घटना के बाद लोगों ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किए. भारत के अधिकारियों ने भी जांच की मांग की. बाद में एक और पुलिस अधिकारी डैनियल ऑडरर (Daniel Auderer) के बॉडी कैमरे की रिकॉर्डिंग सामने आई. उसमें वो हंसते हुए कह रहा था कि जाह्नवी की जिंदगी की ‘वैल्यू कम’ है और उनके परिवार को बस ‘एक चेक लिख देना चाहिए’.

ये बात सुनकर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया. लोगों ने कहा कि पुलिस वाले स्टूडेंट की मौत पर मजाक कर रहे हैं. इसके बाद जांच बैठी. अधिकारी केविन डेव को नौकरी से निकाल दिया गया. उस पर लापरवाही से गाड़ी चलाने के लिए सिर्फ 5,000 डॉलर (लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये) का जुर्माना हुआ. गंभीर अपराध के लिए मुकदमा नहीं चला, क्योंकि अदालत ने कहा कि जानबूझकर खतरा पैदा करने का सबूत नहीं मिला. दूसरे अधिकारी डैनियल को भी नौकरी से निकाला गया.

परिवार ने 110 मिलियन डॉलर मांगे थे

जाह्नवी के परिवार ने शहर के प्रशासन के खिलाफ मुकदमा किया था. उन्होंने 110 मिलियन डॉलर मांगे थे. अब शहर ने परिवार के साथ 29 मिलियन डॉलर (लगभग 262 करोड़ रुपये) का समझौता किया है.

ये समझौता फरवरी 2026 में हुआ. शहर की तरफ से सिटी अटॉर्नी ने कहा कि जाह्नवी की मौत बहुत दुखद थी. उन्होंने उम्मीद जताई कि ये आर्थिक समझौता उनके परिवार को कुछ हद तक न्याय और संतोष दे सकेगा. इस रकम में से ज्यादातर हिस्सा शहर की इंश्योरेंस कंपनी देगी. मामले पर परिवार के वकीलों ने अभी कोई कॉमेंट नहीं किया है.

वीडियो: अमेरिका में एक्सीडेंट के बाद से कोमा में है बेटी, वीजा के लिए चक्कर काट रहा पिता, अब क्या हुआ?

Advertisement

Advertisement

()