सालों बाद घर लौटे चाचा ने मजाक में कहा 'चोर हूं', भतीजे ने ईंट मार दी, मौत हो गई
Deoria News: देवरिया में एक ट्रक ड्राइवर की उसके भतीजे ने सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी. चाचा ने मजाक में कह दिया कि वो चोर हैं. इसी बात को सुनकर भतीजे ने ईंट फेंककर मार दी. इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई? सब पता लगा है.

उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक भतीजे ने अपने चाचा को चोर समझ लिया. उन्हें भगाने के लिए ईंट फेंककर मार दी. इससे चाचा की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर देवरिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है. लेकिन सवाल ये कि इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई? सब पता लगा है.
आजतक से जुड़े राम प्रताप सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना देवरिया जिले रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के हरपुर गांव की है. गुरुवार, 5 दिसंबर को देर रात 30 साल के कल्लू निषाद को अपने घर का दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनाई दी. देर रात थी तो कल्लू ने कुछ देर तक उस व्यक्ति को छत से देखा. और पूछा कि कौन दरवाजा खटखटा रहा है? इसके बाद कल्लू ने उस व्यक्ति को चोर समझकर उसके ईंट फेंककर मार दी, इससे उस व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.
इसके बाद जब मृतक के पास जाकर लोगों ने देखा तो वो कल्लू के ही 48 साल के चाचा हरेंद्र निषाद निकले. बताया जाता है कि हरेंद्र पेशे से ट्रक ड्राइवर थे और कई सालों बाद अपने घर लौटे थे. घटना की खबर फैलते ही देवरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. आरोपी युवक कल्लू निषाद को फिलहाल पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है.
बताया जाता है कि हरेंद्र निषाद अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे. उनकी चार लड़कियां और एक लड़का है. इस घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है.
पुलिस ने बताया इतनी बड़ी घटना कैसे घट गईइस घटना की जानकारी देवरिया के सीओ सिटी संजीव रेड्डी ने मीडिया को दी है. उन्होंने बताया,
‘हरेंद्र निषाद ट्रक चलाने का काम करते थे और परिवार समेत गुजरात के अहमदाबाद में रहते थे. गुरुवार, 05 दिसंबर को वह ट्रक से माल लेकर कुशीनगर आए थे. इस दौरान उन्होंने सोचा कि गांव चलकर लोगों से मिल लेते हैं और सुबह लौट जाएंगे. जब यह अपने रिश्ते में लगने वाले भतीजे कल्लू निषाद के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया तो हरेंद्र निषाद ने हंसी मजाक में कह दिया की वो एक चोर हैं. जिससे कल्लू डर गया और तुरंत मकान की छत पर गया. उसने वहां से ईंट चला दी, जो सीधे मृतक के सिर में जा लगी. ईंट लगने से हरेंद्र निषाद की मौके पर ही मौत हो गई.’
ये भी पढ़ें:- वाराणसी के कालभैरव मंदिर में महिला ने काटा था बर्थडे केक, अब कोई भी नहीं काट पाएगा
सीओ सिटी के मुताबिक आरोपी कल्लू निषाद के खिलाफ थाना रामपुर कारखाना में हत्या के तहत FIR दर्ज कर ली गई है. और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
वीडियो: देवरिया में बेटों ने संपत्ति के पिता को मारा? मामला खुलने पर SDM ने क्या किया?

