पिस्टल लोड की और सीने पर रखकर चला दी... दोस्त बनाता रह गया वीडियो, शख्स की जान चली गई
Delhi man shot himself: दिल्ली के न्यू अशोक नगर का मामला है. गोली चलने से पवन की मौके पर ही मौत हो गई. वीडियो बना रहे दोस्त को पता नहीं था कि ऐसा कुछ हो जाएगा.

दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में रहने वाले 28 साल के पवन ने अपनी जान ले ली. एक वीडियो रिकॉर्ड करते समय उन्होंने पिस्टल का ट्रिगर दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वीडियो बना रहे शख्स को पता नहीं था कि ऐसा कुछ हो जाएगा. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि पवन के हाथ में पिस्टल है. वो पिस्टल में मैगज़ीन (जिसमें गोलियां लोड होती हैं) भरने की कोशिश करते हैं. इसी दौरान वीडियो बना रहा शख्स उन्हें गाइड करता है. फिर हंसते हुए पवन पिस्टल को सीने पर लगाते हैं. इस बीच दोनों की बात भी होती है.
ये घटना पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा गांव की है. ये न्यू अशोक नगर इलाके के पास है. इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक़, वीडियो बना रहा शख्स पवन को गोली चलाने से मना करता है. वो कहता है -'चला मत देना भाई.' लेकिन तब तक पवन ट्रिगर दबा चुका होता है. गोली उसके सीने में जा लगती है और वो ज़मीन पर गिर जाता है. दूसरा लड़का शॉक में चला जाता है. उसके मुंह से सिर्फ इतना निकलता है- 'भाई क्या कर लिया तूने?'
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में कैंसर पीड़ित शख्स ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की, अपनी भी जान ली
इसके बाद दूसरा लड़का पवन को तुरंत वसुंधरा एन्क्लेव के धर्मशीला अस्पताल ले गया. अस्पताल पहुंचते ही पवन को मृत घोषित कर दिया गया. फिर अस्पताल ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची, वहां उन्हें पवन का शव बरामद हुआ. जिसके बाद न्यू अशोक नगर थाने में केस दर्ज किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक़, गोली सीने के दाहिने ओर लगी है. जिस पिस्टल से गोली चली वो वीडियो बना रहे लड़के की है और उसका लाइसेंस है.
वीडियो: दिल्ली में तरुण की मौत पर शिखर धवन ने किया पोस्ट, सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा?

