The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • delhi high court lawyer canteen without food after lpg shortage

'गैस सिलेंडर नहीं है, खाना नहीं मिल पाएगा', ईरान की जंग का असर दिल्ली हाईकोर्ट की कैंटीन में दिखा

LPG Shortage Amid Iran War: दिल्ली हाई कोर्ट की लॉयर कैंटीन के एक पत्र में बताया गया कि जब कैंटीन में गैस सिलेंडर उपलब्ध होगा तब खाना सर्व किया जाएगा. तब तक के लिए ड्राई आइटम्स जैसे सैंडविच, सलाद, फ्रूट चाट जैसी चीज़ें ही सर्व की जाएंगी.

Advertisement
pic
11 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 02:36 PM IST)
delhi high court canteen
दिल्ली हाई कोर्ट में वकीलों को खाने की जगह लेटर सर्व हुआ. (फोटो-ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध का असर अब भारत में खाने की थाली पर भी दिखने लगा है. ऑयल और गैस के बढ़ते दाम और सप्लाई बाधित होने की वजह से कई देशों में गैस की किल्लत हो गई है. इसी किल्लत का एक नमूना आज दिल्ली हाई कोर्ट के लॉयर कैंटीन में देखा गया. जब वकीलों को खाने की जगह एक चिट्ठी परोसी गई. एक चिट्ठी जिसमें खाना न दे पाने की माफ़ी के साथ-साथ एक गुहार भी है. 

बीते दिनों, इंडिया होटल एसोसिएशन ने भी पेट्रोलियम मंत्री को LPG की किल्लत को लेकर एक पत्र लिखा था. उसमें लिखा कि अगर गैस की किल्लत बनी रही तो रेस्टोरेंट और होटल बंद करने पड़ जाएंगे. लॉयर कैंटीन में ये हो भी गया. संदीप शर्मा ने लॉयर कैंटीन की तरफ से पत्र में लिखा,

‘सभी को सूचित किया जाता है कि इस वक़्त कैंटीन में LPG गैस सिलेंडर नहीं है. जिसकी वजह से खाना नहीं पका और आप लोगों को मेन कोर्स मील सर्व नहीं कर पाए. हम इसके लिए आपसे माफ़ी मांगते हैं और सहयोग की उम्मीद करते हैं.’

LETTER
लॉयर कैंटीन की ओर से चिट्ठी.  

संदीप शर्मा ने पत्र में आगे बताया कि LPG की कमी कब पूरी होगी इसकी कोई जानकारी नहीं है. जैसे ही गैस सिलेंडर उपलब्ध होगा खाना सर्व किया जाएगा. तब तक के लिए ड्राई आइटम्स जैसे सैंडविच, सलाद, फ्रूट चाट जैसी चीज़ें सर्व की जाएंगी. इसी तरह के कुछ और रिफ्रेशमेंट भी कैंटीन में उपलब्ध हैं. 

सोशल मीडिया पर भी ये लेटर तेज़ी से सर्कुलेट हुआ. कुछ वकीलों ने इस लेटर को पोस्ट किया और अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच चल रही जंग को इसका ज़िम्मेदार ठहराया. 

ये भी पढ़ें: 'यही हाल रहा तो रेस्टोरेंट बंद... ', LPG की किल्लत से होटल मालिक परेशान

बता दें कि देशभर में LPG गैस सिलेंडर की शॉर्टेज चल रही है. इसके चलते कमर्शियल गैस की सप्लाई बाधित हो गई है, वहीं घेरलू गैस सिलेंडर की सप्लाई की अवधि बढ़ा दी गई है. कुछ होटल के मालिकों ने बढ़ते दामों पर भी चिंता जताई है. इनके मुताबिक पहले जो कमर्शियल सिलेंडर 1750 रुपये का मिलता था, वो अब 1950 रुपये का मिल रहा है.  

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: क्या देश में गैस सिलेंडर मिलना मुश्किल होने वाला है?

Advertisement

Advertisement

()