The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • price hikes in commercial cylinder mumbai bengaluru hotel shutdown

'यही हाल रहा तो रेस्टोरेंट बंद... ', LPG की किल्लत से होटल मालिक परेशान

LPG Cylinder Crisis: इंडिया होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री को पत्र लिखा कि कमर्शियल गैस की सप्लाई रुकने और डिलीवरी में देरी से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. अगर ऐसा चलता रहा तो अगले दो दिनों में सारे होटल बंद करने पड़ जाएंगे. वहीं केंद्र सरकार ने इस पर जवाब दिया है.

Advertisement
pic
10 मार्च 2026 (अपडेटेड: 10 मार्च 2026, 10:48 AM IST)
gas supply shortage casues panic in mumbai bangalore
कमर्शियल गैस की सप्लाई में रुकावट की वजह से होटल बंद हो सकते हैं? (फोटो- सांकेतिक/ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पश्चिमी एशिया में चल रहे अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच युद्ध का असर अब भारत में दिखने लगा है. महाराष्ट्र और कर्नाटक ने चेताया है कि अगर LPG की सप्लाई समय पर नहीं हुई तो सभी रेस्टोरेंट बंद करने की नौबत आ सकती है. होटल एसोसिएशन ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री को पत्र लिखा कि कमर्शियल गैस की सप्लाई रुकने और डिलीवरी में देरी से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. इसपर मंत्रालय की ओर से प्रतिक्रिया भी आई है. 

इंडिया होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय शेट्टी ने बताया कि बीते कुछ दिनों से कमर्शियल गैस की सप्लाई में कमी देखी जा रही है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा,

अगर यही हाल रहा तो अगले दो दिनों में मुंबई के सभी रेस्टोरेंट बंद करने पड़ सकते हैं. आज 10 से 20 फीसदी रेस्टोरेंट को ये दिक्कत झेलनी पड़ रही है. कल ये बढ़कर 60 फीसदी हो जाएगा और फिर 100.

उन्होंने पोस्ट में बताया कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर अपनी चिंता ज़ाहिर की है. महाराष्ट्र के सिविल सप्लाई मंत्री छगन भुजबल से भी लगातार संपर्क में बने हुए हैं. कुछ रेस्टोरेंट ओनर ने बताया कि कमर्शियल गैस की कमी के साथ-साथ डिलीवरी में भी देरी हो रही है. वहीं कमर्शियल के अलावा डोमेस्टिक गैस की डिलीवरी की अवधि भी बढ़ा दी गई है. 

बढ़ते दामों से हो रही परेशानी

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़, एसोसिएशन ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी की वजह से डोमेस्टिक गैस सिलेंडर की सप्लाई पर भी असर पड़ रहा है. आशंका जताई कि रोडसाइड वेंडर घरेलू सिलेंडर के इस्तेमाल से अपना काम चला रहे हैं जो गैरकानूनी है. 

दरअसल, घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरों में इस्तेमाल के लिए होता है, जिसपर सरकार सब्सिडी भी देती है. वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर होटल, रेस्टोरेंट और अन्य बिज़नेस में इस्तेमाल के लिए होता है. अमूमन घरेलू गैस सिलेंडर का वज़न 14.2 किलो होता है. कमर्शियल गैस सिलेंडर का वज़न 19 किलो से शुरू होता है.  

मुलुंड में होटल चलाने वाली अनु शेट्टी ने बढ़ते दामों को लेकर चिंता जताई है. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि जहां सप्लाई मिल भी रही है, वहां कीमत बढ़ा दी गई है. 1750 रुपये का कमर्शियल LPG अब लगभग 1950 रुपये में मिल रहा है. 

बेंगलुरु में भी होटल बंद?   

बेंगलुरु होटल एसोसिएशन ने एक स्टेटमेंट में कहा कि 10 मार्च के बाद से हालात और बिगड़ सकते हैं. एसोसिएशन ने लिखा कि बिना गैस के लोगों तक खाना पहुंचाना मुश्किल हो जाएगा. फूड इंडस्ट्री लोगों की बेसिक ज़रूरतों को पूरा करती है. एसोसिएशन के अध्यक्ष पी. सी. राव का कहना है कि गैस की सप्लाई न होने की वजह से छात्रों और मरीजों पर असर ज़्यादा पड़ेगा.  

सरकार ने क्या कहा?

इसी बीच LPG संकट पर पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने बयान जारी किया है. X हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, 

फ्यूल सप्लाई में मौजूदा जियोपॉलिटिकल रुकावटों और LPG सप्लाई में आई बाधाओं को देखते हुए तेल रिफाइनरियों को ज्यादा LPG उत्पादन करने का निर्देश दिया है. इस अतिरिक्त उत्पादन का इस्तेमाल घरेलू LPG की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा. 

पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने घरों में LPG सप्लाई को प्राथमिकता देने का फैसला किया है. इसके साथ ही जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए 25 दिन का इंटर-बुकिंग पीरियड लागू किया गया है. वहीं इम्पोर्टेड LPG से होने वाली नॉन-डोमेस्टिक सप्लाई को फिलहाल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे जरूरी सेक्टर को प्राथमिकता के आधार पर दिया जाएगा. 

इस बीच सरकार नए रास्ते भी तलाश रही है. वैकल्पिक स्रोतों से LPG सप्लाई बढ़ाने की कोशिश की जा रही है. इसके लिए अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और नॉर्वे समेत कई देशों में संभावित सप्लायर्स को तरजीह दी जा रही है.  

मंत्रालय ने अन्य नॉन-डोमेस्टिक सेक्टर में LPG सप्लाई से जुड़े मुद्दों की समीक्षा के लिए एक कमिटी का गठन किया है. इसमें ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के तीन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर होंगे. यह कमेटी रेस्टोरेंट, होटल और अन्य इंडस्ट्री में LPG सप्लाई की जरूरतों की समीक्षा करेगी. 

वीडियो: खर्चा-पानी: इजरायल-ईरान जंग से क्या भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ेंगी?

Advertisement

Advertisement

()