लाखों का बीमा, बेटी की शादी के लिए पैसा, AAP ने ऑटोवाले से बहुत बड़े वादे कर दिए
दिल्ली में एक ऑटो ड्राइवर के घर खाना खाने के बाद केजरीवाल ने मीडिया को संबोधित किया. कहा कि उन्होंने ऑटो वालों का नमक खाया है. इसके बाद उन्होंने ऑटो ड्राइवर के लिए पांच एलान किए.

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने ऑटो रिक्शा ड्राइवर के लिए 10 लाख रुपये की बीमा योजना का एलान किया है. इसके अलावा, ऑटो ड्राइवर के लिए कई और घोषणाएं की गई हैं जिसमें उनकी बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये की मदद का भी आश्वासन है. 10 दिसंबर को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कोंडली विधानसभा में एक ऑटो ड्राइवर के घर खाना खाया. इसके बाद उन्होंने ऑटो ड्राइवर्स के लिए पांच गारंटी की घोषणा की.
दिल्ली में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. 10 सालों से दिल्ली में शासन कर रही आम आदमी पार्टी चुनाव से पहले अलग-अलग वर्गों तक पहुंचने की कोशिश रही है. इसी क्रम में ऑटो वालों के लिए ये घोषणाएं की गई हैं. एक दिन पहले, 9 दिसंबर को केजरीवाल ने अपने घर पर ऑटो ड्राइवर्स के साथ एक मीटिंग रखी थी.
कोंडली में ऑटो ड्राइवर नवनीत के घर खाना खाने के बाद केजरीवाल ने मीडिया को संबोधित किया. कहा कि उन्होंने ऑटो वालों का नमक खाया है. इसके बाद केजरीवाल ने बताया कि फरवरी में जब फिर से उनकी सरकार बनेगी तो ये 5 घोषणाएं लागू की जाएंगी.
क्या हैं पांच गारंटी?बीमा योजना- सभी ऑटो ड्राइवर को 10 लाख रुपये का जीवन बीमा और 5 लाख का दुर्घटना बीमा.
शादी में मदद- ऑटो ड्राइवर की बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक मदद.
ड्रेस के लिए पैसे- ऑटो ड्राइवर को ड्रेस के लिए साल में दो बार 2,500 रुपये दिए जाएंगे.
मुफ्त कोचिंग- ऑटो ड्राइवर के बच्चों को कॉम्पिटिशन के एग्जाम की तैयारी के लिए कोचिंग का खर्च सरकार उठाएगी.
‘पूछो’ ऐप- अरविंद केजरीवाल ने फिर से 'पूछो' ऐप शुरू करने का वादा किया. यह ऐप ‘दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल ट्रांजिट सिस्टम’ के डेटाबेस तक पहुंचने में मदद करता है. इससे लोगों को रजिस्टर्ड ऑटो ड्राइवर को कॉल करने की सुविधा मिलती है.
आम आदमी पार्टी की इन घोषणाओं को ऑटो ड्राइवर के वोटों को अपनी तरफ खींचने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी ने दिल्ली समेत दूसरे राज्यों में भी इस रणनीति को अपनाया है.
पहले के चुनावों में यही रणनीति अपनाईकेजरीवाल का ऑटो वालों से ये प्रेम नया नहीं है. इसके पीछे की वजह दिल्ली में ऑटो चालकों का मिला साथ है. AAP की चुनावी राजनीति दिल्ली से शुरू हुई थी. 8 अप्रैल 2014 की बात है. अरविंद केजरीवाल सुल्तानपुरी में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार कर रहे थे. दिल्ली के एक ऑटो ड्राइवर लाली प्रसाद ने केजरीवाल को थप्पड़ मार दिया था. लेकिन एक दिन बाद ही उसने केजरीवाल से माफी मांगी और कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई.
ऑटो ड्राइवर ने बाद में कहा था कि वो अरविंद केजरीवाल को भगवान मानता है. उसने उस वक्त आजतक से कहा था कि एक AAP समर्थक होने के नाते दिल्ली में केजरीवाल के इस्तीफे के बाद वो ठगा हुआ महसूस कर रहा था. उसने स्वीकार भी किया कि उसे ऐसा नहीं करना चाहिए था. केजरीवाल ने अगले दिन लाली प्रसाद से मुलाकात भी की थी. इसके बाद दिल्ली में केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के साथ ऑटो वालों का रिश्ता बदल गया.
ये भी पढ़ें- दिल्ली चुनाव: अवध ओझा के खाते में गई मनीष सिसोदिया की सीट, AAP ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट
2015 के विधानसभा चुनाव में ऑटो वालों ने AAP का खूब प्रचार किया. हर ऑटो पर आम आदमी पार्टी के पोस्टर नजर आते थे. बड़ी वजह थी केजरीवाल का ऑटो चालकों के साथ बातचीत और उनके लिए अलग से किए गए कई वादे. सरकार में आने के बाद AAP ने ऑटो पर लगने वाले 600 रुपये के फिटनेस चार्ज को माफ कर दिया था. ऑटो रजिस्ट्रेशन फीस को 1000 से घटाकर 300 रुपये कर दिया गया था.
इसके बाद दूसरे राज्यों में भी केजरीवाल ने ऑटो ड्राइवर्स को लेकर ये चुनावी रणनीति अपनाई. बीते पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल ने लुधियाना में ऑटो ड्राइवर्स के साथ संवाद किया था. उसी दौरान दिलीप तिवारी नाम के एक शख्स ने केजरीवाल को अपने घर खाने पर आमंत्रित किया. उसने कहा था कि वो एक ऑटो ड्राइवर है. केजरीवाल ने इसे तुरंत मान लिया और उसी रात डिनर पर चलने को कह दिया.
उत्तराखंड और गोवा विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी केजरीवाल ने ऑटो वालों से अलग से संवाद किया था. गोवा में केजरीवाल ने ऑटो वालों से वादा किया था कि ऑटो और टैक्सी ड्राइवर का कॉरपोरेशन बनाएंगे. जिससे वो किराया खुद तय करेंगे. एक्सीडेंट होने पर इलाज का पूरा खर्च उठाने का वादा किया था. हालांकि, पार्टी राज्य में चुनाव हार गई थी. फिर गुजरात चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने ऑटो वालों के साथ अलग संवाद कार्यक्रम आयोजित किया था.
वीडियो: दिल्ली चुनाव को लेकर AAP की दूसरी लिस्ट जारी, मनीष सिसोदिया की सीट पर अब अवध ओझा लड़ेंगे

