'एक साल बाद मोदी पीएम नहीं रहेंगे... ', राहुल गांधी ने किस आधार पर की ये बड़ी भविष्यवाणी?
Congress के सीनियर नेता Rahul Gandhi ने दावा किया है कि अगले एक साल के भीतर PM नरेंद्र मोदी की विदाई तय है. राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास सिस्टम के भीतर से पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उनके बेटे, मंत्रियों, अजीत डोभाल सबके बारे में जानकारी आई है.

कांग्रेस की अल्पसंख्यक समिति की बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बड़ी राजनीतिक भविष्यवाणी की है. उनका दावा है कि अगले एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदाई तय है. राहुल गांधी ने देश में बढ़ते आर्थिक और संवैधानिक संकट को इसका कारण बताया है.
राहुल गांधी आदिवासी प्रोफेशनल्स कॉन्कलेव 2026 में बोल रहे थे. उन्होंने कहा, 'देश में भयंकर आर्थिक सुनामी आ रही है. हर चीज के दाम बढ़ने वाले हैं. हिंदुस्तान का जो प्रोटेक्शन सिस्टम था, बीजेपी ने उसको हटा दिया है. ऐसी इकोनॉमिक क्राइसिस आएगी जो आपने अपने जीवन में नहीं देखी होगी. इसको अब कोई रोक नहीं सकता है.'
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया कि दूसरी तरफ हिंदुस्तान के अंदर व्यवस्था के खिलाफ विद्रोह (Institutional Revolt) हो रहा है. उन्होंने कहा, 'आप सोचते हैं कि चुनाव आयोग कंट्रोल में है, वो तीन साल पहले पूरी तरह से कंट्रोल में था. चुनाव आयुक्त के मैसेज मेरे पास आ रहे हैं. सीनियर जूडिशियरी, खुफिया अधिकारी सारे के सारे रिवोल्ट कर रहे हैं. वे हमें बताते हैं कि जो सिस्टम का कंट्रोल था वो कोलैप्स हो रहा है. आपको क्या लगता है कि जनता को पता चल गया कि इलेक्शन में गड़बड़ी हो रही है तो लोग रिवोल्ट नहीं करेंगे? इलेक्शन कमीशनर को डर नहीं लगेगा. सिस्टम पूरा हिल गया है.'
ये भी पढ़ें: OSM विवाद पर राहुल गांधी ने पूछे तीखे सवाल, कहा- ‘CBSE ने खास वेंडर के लिए बदले नियम’
‘एक साल के भीतर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं होंगे’राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास सिस्टम के भीतर से पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उनके बेटे, मंत्रियों, अजीत डोभाल सबके बारे में जानकारी आती रहती है. उन्होंने आगे कहा,
“हो सकता है कि अब ये जनता के प्रेशर को दबाने की कोशिश करें. इमरजेंसी जैसी चीज लागू कर दें. ये पीएम मोदी को भी पता है कि उनका सिस्टम हिल गया है और वहां से मुझको सूचना मिलती रहती है. मेरे अंदाज से पीएम मोदी एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नहीं होंगे.”
राहुल गांधी 3 जून को राष्ट्रीय आदिवासी प्रोफेशनल कॉन्क्लेव में बोल रहे थे. इस दौरान उन्होंने आदिवासी समुदाय को भारत की सभ्यता और इतिहास की जड़ बताया. साथ ही उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन के अधिकार से वंचित रखने की साजिश करने का आरोप लगाया.
वीडियो: 'धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करो', CBSE के अध्यक्ष और सचिव के तबादले पर राहुल गांधी का हमला

