देश के इस गांव में पहली बार फहराया गया तिरंगा, पता है इतने सालों तक ऐसा क्यों नहीं हुआ?
Chhattisgarh News: सुकमा जिले में कई पुलिस कैंप खुले हैं. इसके बाद से इलाके की स्थिति बदल रही है. आजादी के इतने सालों बाद भी यहां तिरंगा नहीं फहराया गया था.

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले (Chhattisgarh Sukma) के एक गांव में पहली बार तिरंगा फहराया गया है. तुमालपाड़ गांव में सुरक्षाबलों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने भारत माता की जय के नारे के साथ झंडा लहराया. ये इलाका नक्सलवाद से प्रभावित रहा है. इसी कारण से यहां अब तक तिरंगा नहीं फहराया गया था.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इलाके में अब कई पुलिस कैंप खुल गए हैं. इसके बाद से गांवों की स्थिति बदल रही है. इससे पहले नक्सलियों के डर से यहां के लोग तिरंगा नहीं फहराते थे. गांव से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीणों को सेना के जवानों के साथ गणतंत्र दिवस मनाते देखा गया.
76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर CRPF की 74वीं वाहिनी के कमांडेंट की मौजूदगी में ये कार्यक्रम हुआ. कमाडेंट हिमांशु पांडे ने इस मौके पर लोगों को गणतंत्र का महत्व समझाया. तिरंगा फहराने के बाद सेना के जवानों ने ग्रामीणों को मिठाई भी बांटी. वीडियो देखिए-
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में 10 'नक्सलियों' की मौत
सुकमा जिले को नक्सलियों का गढ़ कहा जाता है. तुमालपाड़ इलाका सुकमा जिले के चिंतलनार थानाक्षेत्र में आता है, चिंतलनार में एक साल में 16 से ज्यादा पुलिस और CRPF के कैंप खुले हैं.
इस बीच, दिल्ली के कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वहां मौजूद रहे. इस बार इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे- इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ‘प्रबोवो सुबियांटो’. गणतंत्र दिवस परेड में इस बार 16 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के 10 मंत्रालयों-विभागों की झांकियां दिखाई गईं.
Sukama से गिरफ्तार हुए थे 4 नक्सलीइसी महीने 22 जनवरी को पुलिस ने जानकारी दी थी कि सुकमा से 4 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें एक महिला भी शामिल थी. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के दुलेड़ गांव से इनको गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार लोगों में 24 साल की एक महिला मड़कम पांडे, 30 साल का माड़वी मंगडू, 26 साल का मिड़ियम जोगा और 43 साल का सोड़ी कोसा शामिल था.
वीडियो: छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों और ग्रामीणों के बीच हुआ संघर्ष और गोलियां चल गईं

.webp?width=60)


