मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया प्ले ग्राउंड का उद्घाटन, पांच दिन बाद चोर उड़ा ले गए सोलर लाइट्स
Bihar के Munger में CM Nitish Kumar ने एक प्ले ग्राउंड का उद्घाटन किया था. लेकिन उद्घाटन के कुछ दिन बाद ही ग्राउंड में लगे लाइट्स पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) प्रगति यात्रा के तहत बिहार (Bihar) के जिले-जिले में घूम रहे हैं. और विकास कार्यों का उद्घाटन कर रहे हैं. 5 फरवरी को नीतीश कुमार इस यात्रा के तहत मुंगेर पहुंचे थे. यहां उन्होंने एक प्ले ग्राउंड का उद्घाटन किया था. अब खबर है कि उद्घाटन के पांच दिनों के भीतर ही चोरों ने वहां हाथ साफ कर दिया. ग्राउंड में लगी चार सोलर लाइट चोर उतार कर ले गए. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है.
इंडिया टुडे के इनपुट के मुताबिक, यह घटना मुंगेर के नौवागढ़ी प्ले ग्राउंड की है. यहां मनरेगा के तहत 44 लाख रुपये खर्च कर ग्राउंड का निर्माण हुआ था. इसके साथ ही 3 लाख रुपये की लागत से 8 सोलर लाइट भी लगाई गई थीं. इनमें से आधी यानी 4 अब गायब हो चुकी हैं. दरअसल जब प्लेयर्स ग्राउंड में दौड़ लगाने पहुंचे तो उन्हें पश्चिमी हिस्से में अंधेरा नजर आया. पहले उन्हें लगा कि टेक्निकल गड़बड़ी के चलते लाइट बंद हो गई होगी. फिर जब उन्होंने पास जाकर देखा तो चार पोल्स से सोलर लाइट गायब थीं.
खिलाड़ियों ने तुरंत इसकी सूचना प्ले ग्राउंड की देखरेख करने वाली कमेटी को दी. लाइट गायब होने की जानकारी होने के बाद कमेटी के अध्यक्ष सर्वेश कुमार शर्मा ने दूसरे सदस्यों के साथ मिलकर नया रामनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई. चोरी की इस घटना का पता लगते ही पुलिस एक्शन में आई. और मामले की जांच में जुट गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है. और जल्द चोरों को पता लगा लेने का दावा किया है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने नाराजगी जताई है. उन्होंने प्रशासन से ग्राउंड की सुरक्षा के लिए रात में गार्ड तैनात करने की मांग की है. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें - नीतीश कुमार के बेटे की राजनीति में एंट्री होगी? पार्टी नेताओं ने तो समय भी बता दिया
बिहार में इसी साल के अंत तक चुनाव होने हैं. चुनाव से पहले बिहार के राजनीतिक दलों में यात्रा निकालने की होड़ सी मच गई है. राज्य में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी कुछ दिन पहले कार्यकर्ता संवाद यात्रा निकाला था. वहीं जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी कुछ दिन पहले तक गांव-गांव घूम रहे थे.
वीडियो: बजट 2025: विधानसभा चुनाव के साल बिहार को क्या मिला?

