पत्नी को डिलीवरी कराने ले जा रहे पति की एक्सीडेंट में मौत, फिर एक घंटे बाद हुआ बेटी का जन्म
Bhopal News: व्यक्ति अपनी पत्नी को लेकर अस्पताल जा रहे थे. अंधेरे के कारण उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई.

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक महिला ने जब अपनी बेटी को जन्म दिया, उससे कुछ देर पहले ही नवजात के सिर से पिता का साया उठ गया. एक कार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. दुर्घटना (Bhopal Road Accident) तब हुई जब वो अपनी गर्भवती पत्नी को प्रसव पीड़ा के कारण अस्पताल लेकर जा रहे थे. मृतक की पत्नी दुर्घटना से बच गईं और करीब एक घंटे के बाद उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया. घटना लालघाटी स्थित हलालपुर बस स्टैंड की है. यहां एक ऑल्टो कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कार चला रहे महेंद्र मेवाड़ा और उनके रिश्तेदार सतीश मेवाड़ा की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि महेंद्र रातीबढ़ के रहने वाले थे. 21 जनवरी की देर रात को उनकी गर्भवती पत्नी 'बबली' को प्रसव पीड़ा हुई. महेंद्र अपनी गाड़ी से उनको लेकर भोपाल के लिए निकले. कार में महेंद्र की मां, बुआ और साढ़ू भी थे. बाकी लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं. उनका भी इलाज चल रहा है.
हलालपुर बस स्टैंड के सामने अंधेरे में उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई. इसके बाद सभी को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों ने महेंद्र और सतीश को मृत घोषित कर दिया. इसके एक घंटे के बाद उनकी गर्भवती पत्नी ने एक लड़की को जन्म दिया. फिलहाल मां और नवजात बच्ची सुरक्षित हैं.
ये भी पढ़ें: यूपी में बोलेरो ने बाइक को ऐसा घसीटा सड़क पर चिंगारियां निकल गईं, राइडर की मौत
दुर्घटना की खबर आने के बाद गांव में बेटी के जन्म की खुशी का माहौल पूरी तरह से शोक में बदल गया. एक साथ दो मौत होने से इलाके में मातम फैल गया है.
CEIC की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मध्यप्रदेश में साल 2022 में सड़क दुर्घटनाओं के कारण 6,357 लोगों की मौत हुई है. 2021 में ये संख्या 5,742 थी. PIB के अनुसार, साल 2022 में पूरे देश में 4,61,312 रोड एक्सीडेंट्स हुए. इनमें से 1,68,491 के परिणाम घातक थे. 2021 में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या 4,12,432 थी. इनमें से 1,53,972 के परिणाम घातक थे.
वीडियो: सड़क हादसे का ये वीडियो दिल दहला देगा

.webp?width=60)


