The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Bhopal RGPV 'Lizard' in food at canteen Staff claims it's capsicum, eats it

खाने में निकली छिपकली, हंगामा मचा तो कैंटीन स्टाफ ने उठाकर खा लिया, कहा- 'ये तो शिमला मिर्च'

मध्य प्रदेश में भोपाल में स्थित RGPV विश्वविद्यालय के छात्रों ने बताया कि वे कैंटीन में खाना खा रहे थे, तभी उन्हें सब्जी में एक मरी हुई छिपकली दिखाई दी. उन्होंने कैंटीन स्टाफ से शिकायत की. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया. वीडियो भी आया है.

Advertisement
pic
pic
अर्पित कटियार
| रवीश पाल सिंह
23 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 03:53 PM IST)
Bhopal RGPV 'Lizard' in food at canteen Staff claims it's capsicum, eats it
छात्रों का दावा है कि सब्जी में एक मरी हुई छिपकली दिखाई दी. (फोटो: इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मध्य प्रदेश में भोपाल स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में कैंटीन स्टाफ की बड़ी लापरवाही सामने आई है. छात्रों का आरोप है कि उन्हें खाने में छिपकली मिली है. छात्रों के मुताबिक, वे कैंटीन में खाना खा रहे थे, तभी उन्हें सब्जी में एक मरी हुई छिपकली दिखाई दी. इसके बाद उन्होंने कैंटीन स्टाफ से शिकायत की. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया. 

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 18 मार्च की बताई जा रही है. छात्रों का कहना है कि जब कैंटीन स्टाफ से शिकायत की गई तो स्टाफ के एक सदस्य ने खुद को सही साबित करने के लिए उसे खाकर भी दिखाया. छात्रों का कहना है कि कैंटीन कर्मचारी ने उस टुकड़े को उठाया और कहा कि यह छिपकली नहीं, बल्कि शिमला मिर्च है. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच के लिए कमिटी बनाई गई है. अगर किसी तरह की लापरवाही पाई जाती है, तो कार्रवाई की जाएगी. RGPV के डायरेक्टर सुधीर भदौरिया ने कहा कि छात्रों के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. कैंटीन में मौजूद छात्रों ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. बाद में इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. वीडियो सामने आने के बाद अन्य छात्रों और लोगों ने भी कैंटीन व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें: कॉलेज कैंटीन में छात्रों ने खाना खाया, फिर उसमें निकला मरा हुआ सांप, 15 की तबियत बिगड़ी

छात्रों का कहना है कि कैंटीन के खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता में लगातार लापरवाही बरती जा रही है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रबंधन की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. घटना के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

वीडियो: समोसे में कॉन्डम, गुटखा और बैंडेज, ठेकेदार ने ऑफिस कैंटीन का टेंडर पाने के लिए हद पार कर दी

Advertisement

Advertisement

()