बेटे की मौत के बाद महिला घर से लापता हो गई, अब 30 साल बाद परिवार से मिली
Ahmednagar News: इस महिला को इसके परिवार से मिलवाया ठाणे के एक मेंटल हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने. इनके प्रयासों के चलते ही महिला अपने घरवालों के पास वापस पहुंच सकी.

महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में एक 80 साल की महिला, 30 साल बाद अपने परिवार से मिली. इस महिला को इसके परिवार से मिलवाया ठाणे के एक मेंटल हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने. इनके प्रयासों के चलते ही महिला अपने घरवालों के पास वापस पहुंच सकी.
न्यूज़ एजेंसी PTI की एक खबर के मुताबिक 30 साल पहले महिला के 13 साल के बेटे की मौत एक हादसे में हो गई थी. ठाणे मानसिक अस्पताल के अधीक्षक डॉ. नेताजी मुलिक ने बताया कि महिला का बेटा इमली के एक पेड़ पर चढ़ा था, तभी उसे बिजली का करंट लग गया और उसकी मौत हो गई. महिला को इस घटना का गहरा सदमा लगा और उसकी मानसिक स्थिति खराब हो गई. खराब मानसिक स्थिति के बीच ही महिला एक दिन अपने घर से लापता हो गई.
इसके बाद महिला नासिक पहुंची, जहां वह सालों तक पंचवटी इलाके में भटकती रही. दो साल पहले नासिक पुलिस ने उसे बिगड़ती शारीरिक और मानसिक स्थिति में पाया. एक अधिकारी ने बताया कि जब उन्हें एहसास हुआ कि उसकी याददाश्त चली गई है तो उन्होंने उसे देखभाल और उपचार के लिए ठाणे के मानसिक अस्पताल में भर्ती करा दिया. लंबे समय तक इलाज के बाद महिला की मानसिक स्थिति में कुछ सुधार हुआ. फिर डॉक्टर्स ने उसकी पहचान पता लगानी शुरू की. उसके परिवार को खोजना शुरू किया गया.
डॉ. नेताजी मुलिक ने बताया कि किसी तरह अस्पताल के कर्मचारियों ने उससे उसके जिले का पता लगा लिया. फिर करीब 250 किलोमीटर दूर अहमदनगर जिले की पुलिस से संपर्क किया गया. पुलिस की मदद से वहां उसके रिश्तेदारों का पता लगाया गया. 17 जनवरी 2024 को सूचना मिलने के बाद महिला के घरवाले - उसकी बहू, चचेरे भाई और भतीजे - उससे मिलने आए. इनमें से कई तो महिला से पहली बार मिले थे. इस दौरान महिला और उसका पूरा परिवार काफी भावुक हो गया. महिला के परिवार के एक सदस्य ने PTI से कहा कि वो अस्पताल के स्टाफ से काफी प्रभावित हैं. क्योंकि स्टाफ ने सच में असाधारण देखभाल की है और परिवार से मिलवाने के लिए बड़ा प्रयास किया है.
वीडियो: 'सीढ़ी लगाकर...' सैफ अली खान अटैक पर मुंबई पुलिस ने क्या कहा?

.webp?width=60)

