The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Health
  • feeling colder than others is a sign of a nutrient deficiency

कुछ लोगों को ज़्यादा ठंड क्यों लगती है? खान पान का असर पड़ता है क्या?

ज़्यादा ठंड लगने की वजह कुछ ज़रूरी पोषक तत्वों की कमी है. ये पोषक तत्व हैं आयरन, विटामिन B12, फोलेट और विटामिन सी.

Advertisement
pic
pic
सरवत
| अदिति अग्निहोत्री
3 दिसंबर 2024 (पब्लिश्ड: 02:56 PM IST)
feeling colder than others is a sign of a nutrient deficiency
सर्दियां शुरू हो गई हैं
Quick AI Highlights
Click here to view more

'AC बंद कर दो. मुझे बहुत ठंड लग रही है.' 'मुझे जैकेट दे दो, बहुत ठंड है.' घर हो या ऑफिस, आपके आसपास एक इंसान ऐसा ज़रूर होगा, जिसे कुछ ज़्यादा ही ठंड लगती है. पता है, कुछ लोगों को दूसरों से ज़्यादा ठंड क्यों लगती है?

इसके पीछे वजह है शरीर में कुछ ज़रूरी विटामिंस और मिनरल्स की कमी. किन पोषक तत्वों की कमी से ऐसा होता है? ये हमने पूछा डॉक्टर सुनीता नागपाल से. 

dr sunita nagpal
डॉ. सुनीता नागपाल, जनरल फिज़ीशियन, सैलूब्रिटास मेडसेंटर, दिल्ली

डॉक्टर सुनीता नागपाल के मुताबिक, ये पोषक तत्व हैं आयरन, विटामिन B12, फोलेट और विटामिन सी.

पहले बात आयरन की. आयरन हमारे रेड ब्लड सेल्स यानी RBC में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है. फिर यही हीमोग्लोबिन फेफड़ों से ऑक्सीजन लेकर शरीर के दूसरे हिस्सों तक जाता है. अब अगर आयरन की कमी होगी तो हीमोग्लोबिन सही से बन नहीं पाएगा. इससे शरीर में खून की कमी हो जाएगी. जिसे एनीमिया (Anemia) कहते हैं और एनीमिया का एक बहुत ही आम लक्षण है ज़्यादा ठंड लगना.

iron
शरीर में आयरन की कमी है तो ज़्यादा ठंड लगेगी

कई बार हम पर्याप्त आयरन खा रहे होते हैं. लेकिन फिर भी ठंड लगती है. इसके पीछे वजह है विटामिन सी की कमी. देखिए, आयरन को शरीर में सही से एब्ज़ॉर्व होने के लिए विटामिन सी की ज़रूरत होती है. अगर शरीर में ज़रूरत भर विटामिन सी नहीं होगा. तो भले ही आप खूब आयरन खाएं, उसका फायदा शरीर को नहीं मिल पाएगा. क्योंकि, आपका शरीर ठीक तरह आयरन सोख ही नहीं पा रहा. नतीजा? हीमोग्लोबिन का लेवल कम हो जाएगा. फिर खून की कमी होगी और आपको ज़्यादा ठंड लगेगी. ऐसे में अगर ठंड से बचना है तो आयरन के साथ-साथ विटामिन सी खाना भी ज़रूरी है.

आयरन के लिए ब्रॉकली, पालक और पत्तागोभी जैसी हरी पत्तेदार सब्ज़ियां खाएं. मटर, बीन्स, बाजरा, खजूर, गुड़, दालें, टोफू और अंडे भी खा सकते हैं. वहीं, विटामिन सी हर तरह के फल में मिलता है.  खासकर खट्टे फलों में, जैसे नींबू और संतरा. ये केले, टमाटर, मिर्च और आलू में भी पाया जाता है.

vitamin b 12
विटामिन B12 की कमी होने पर भी ठंड ज़्यादा लगती है 

डॉक्टर सुनीता आगे बताती हैं कि कई बार विटामिन B12 की कमी होने पर ठंड लगने लगती है. दरअसल ये भी रेड ब्लड सेल्स के प्रोडक्शन में मदद करता है. इसकी कमी होने पर विटामिन B12 डेफिशियंसी एनीमिया हो सकता है. यानी विटामिन B12 की कमी से होने वाला एनीमिया. इससे भी ज़्यादा ठंड लगती है और हाथ-पैर ठंडे रहते हैं.

अब रेड ब्लड सेल्स बनाने में विटामिन B12 की मदद करता है फोलेट. ये दोनों मिलकर काम करते हैं. ऐसे में अगर शरीर में फोलेट की कमी होगी. तो भी आपको ज़्यादा ठंड लगेगी.

विटामिन B12 के लिए अंडे की ज़र्दी, पालक, केला, सोया मिल्क और चीज़ ले सकते हैं. अगर लैक्टोज इनटॉलेरेंट नहीं हैं तो दूध पी सकते हैं. नट्स और सीड्स खा सकते हैं. अगर नॉन-वेज खाते हैं तो मटन, फैटी फिश जैसे सेल्मन और टूना खा सकते हैं. वहीं फोलेट के लिए पालक, राजमा, मटर, चुकंदर, मूंगफली, मेवे और बीज खाए जा सकते हैं. ये कई फलों में भी पाया जाता है. जैसे केला, पपीता, आम, एवोकाडो, संतरा और चकोतरा.

हालांकि आप में इनमें से किस पोषक तत्व की कमी है . ये पता करने के लिए एक सिंपल-सा ब्लड टेस्ट करवा सकते हैं.

एक बात और. जिन्हें हाइपोथायरॉइडिज़्म है. यानी जिनके शरीर में थायराइड हॉर्मोन कम बन रहा है. उन्हें भी ज़्यादा सर्दी लगती है. इसलिए, वो डॉक्टर की सलाह पर थायरॉइड से जुड़ा टेस्ट करा सकते हैं.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से जरूर पूछें. ‘दी लल्लनटॉप' आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.) 

वीडियो: सेहतः कमर, गर्दन में दर्द रहता है तो डॉक्टर की ये बातें काम आएंगी!

Advertisement

Advertisement

()