इंसान की तरह डरने, बिगड़ने और इश्क करने लगे रोबोट
दौर वो कि जब आदमी को खुद के इमोशंस मरने से ज्यादा डर मशीनों के इमोशन जगने से होने लगा है. इस बीच दिखती हैं,वो कहानियां जो आदमी और मशीन के रिश्तों की बातें करती हैं.

1. शार्ट सर्किट
शांति के दिनों में न्यूटन क्रोस्बी ने अमेरिका के लिए ढेरों रोबोट बनाए. जो लोगों से हिल-मिल सके. लोगों की ड्रिंक में बर्फ मिला सकें. उनके लिए गाने बजा सके. एक रोज ऐसे ही एक रोबोट पर बिजली गिर पड़ती है और वो ज़िंदा हो पड़ता है. अपनी अक्ल चलाने लगता है. अच्छा-बुरा समझने लगता है और फैसले लेने लगता है. स्टेफनी और न्यूटन जैसे दोस्त भी बना लेता है. रोबोट को लैब से निकलकर आम लोगों के बीच पहुंचा देख उसे बनाने वाली संस्था नोवा लैब उसके पीछे पड़ जाती है और नंबर 5 को ख़त्म करने के मंसूबे पालने लगती है.
https://www.youtube.com/watch?v=9rlI3Xg9g_A
2. ऑटोमेटा
सन 2044 लगा है. दुनिया की 99 फीसदी आबादी सौर विकिरण से खत्म हो चुकी है. बचे हुए 1 फीसदी लोग जैसे-तैसे जिंदगी बिता रहे हैं. तभी एक और मुसीबत दस्तक देती है. जिन रोबोट्स को इंसानों ने अपने काम के लिए बना रखा है. वो इंसानों के बनाए तमाम नियम तोड़ने लगते हैं. इन रोबोट्स की खुद की बस्ती है जहां हर किस्म के रोबोट मिलकर रहते हैं.
https://youtu.be/3Yfy2I2R5-g
3. हिनोकियो
सटोरू नाम का लड़का जो हाल ही में बड़े एक्सीडेंट से उबरा है. चल-फिर नही सकता. एकदम अकेला पड़ चुका है. ऐसे में उसकी मदद के लिए उसके पिता रिमोट से चलने वाला रोबोट लाते हैं. सटोरू अपने घर पर बैठा रोबोट की नजर से दुनिया देखता है. रोबोट उसकी जगह स्कूल जाता है. उसकी जगह खेलता है. उसके दोस्तों से मिलता है. फिल्म इस बारे में है कि छोटा सा बच्चा जो एक कमरे में बैठकर एक स्क्रीन पर रोबोट की मदद से दुनिया देख रहा है. फिल्म इस बारे में भी है कि अपने दोस्त की जगह एक रोबोट को पाकर कैसे सटोरू के दोस्त रिएक्ट करते हैं और कैसे बाद में उसे अपना लेते हैं. एक दिन जब हिनोकियो चला जाता है तो सटोरू की जिंदगी कैसे बदलती है, यह फिल्म में देखिए.
https://youtu.be/naQB0aSPLk0
4. ईवा
एलेक्स रोबोट इंजीनियर है. सालों बाद घर लौटा है. उस घर जहां उसका भाई डेविड है. भाई की बीवी 'लाना' है जो पहले कभी उसके साथ काम करती थी उससे प्यार करती थी. और एक भतीजी है 'ईवा' . ईवा का रुझान एलेक्स में रहता है. एक रोज ईवा के कारण लाना की मौत हो जाती है और पता चलता है कि ईवा एक रोबोट है. जिसे लाना और एलेक्स ने मिलकर बनाया है. ईवा एलेक्स की ओर खिंची आती थी क्योंकि एलेक्स ने ही उसे बनाया था.
https://www.youtube.com/watch?v=2ctMc4DFpik
5. रोबोट एंड फ्रैंक
एक पुराना चोर है. अब बूढ़ा हो चला है. डिमेंशिया से जूझता रहता है. उसका एक बेटा है जिसकी अपनी अच्छी-खासी जिन्दगी है. और वो दूर कहीं रहता है. हर हफ्ते बाप की निगरानी के लिए आते-आते थक जाता है तो फ्रैंक को एक रोबोट पकड़ा जाता है. पहले तो फ्रैंक रोबोट को पसंद नही करता. बाद में उसकी रोबोट से बनने लगती है. एक से दो हुए तो फ्रैंक का दिमाग दौड़ने लगता है. वो रोबोट का इस्तेमाल चोरियां करके लाइब्रेरियन को खुश करने में करता है. टंटा खड़ा हो जाता. पुलिस के चक्कर शुरू हो जाते हैं. सारी कायनात फ्रैंक और उसके रोबोट के पीछे पड़ जाती है. और इस सबके बीच जो पनपता है. वो फ्रैंक और रोबोट के बीच का रिश्ता होता है. रोबोट की मेमोरी को पुलिस फ्रैंक के खिलाफ सुबूत के तौर पर इस्तेमाल कर सकती थी. फ्रैंक को डिमेंशिया की समस्या है. वो ये तक भूल जाता है कि लाइब्रेरियन उसी की पहली बीवी थी. ऐसे में जब रोबोट की याद्दाश्त मिटाने की बात सामने आती है तो फ्रैंक और रोबोट का रिश्ता और भी इमोशनल हो पड़ता है.
https://youtu.be/q4y8YAMPFhk

