अोलंपिक गोल्ड जीतकर भी खटारा स्कूटर चला रहा है सुल्तान : ट्रेलर रिव्यू
ईद + यशराज + भाईजान = 'सु्ल्तान'. 'चक दे! इंडिया' में 'रॉकी बाल्बोआ' का तड़का. लेकिन ट्रेलर में ही पूरी पिच्चर क्यों दिखा रहे हो?

https://www.youtube.com/watch?v=GBteFdl_QTQ
'मन्ने जिस पहलवानी का गुरूर था ना, उसी ने मन्ने पटका है'
'सुल्तान', यशराज के बैनर तले सलमान खान की नई फिल्म, के ट्रेलर की शुरुआत में हीरो है, हीरो की प्रेम कहानी है, हीरो के चाहनेवाले हैं, हीरो का सपना है. किसी भी टिपिकल सलमान खान स्टारर फिल्म की तरह कहानी में उनके जलवे बरस रहे हैं. हीरो अखाड़े में ही अपनी नायिका चुनता है. किसी शांत सुबह उसे अपना सपना बताता है, 'अगले अोलंपिक्स में मैं ही हिन्दुस्ताण को पहलवाणी में मैडल दिलाऊंगा'. फिर दिल्ली कॉमनवैल्थ से लेकर लंदन अोलंपिक्स के सीन हैं, अौर फिर संकेत हैं कि साक्षात अोलंपिक गोल्ड है.
'सुल्तान' की इस कहानी में क्लाईमैक्स में अोलंपिक गोल्ड है, लेकिन फिर भी वो एक हारे हुए इंसान की कहानी है.
ट्रेलर साफ़ करता है कि 'अोलंपिक गोल्ड' इस कहानी का क्लाईमैक्स नहीं. तीन मिनट अठ्ठारह सेकंड के ट्रेलर में जैसे दो भिन्न फिल्में पिरो दी हैं निर्देशक अली अब्बास जफर ने. पहले हिस्से में 'सलमान' का मैनेरिज़म अौर हीरोइज़्म है तो दूसरे में रियलिज़्म का तड़का.
जंग लगे शीशे पर जब पहलवान सुल्तान का अक्स दिखाई देता है तो कहानी डिज़ाइनर नहीं, खुरदुरी नज़र आती है. पुराना खटारा बजाज स्कूटर चलाकर मोहल्ले की गली से निकलते सुल्तान की छवि 'चक दे! इंडिया' के कबीर खान की याद दिलाती है. इंडिया गेट कहानी में फिर किसी केन्द्रक सा आता है.
ट्रेलर देखो तो पता चलता है, अौर क्या है खास 'सुल्तान' में -
1. सलमान का 'फन्नी लैंग्वैज' अवतार
सुल्तान की प्रेम कहानी में पहलवानी ही नहीं है. इसमें हरियाणवी पहलवान की 'फन्नी' इंग्लिश वाला तड़का है. यह लोकप्रिय हिन्दी सिनेमा की परंपरा में है. हमारे सिनेमा के हीरो पहले भी देसी अवतार में अंग्रेज़ी की खटिया खड़ी करते नज़र आए हैं. बच्चन साब ने 'नमक हलाल' में इसको अपने पोकर फेस से अमर बना दिया था.
https://www.youtube.com/watch?v=XSrMb8IBsTQवैसे यह भी सच है कि फिल्म का यही हिस्सा सबसे नकली अौर सबसे बनावटी लग रहा है. कॉमेडी फूहड़ लग रही है. अनुष्का रोल में अनफिट लगती हैं. देखें, अपने अभिनय से वो इस मिसमैच को जीत पाती हैं या नहीं.
2. दूसरे हिस्से में दिल्ली की छवियां
'सुल्तान' की कहानी जब 'वापसी' की राह पर निकलती है तो वापस लड़ने को खड़ा नायक दिल्ली की धरा पर खड़ा होता है. अग्रसेन की बावड़ी, जामा मस्जिद के गुंबद, इंडिया गेट के एरियल शॉट ट्रेलर में कौतुहल भरी छवियां रचते हैं. यही दिल्ली की धरा पर अकेले खड़े नायक की छवि उम्मीद जगाती है, कि शायद यह टिपिकल 'सलमान' फिल्म ना हो. क्योंकि यशराज ने जब पिछली बार ऐसे ही एक महानायक के साथ 'हारे हीरो के फिर जीतने की कहानी' दिल्ली की धरा पर फिल्माई थी, तो हमें 'चक दे! इंडिया' मिली थी.
3. रणदीप हुड्डा अौर सलमान की हरियाणवी कैमिस्ट्री
ट्रेलर के सबसे गजब के हिस्से वो हैं जहां कोच की भूमिका में रणदीप हुड्डा हरियाणवी पहलवान बने सलमान से टकराते हैं.
असल हरियाणवी हुड्डा परदे पर हरियाणवी पहलवान बने हीरो को रद्दा मार सुधार रहे हैं.
वैसे मैं तो इस संभावना से ही प्रसन्न हूं कि दोनों फिर स्क्रीन शेयर करेंगे. रणदीप वो धांसू अभिनेता हैं, जो चलती पिक्चर में सामने खड़े हों तो सुपरस्टार के भीतर के अभिनेता को भी जिला देते हैं. 'किक' वाले सलमान का 'सात समन्दर पार' डांस इसकी जीती जागती मिसाल है.
https://www.youtube.com/watch?v=qEUZZx5Gp9w4. तराशी नायकीय छवि का मिथक, क्या टूटेगा?
लेकिन पूरे ट्रेलर में सबसे स्ट्राइकिंग छवि बेडौल शरीर को आदमकद शीशे में निहारते सुल्तान की छवि है. अगर आप इस छवि में खुद सलमान की छवि देखें तो यह कमाल का मैटा-नैरेटिव है. नायक सलमान इस समय अपनी लोकप्रियता के शिखर पर हैं. लेकिन दूसरी सच्चाई ये भी है कि वो उमर के पचास बसंत पार कर चुके हैं. प्रकृति की घड़ी उनके खिलाफ़ है.

YouTube screenshot
अौर इसी के बीच उनकी तराशी हुई नायकीय छवि है. नयनाभिराम, सुडौल, सपनीली. कहते हैं इस छवि पर इंडस्ट्री के हज़ारों करोड़ रुपए अौर सैंकड़ों परिवारों की रोज़ी-रोटी टिकी है. फिर उनकी पिछली फिल्मों पर कंप्यूटर ग्राफिक्स से हीरो की यही 'तराशी छवि' बनाने के आरोप भी लगते रहे हैं. ऐसे में फिक्शन ही सही, अगर सत्तर एमएम पर इस छवि का विलोम दिखता है तो डर है कि कहीं वो मेहनत से कमाए भरम के परदे को भंग ना कर दे.
यह खतरा है, इसीलिए यह हिम्मत भी है. क्या 'सुल्तान' के खुरदुरेपन में ऐसी हिम्मत दिखेगी? सच ये है कि 'सुल्तान' नायक के अवसान की कथा सुनाते हुए गर पल भर को भी स्टार की इस 'तराशी हुई' छवि पर टिप्पणी कर दे, तो यह फिल्म के सौ, पांच सौ करोड़ कमाने से भी बड़ा कमाल होगा.
https://www.youtube.com/watch?v=wPxqcq6Byq0
