India-Pakistan World Cup मैच में Tiger 3 के प्रमोशन के लिए कुछ बहुत बड़ा होने वाला है!
14 अक्टूबर को इंडिया-पकिस्तान वर्ल्डकप मैच है. इसमें सलमान खान की फिल्म 'टाइगर 3' का प्रमोशन प्लान YRF ने बनाया है.

Cricket World Cup 2023 किसी उत्सव से कम नहीं है. आजकल चारों ओर इसी की धूम है. मैं खुद ये खबर लिखते हुए India-Afghanistan मैच का स्कोर चेक कर रहा हूं. 14 अक्टूबर को India-Pakistan का मैच होना है. ये इस वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा मैच होगा. इस मैच के दौरान Salman Khan की फिल्म Tiger 3 का प्रमोशन किया जाएगा.
'Tiger 3' का ट्रेलर 16 अक्टूबर को आना है. दीवाली के मौके पर फिल्म रिलीज की जाएगी. यशराज फिल्म्स इसका 'पठान' से भी तगड़ा प्रमोशन करने की सोच रहा है. इसी सिलसिले में YRF ने स्टार स्पोर्ट्स के साथ मिलकर एक मार्केटिंग गठजोड़ किया है. बॉलीवुड हंगामा के अनुसार ये अब तक का सिनेमा और क्रिकेट का सबसे बड़ा एसोसिएशन है. इससे पहले इतने बड़े लेवल पर किसी फिल्म का प्रमोशन किसी क्रिकेट मैच के दौरान नहीं किया गया है. हालांकि हमेशा से फिल्म स्टार्स अपनी फ़िल्में प्रमोट करने के लिए मैच प्रेजेंटेशन में या फिर पोस्ट या प्री मैच शोज में आते रहे हैं.
बॉलीवुड हंगामा के ट्रेड सोर्सेज ने बताया है कि पूरे विश्व कप में 'टाइगर 3' का प्रमोशन होता रहेगा. क्योंकि YRF ने स्टार के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट किया है. इसके तहत स्टार स्पोर्ट्स पर प्रसारित होने वाले सभी खेलों और खासकर वर्ल्ड कप के प्रमुख मैचों में 'टाइगर 3' को प्रमोट किया जाएगा.
इस प्रमोशन का बड़ा हिस्सा भारत-पाकिस्तान का मैच होगा. क्योंकि इस दौरान सम्भवतः सबसे ज़्यादा दर्शक मैच देख रहे होंगे. सलमान ने एक प्रोमो भी शूट किया है. इसे भारत के अलावा दूसरे मैचों में भी चलाया जाएगा. इसे विश्व कप के लिए अब तक का सबसे बड़ा मार्केटिंग कोलैबोरेशन बताया जा रहा है. 2019 वर्ल्ड कप में भारत-पकिस्तान मैच करीब 20 करोड़ लोगों ने देखा था. इस दौरान 'टाइगर 3' का प्रमोशन करना एक बड़ा क़दम है.
'टाइगर 3' यशराज फिल्म्स के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म है. इसे 350 करोड़ रुपए के बजट पर बनाया गया है. मेकर्स चाहते हैं कि ये फिल्म उनकी पिछली सभी फिल्मों से बड़ी ओपनिंग और लाइफटाइम कलेक्शन करे. इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है. YRF ने देशभर में मजबूत ऑन-ग्राउंड प्रमोशन शुरू कर दिया है. स्क्रीन्स बुक हो रहे हैं. खबरें ये भी हैं कि 'टाइगर 3' को दीवाली के अगले दिन पड़ने वाले सोमवार को रिलीज़ किया जाएगा. ताकि दीवाली की छुट्टी का फायदा उठाकर हिंदी सिनेमा इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज करवाई जा सके.
ये भी पढ़ें: Tiger 3 में 'पठान' से 15 मिनट ज़्यादा लंबा शाहरुख-सलमान सीक्वेंस
'टाइगर 3' में सलमान खान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी, रणवीर शौरी, रेवती, वरिंदर सिंह ग़ुमान और रिधि डोगरा जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. शाहरुख खान फिल्म में गेस्ट रोल करेंगे. ये उनका 'पठान' वाला ही रोल होगा. इस फिल्म को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है.

