The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • southside with you new hollywood film on barack obama and michelle obama first date

एक थी मिशेल, एक था बराक. फिर प्यार हुआ इकरार हुआ

बराक अोबामा अौर मिशेल अोबामा की पहली डेट पर बनी फिल्म. ट्रेलर आउट.

Advertisement
Img The Lallantop
फोटो - thelallantop
pic
मियां मिहिर
29 अप्रैल 2016 (अपडेटेड: 29 अप्रैल 2016, 01:18 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

बराक अोबामा अपने प्यार को जिस तरह खुलकर सेलिब्रेट करते हैं, उसकी दुनिया फैन है. प्यार के इस खुले इजहार में अमेरिकी संस्कृति के कुछ सबसे अच्छे मूल्य नुमायां होते हैं. होंगे अोबामा दुनिया के सबसे ताकतवर देश के सबसे ताकतवर अोहदेदार. मिशेल के सामने तो वे हमेशा से बराक हैं. एक अभिमानी लेकिन थोड़ा मनचला प्रेमी, जिसने सत्ताईस साल पहले उनके सामने मोहब्बत भरी बाहें फैलाई थीं अौर तब से आज तक उनका प्रेम रत्ती भर भी कम नहीं हुआ.

अब मिशेल अौर बराक की पहली डेट की कहानी पर फिल्म आ रही है. नाम है 'साउथसाइड विथ यू'. साल 1989 की वो शाम फिर जिन्दा होगी. शिकागो शहर में एक लड़का अपनी सीनियर को डेट के लिए प्रपोज़ करता है अौर कैसे दोनों साथ आर्ट इंस्टिट्यूट घूमने जाते हैं. साथ में स्पाइक ली की फिल्म 'डू दि राइट थिंग' देखते हैं अौर फिर ढलती शाम में एक दूसरे को पहली बार किस करते हैं. कैसे पिघलते आइसक्रीम कोन पर उनका प्यार परवान चढ़ता है, देखना मज़ेदार होगा.

फिल्म का ट्रेलर आया है. ट्रेलर में हार्वर्ड लॉ स्कूल में पढ़नेवाले जवान अोबामा हैं. यंग वकील मिशेल उनकी एडवाइज़र हैं. अोबामा जब उन्हें साथ घूमने चलने का प्रस्ताव देते हैं तो मिशेल थोड़ी सावधान हैं. वे कहती भी हैं बराक के दोस्तों को, कि 'हम साथ नहीं'. लेकिन फिर एक आइसक्रीम वाले ठेले के किनारे प्यार के गुल खिलते हैं. बराक अोबामा की अोज से भरी भाषण कला, जिसकी आज दुनिया फैन है, उसकी भी पहली झलक इस ट्रेलर में दिखती है. शायद इसी पर मिशेल का दिल आ गया होगा.

एक प्यार भरी शाम से जो कहानी निकलती है वो 2008 में आकर इस दुनिया की राजनीति बदल देती है.

फिल्म के लेखक अौर निर्देशक हैं रिचर्ड टान्ने अौर यंग मिशेल रॉबिनसन की भूमिका टीका सम्पटर निभायेंगी. यंग बराक अोबामा का रोल पार्कर सायर्स निभायेंगे. सनडांस फिल्म फेस्टिवल में इसे दर्शकों का बहुत प्यार मिला. अगस्त में सिनेमाघरों में आनेवाली यह फिल्म अमेरिकी दर्शकों के लिए गर्मियों की सबसे प्यारी 'फीलगुड फिल्म' हो सकती है. आखिर यह एक जाते हुए राष्ट्रपति की, जिसे जनता ने मन से चाहा, पहले प्यार की कहानी है. खुलकर प्यार बरसेगा. ये रहा फिल्म का ट्रेलर − 

https://www.youtube.com/watch?v=yhd-yvMjImU&feature=youtu.be

Advertisement

Advertisement

()