The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Sonu Nigam Angry on Politicians performance abruptly leave disrespect Rajasthan CM Jaipur

सोनू निगम के शो से उठकर चल दिए राजस्थान के डिप्टी सीएम, नाराज सिंगर ने 'सुना दिया'

Sonu Nigam on Politicians: सोनू निगम ने Rising Rajasthan Global Investment Summit में परफ़ॉर्म किया. इस परफ़ॉर्मेंस के बाद तंजिया लहजे में उन्होंने नेताओं से कहा, 'मुझे पता है आप लोग बिज़ी होते हैं, आप महान हैं, आप लोगों के पास बहुत काम होते हैं.' आख़िर क्या हो गया, जो उन्हें ऐसा कहना पड़ा?

Advertisement
pic
10 दिसंबर 2024 (अपडेटेड: 10 दिसंबर 2024, 02:46 PM IST)
 Sonu Nigam got angry on politician
सोनू निगम ने नेताओं के कार्यक्रम छोड़कर जाने पर नाराज़गी जताई है. (फ़ोटो - Instagram/Sonu Nigam)
Quick AI Highlights
Click here to view more

जाने माने सिंगर सोनू निगम गुस्से में हैं. उनकी नाराजगी की वजह कोई फिल्म प्रोड्यूसर या फैन्स नहीं बल्कि राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा समेत जयपुर के तमाम छोटे-बड़े नेता हैं. अब सोनू का शो बीच में छोड़कर कोई उठेगा तो सिंगर को बुरा तो लगेगा ही. लिहाजा सोनू भी माननीयों की इस हरकत पर इतना भड़के कि सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाल दी. कुल मिला सोनू निगम ने कहा, ‘या तो आइये मत, आते हैं तो जाइये मत.’

मामला क्या है?

राजस्थान की राजधानी जयपुर में ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024’ आयोजित की गई. इस समिट के सांस्कृतिक कार्यक्रम में सोनू निगम ने भी परफॉर्मेंस दी. इस लाइट एंड साउंड शो का आयोजन हुआ था होटल रामबाग पैलेस में. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा समेत कई नेता भी पहुंचे थे. लेकिन बताया गया कि अपने बिज़ी शेड्यूल के चलते सीएम शर्मा कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए.

आजतक की ख़बर के मुताबिक़, ये देख कुछ देर बात डिप्टी सीएम बैरवा और कई नेता भी धीरे-धीरे जाने लगे. ऐसे में VIP दीर्घा खाली हो गया. भले ही सोनू के फ़ैन्स शो को एन्जॉय करते रहे. लेकिन नेताओं का बीच में जाना ही सोनू को खल गया. ऐसे में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में वो नेताओं पर जमकर बरसे और उन्हें ख़ूब खरी खोटी सुनाई.

जमकर बरसे सोनू

वीडियो में सोनू ने कहा,

अभी मैं जयपुर में हो रहे कॉन्सर्ट से आ रहा हूं. अभी ही ख़त्म करके लौटा हूं. बहुत अच्छा शो था. बड़ी-बड़ी हस्तियां और डेलीगेट्स थे. इनमें सीएम, यूथ और स्पोर्ट्स मिनिस्टर भी थे. मैंने देखा, बीच शो से सीएम और बाक़ी लोग उठ के चले गए. उनके जाते ही डेलीगेट्स भी चले गए. ऐसे में सारे पॉलिटिशियंस से निवेदन है कि अगर आप ही अपने आर्टिस्ट की कद्र नहीं करेंगे, तो बाहर के लोग क्या करेंगे.

परफ़ॉर्सेमेंस के बाद वो होटल पहुंचे थे. इस दौरान, उनका कहना था,

मैंने ऐसा कभी नहीं देखा कि अमेरिका में कोई परफ़ॉर्मेंस कर रहा है और वहां का प्रेसिडेंट बैठा है, फिर चला जाता है. बोलकर जाएगा या शायद नहीं जाएगा. मेरा आपसे निवेदन है कि अगर आप लोगों को उठकर जाना होता है न, तो आप आया ना करो या शो शुरू होने से पहले चले जाया करो. किसी भी आर्टिस्ट के शो को बीच में छोड़कर जाना, ये बड़ी नाकरदरदानी यानी बेइज़्ज़ती है. ये सरस्वती का अपमान है.

ये भी पढ़ें - 'इंडियन आइडल' बवाल पर सोनू निगम का बयान आया, विवाद रुकेगा या और राड़ा होगा?

गायक सोनू तंजिया लहजे में आगे बोले,

क्योंकि ये मैंने नोटिस नहीं किया है. जब आप लोग गए, तो सब लोगों के मैसेजेस आए. कहा गया- नहीं करने चाहिए ऐसे शोज़ आप लोगों को. क्योंकि अगर कोई उठकर जा रहा है, तो ये आप लोगों की कद्र नहीं. इसीलिए अगर जाना ही हो, तो परफ़ॉर्मेंस से पहले ही चले जाइए. आप बैठा ही मत करिए. मुझे पता है आप लोग बिज़ी होते हैं, आप महान हैं, आप लोगों के पास बहुत काम होते हैं, आप लोग बहुत सारी ज़िम्मेदारी संभालते हैं. तो एक शो में बैठकर आपको अपना ‘टाइम वेस्ट’ नहीं करना चाहिए. 

बता दें, ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024’ का आयोजन 9 से 11 दिसंबर, 2024 तक के लिए किया गया है.

वीडियो: KRK ने किया पाकिस्तानी सिंगर का गाना चोरी, माफी मांग सोनू निगम क्या बोले?

Advertisement

Advertisement

()