The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Malayalam actor Nivin Pauly booked for rape actor denies baseless allegations

मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में भूचाल, एक्टर निविन पॉली पर रेप का मामला दर्ज

रेप का आरोप लगाने वाली महिला के अनुसार यौन उत्पीड़न की ये घटना दुबई में एक साल पहले हुई थी. पुलिस ने बताया कि महिला ने आगे की जानकारी देने से इनकार कर दिया है. वहीं निविन पॉली ने खुद पर लगे आरोपों का जवाब दिया है.

Advertisement
pic
3 सितंबर 2024 (पब्लिश्ड: 10:44 PM IST)
Malayalam actor Nivin Pauly booked for rape actor denies baseless allegations
जस्टिस के हेमा कमेटी की रिपोर्ट सामने आने के बाद से निविन पॉली और कई अन्य एक्टर और डायरेक्टर्स पर महिला एक्टर्स द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं. (फोटो- X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मलयालम अभिनेता निविन पॉली पर बलात्कार के आरोप में मामला दर्ज किया गया है (Nivin Pauly booked for rape charges). एक 40 वर्षीय महिला ने निविन पॉली, मलयालम फिल्म प्रोड्यूसर एके सुनील और चार अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद 3 सितंबर को इनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. महिला ने आरोप लगाया है कि पॉली ने एक साल पहले दुबई में उनका यौन शोषण किया था.

हिंदुस्तान टाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक केरल के ओन्नुकल पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि IPC की धारा 376 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. अधिकारी ने बताया कि मामले में एक महिला सहित छह लोग आरोपी हैं.

महिला के अनुसार यौन उत्पीड़न की घटना ये दुबई में एक साल पहले हुई थी. अधिकारी ने कहा कि महिला ने आगे की जानकारी देने से इनकार कर दिया है. जस्टिस के हेमा कमेटी की रिपोर्ट सामने आने के बाद से मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कई महिलाओं ने निविन पॉली और कई अन्य एक्टर और डायरेक्टर्स पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं.

निविन का जवाब आया

पुलिस के मामला दर्ज करने के बाद निविन का जवाब सामने आया है. 3 सितंबर की शाम एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर लिखा,

"मुझे एक झूठी न्यूज़ रिपोर्ट मिली है जिसमें मुझ पर एक लड़की के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है. कृपया जान लें कि ये पूरी तरह से झूठ है. मैं इन आरोपों को निराधार साबित करने के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं और जिम्मेदार लोगों को सामने लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाऊंगा. आपकी चिंता के लिए धन्यवाद. मामला कानूनी तरीके से हैंडल किया जाएगा."

17 केस दर्ज किए जा चुके हैं

पिछले महीने जस्टिस के हेमा कमेटी ने 235 पन्नों की एक रिपोर्ट जारी की. ये मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के उत्पीड़न के सच को उजागर करती है. रिपोर्ट बताती है कि कैसे मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में सुनियोजित तरीके से महिलाओं का शोषण किया जाता है. इसमें कई ऐसी बातें हैं जिनसे शोषण और भेदभाव के बारे में पता चलता है. इसके पहले पन्ने में ही चेताया गया है, हर एक चीज पर भरोसा करने से. तर्क दिया है कि आसमान रहस्यों से भरा है, तारे चमकते हुए नजर आते हैं और चांद खूबसूरत दिखाई देता है. लेकिन विज्ञान की मानें तो ऐसा कुछ भी नहीं है.

 मलयालम फ़िल्म उद्योग के बड़े-बड़े चेहरों के खिलाफ जो आरोपों की बाढ़ आई है, इसने राज्य और अन्य उद्योगों में हलचल पैदा कर दी है. कई फिल्मी 'सितारों' और निर्माताओं से पूछताछ की जा रही है. मीडिया इसे मलयालम इंडस्ट्री का #MeToo आंदोलन बता रही है. एक्ट्रेसेज़ के यौन उत्पीड़न और यौन अपराध के संबंध में अब तक 17 केस दर्ज किए जा चुके हैं. 27 अगस्त को मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े संगठन AMMA ने नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए ख़ुद को भंग कर लिया. जाने-माने अभिनेता मोहनलाल ने चेयरपर्सन के पद से इस्तीफा दे दिया.

वीडियो: 5 साल बाद बाहर आई Hema Committee Report, कौन सा काला सच सामने आया?

Advertisement

Advertisement

()