'बॉर्डर 2' कार्तिक आर्यन को कभी ऑफर ही नहीं हुई!
'बॉर्डर-2' के मेकर्स आयुष्मान खुराना के पास पहुंचे हैं. सनी देओल की सुपरहिट फिल्म 'बॉर्डर' का सीक्वल बनाने की गतिविधियां तेज़ हो गई हैं.

'गदर-2' के सुपर हिट होने के बाद से ही सनी देओल की पुरानी फिल्मों पर खूब बातें हो रही हैं. उनकी कई हिट फिल्मों के रीमेक की बात चल रही है. उन्हीं में से एक है 'बॉर्डर'. जे पी दत्ता की ये मल्टीस्टारर फिल्म हिंदी सिनेमा की बेहद कामयाब फिल्मों में से एक है. अब इसका रीमेक बन रहा है. 'बॉर्डर-2' नाम से. पहली 'बॉर्डर' की तरह ही ये भी एक मल्टीस्टारर फिल्म होगी. सनी देओल तो होंगे ही, उनके अलावा भी कई एक्टर्स होंगे. मेकर्स इस दौर के कई एक्टर्स को अप्रोच कर रहे हैं. इसी कड़ी में कार्तिक आर्यन से भी बात की गई थी, लेकिन खबरें आईं कि उन्होंने 'बॉर्डर-2' करने से इंकार कर दिया. .
टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक़ मेकर्स ने कार्तिक आर्यन को 'बॉर्डर-2' की स्क्रिप्ट भेजी थी. इस एक्शन पैक्ड सीक्वल में जितने लीडिंग रोल्स हैं, उनमें से एक कार्तिक को ऑफर किया गया था. कहा गया कि कार्तिक को स्क्रिप्ट कोई ख़ास पसंद नहीं आई. इसलिए उन्होंने फिल्म करने से इंकार कर दिया. ये भी बताया गया कि कार्तिक अपने करियर के इस दौर में मल्टीस्टारर फ़िल्में करने के इच्छुक नहीं हैं और 'बॉर्डर-2' ऐन ऐसा ही प्रोजेक्ट है. पहली वाली 'बॉर्डर' की तरह ही इसमें मल्टीपल हीरोज़ होंगे. सब पर फोकस रहेगा. कार्तिक ऐसी कोई फिल्म नहीं करना चाहते, जिसमें कई सारे स्टार हों.
हालांकि इन तमाम ख़बरों की कार्तिक आर्यन की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. पिंकविला में छपी एक रिपोर्ट की माने तो कार्तिक को ये फिल्म कभी ऑफर ही नहीं हुई थी. इस रिपोर्ट के मुताबिक़ कार्तिक से जुड़े एक सोर्स ने ऐसी तमाम ख़बरों को बेसलेस बताया है. उन्होंने कार्तिक के फैन्स से अपील की कि वो लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और सिर्फ ऑफिशियल सोर्सेस पर ही भरोसा करें.
बहरहाल, एक और रिपोर्ट के मुताबिक़ 'बॉर्डर-2' के मेकर्स अब आयुष्मान खुराना के पास पहुंचे हैं. कहा जा रहा है कि डील लगभग क्लोज़ हो चुकी है और बहुत जल्द इस बात की ऑफिशियल अनाउंसमेंट होगी. अगर ऐसा हुआ तो सनी देओल और आयुष्मान खुराना का दिलचस्प कॉम्बिनेशन जल्द ही देखने को मिलेगा.
'बॉर्डर-2' के बारे में अब तक जितनी जानकारी बाहर आई है, उसके मुताबिक़ ये फिल्म भी 1971 की इंडो-पाक वॉर पर आधारित होगी. किसी ऐसी कहानी पर आधारित होगी, जो आज तक बड़े परदे पर नहीं कही गई. सनी देओल अपना 'बॉर्डर' वाला रोल ही रिपीट करेंगे. 'बॉर्डर' में उन्होंने मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी का किरदार निभाया था. 'बॉर्डर-2' को जे पी दत्ता और भूषण कुमार मिलकर प्रोड्यूस करेंगे. अभी फिल्म की स्क्रिप्ट फाइनल स्टेज में है और इसके अगले साल के मिड तक फ्लोर पर जाने की संभावना है. जे पी दत्ता और टीम इसे बहुत बड़े स्केल पर बनाने की तैयारियां कर रहे हैं. नतीजा क्या निकलेगा, इसका इंतज़ार करना पड़ेगा.
वीडियो: सनी देओल ने डर के दौरान शाहरुख खान के साथ हुए झगड़े पर कहा, वो नहीं होना चाहिए था

