क्या है ये साउथ की फिल्म 'कार्तिकेय 2', जिसे 'लाल सिंह चड्ढा' और 'रक्षा बंधन' के पिटने का फायदा मिल गया?
अब तक तो 'लाल सिंह चड्ढा' और 'रक्षा बंधन' ही आपस में भिड़ रही थीं. ये तीसरा कौन आ गया?

आमिर खान की 'लाल सिंह चड्ढा' और अक्षय कुमार की 'रक्षा बंधन'. बीते हफ्ते ये दो फिल्में एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज़ हुईं. 15 अगस्त वाले लॉन्ग वीकेंड को ताड़ते हुए ये फिल्में 11 अगस्त को रिलीज़ हुई थीं. मगर उसका कुछ फायदा नहीं हुआ. टिकट खिड़की पर दोनों की भद्द पिट रही है. इनके दो दिन बाद यानी 13 अगस्त को एक तेलुगु फिल्म थिएटर्स में उतरी. नाम- Karthikeya 2. हिंदी सिनेमा के दो धुरंधरों की भिड़ंत के बीच इस छोटी रीजनल फिल्म पर किसी ने ध्यान नहीं दिया. मगर आज की तारीख में 'कार्तिकेय 2' चर्चा का विषय बनी हुई है. क्यों? अपनी कमाई की वजह से. वो भी हिंदी बेल्ट में.
# क्या है Karthikeya 2?2014 में 'कार्तिकेय' नाम की एक मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म आई थी. ये कार्तिकेय नाम के एक मेडिकल स्टूडेंड की कहानी थी. कार्तिकेय को एक ऐसे मंदिर के बारे में पता चलता है, जहां जाने वालों की मौत हो जाती है. सांप के काटने से. जो भी उस मामले की तहकीकात के लिए जाता है, वो कभी वापस नहीं आता. कार्तिकेय मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है. इसलिए वो इन सुपरनैचुरल चीज़ों में यकीन नहीं रखता. वो तय करता है कि इस मामले की तह तक जाएगा. इस रहस्योद्घाटन के फेर में उसका सामना कई सच्चाइयों से होता है.
4-5 करोड़ रुपए के छोटे बजट पर बनी इस फिल्म को खूब पसंद किया गया. फिल्म ने 20 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई की. इसके 8 साल बाद फिल्म का सीक्वल, 'कार्तिकेय 2' रिलीज़ हुई. इस फिल्म की कहानी एक दूसरी घटना के बारे में है. मगर इस कहानी का नायक भी कार्तिकेय ही है. अब वो मेडिकल की पढ़ाई पूरी करके डॉक्टर बन गया है. वो अपनी मां के साथ महाकाव्यों में ज़िक्र पाए शहर द्वारका जाता है. यहां वो एक मर्डर केस में उलझ जाता है. 'कार्तिकेय 2' इसी बारे में बात करती है.
# Karthikeya 2 अभी चर्चा में क्यों है?
'कार्तिकेय 2' के चर्चा में होने की वजह है हिंदी भाषी इलाकों में फिल्म की अच्छी कमाई. पहले तो सबका ध्यान 'लाल सिंह चड्ढा' और 'रक्षा बंधन' के क्लैश पर लगा हुआ था. मगर इन दोनों हिंदी फिल्मों के पिटने का फायदा 'कार्तिकेय 2' को मिल रहा है. शनिवार को रिलीज़ हुई इस फिल्म के हिंदी वर्ज़न को 8 लाख रुपए की ओपनिंग मिली थी. मगर तब से इसकी कमाई रोज़ाना बढ़ रही है. फिल्म के हिंदी वर्ज़न की प्रति दिन कमाई हम आपको नीचे क्रमवार तरीके से बता रहे हैं-
* रविवार- 26 लाख रुपए
* सोमवार- 1 करोड़ रुपए
* मंगलवार- 80 लाख रुपए
टोटल- 2.16 करोड़ रुपए
ये अच्छी ग्रोथ है. जो आने वाले समय में और बेहतर हो सकती है. क्योंकि ये फिल्म द्वारका में घटती है और अगले वीकेंड पर कृष्ण जन्माष्टमी पड़ रही है. इसलिए अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि पब्लिक इस फिल्म को देखने सिनेमाघरों में जाएगी.
इस फिल्म सीरीज़ में निखिल सिद्धार्थ, नायक कार्तिकेय का रोल करते हैं. 'कार्तिकेय 2' में निखिल के साथ अनुपमा परमेश्वरम और अनुपम खेर भी ज़रूरी किरदारों में नज़र आ रहे हैं. फिल्म को डायरेक्ट किया है चंदू मंडेटी ने.

# Laal Singh Chaddha और Raksha Bandhan कलेक्शन?
आमिर खान और करीना कपूर स्टारर 'लाल सिंह चड्ढा' ने सोमवार तक 45.83 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है. ये आमिर खान की फिल्म होने के लिहाज़ से बहुत कम रकम है. ट्रेड पंडितों ने मान लिया है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की मदद से अपनी लागत भी वसूल नहीं कर पाएगी. 'फॉरेस्ट गंप' के ऑफिशियल हिंदी रीमेक 'लाल सिंह चड्ढा' को लगातार बहिष्कृत करने की मांग चल रही थी. इस फिल्म के पिटने के पीछे बॉयकॉट ट्रेंड को सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है. हालांकि फिल्म को काफी पॉज़िटिव रिव्यूज़ भी मिले हैं.
दूसरी तरफ अक्षय कुमार की 'रक्षा बंधन' की हालत भी पतली है. इस फिल्म ने सोमवार तक 34.47 करोड़ रुपए का कारोबार किया है. किसी भी दिन इस फिल्म की कमाई दहाई के आंकड़े को नहीं छू पाई है. 'रक्षा बंधन' की कमाई क्यों इतनी कम रही, इसके पीछे की वजह साफ नहीं हो पा रही है. आनंद एल. राय के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को समीक्षकों ने भी खारिज कर दिया है.

