The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Apple TV Plus is an OTT ad-free subscription video on demand web television service of Apple Inc, know what are it's main features and shows

आ गया 'ऐपल टीवी प्लस', जिसे फ्री में देखने का सिर्फ यही एक तरीका है

जानिए 'नेटफ्लिक्स', 'हॉटस्टार' को ये कैसे टक्कर देगा और इसमें कौन-कौन से शो देखे जा सकते हैं?

Advertisement
pic
17 जनवरी 2020 (अपडेटेड: 17 जनवरी 2020, 11:40 AM IST)
Img The Lallantop
ऐपल टीवी प्लस में आने वाली दो सीरीज़- लेफ्ट में 'सी' और राईट में 'फॉर ऑल मैनकाइंड'.
Quick AI Highlights
Click here to view more
आपके पास मोबाइल है? या लैपटॉप? या स्मार्ट टीवी? मतलब किसी भी तरह से एक स्क्रीन और जो इंटरनेट से कनेक्टेड हो? अगर हां, तो फिर ऐसा संभव ही नहीं कि आप ओटीटी से परिचित न हों. हो सकता है कि आप उसे ओटीटी नहीं कुछ और कहते होंगे. ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स, ऑनलाइन वीडियो प्लेटफॉर्म्स.
इसमें उपलब्ध रहता है ढेर सारा ऑडियो विज़ुअल कॉन्टेंट. मूवी, सीरियल, डॉक्यूमेंट्री, न्यूज़, गाने, इंटरव्यू या लाइव शो और स्पोर्ट्स. अब जैसे टीवी में कई चैनल होते हैं, वैसे ही ओटीटी या स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स भी दर्जनों हैं. भारत में हॉटस्टार, नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम सबसे चर्चित प्लेटफॉर्म्स हैं.
'ऐपल टीवी प्लस' के साथ ओप्रा विनफ्रे के अलावा वो सभी सेलेब्रिटीज़ और लोग जुड़ रहे हैं, जो इस तस्वीर में हैं. आप इनमें से कितनों को पहचानते हैं? 'ऐपल टीवी प्लस' के साथ ओप्रा विनफ्रे के अलावा वो सभी सेलेब्रिटीज़ और लोग जुड़ रहे हैं, जो इस तस्वीर में हैं. आप इनमें से कितनों को पहचानते हैं?

अब दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी (मार्केट वैल्यू के हिसाब से) अपना वीडियो प्लेटफॉर्म लॉन्च कर रही है. हम बात कर रहे हैं ऐपल और उसके ब्रांड न्यू प्रोडक्ट 'ऐपल टीवी प्लस' की. पॉइंटर्स में इसके बारे में जानते हैं-
# अव्वल तो 'ऐपल टीवी प्लस' को हमें 'ऐपल टीवी' से कन्फ्यूज़ नहीं करना होगा. 'ऐपल टीवी' जहां ऐपल कंपनी का प्रोडक्ट है वहीं 'ऐपल टीवी प्लस' सर्विस. मने जहां 'ऐपल टीवी' का कंपटीशन सैमसंग, सोनी से है, वहीं 'ऐपल टीवी प्लस' का नेटफ्लिक्स और अमेज़न प्राइम से. तो इस कन्फ्यूज़न से निपट चुकने के बाद आइए अब सिर्फ 'ऐपल टीवी प्लस' पर फोकस करें.
# 'ऐपल टीवी प्लस' के लॉन्च होने की घोषणा मार्च, 2019 में ही ऐपल के एक इवेंट में हो गई थी. और ये लॉन्च हुआ 1 नवंबर, 2019 को. 'ऐपल टीवी प्लस' जब लॉन्च हुआ था तब इसमें नेटफ्लिक्स की तरह सैकड़ों चीज़ें नहीं डाली गईं. कुल 9 टाइटल्स के साथ लॉन्च होने वाले 'ऐपल टीवी प्लस' में इस वक्त भी सिर्फ 13 टाइटल्स हैं
. जिनमें से 10 सीरीज़ हैं और 3 फिल्म्स.
'ऐपल टीवी प्लस' के बारे में मार्च 2019 में ही घोषणा कर दी गई थी. 'ऐपल टीवी प्लस' के बारे में मार्च 2019 में ही घोषणा कर दी गई थी.

# 'ऐपल टीवी प्लस' 100 देशों में एक साथ लॉन्च किया गया. इन सौ देशों में भारत भी एक था. हालांकि शुरुआत में कहा गया था कि ऐपल अपनी इस प्रीमियम सर्विस को डेढ़ सौ देशों में एक साथ लॉन्च करेगी. पर ये हो न सका.
# अगर आपने नेटफ्लिक्स और एमेजन प्राइम यूज़ किया है तो आपको पता लग जाएगा कि 'ऐपल टीवी प्लस' इनसे थोड़ा अलग है. क्यूंकि जहां बाकी प्लेटफॉर्म्स पर किसी शो के एक सीज़न के सारे एपिसोड एक साथ अपलोड हो जाते हैं, वहीं 'ऐपल टीवी प्लस' में एपिसोड्स एक-एक करके अपलोड होते हैं. जैसे टीवी में किसी सीरियल का हर हफ्ते एक एपिसोड आता है न, वैसे ही. मतलब ये कि आप किसी शो की बिंज वॉचिंग नहीं कर पाओगे. और अगर करना ही चाहो तो आपको उतने हफ्ते रुकना पड़ेगा, जितने हफ्ते तक किसी शो के एक सीज़न के सारे एपिसोड नहीं स्ट्रीम होने लग जाते.
# 'ऐपल टीवी प्लस' का इंडिया में सबस्क्रिप्शन है 99 रुपए प्रतिमाह. लेकिन ये सबस्क्रिप्शन लेने से पहले आप एक हफ्ते तक 'ऐपल टीवी प्लस' का मुफ्त में आनंद ले सकते हैं.
# ऐपल का प्रोडक्ट यूज़ कर रहे लोगों के लिए एक खुशखबरी है. वो ये कि अगर आपने 10 सितंबर, 2019 में या उसके बाद ऐपल का कोई प्रोडक्ट खरीदा है तो आपको 'ऐपल टीवी प्लस' का एक साल का सबस्क्रिप्शन फ्री मिल जाएगा.
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स का कंपटीशन इंडिया में भी तगड़ा होने वाला है. स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स का कंपटीशन इंडिया में भी तगड़ा होने वाला है.

# अगर आपको मोबाइल पर नेटफ्लिक्स का कोई प्रोग्राम देखना हो, तो इसके लिए आपको गूगल क्रोम या सफारी जैसा वेब ब्राउज़र नहीं नेटफ्लिक्स का ऐप खोलना पड़ता है. लेकिन 'ऐपल टीवी प्लस' के केस में थोड़ा अलग है. चूंकि एंड्रॉइड के लिए 'ऐपल टीवी प्लस' का अब तक कोई ऐप नहीं आया है, तो इसे देखने के लिए आपको अपना वेब ब्राउज़र खोलना होगा. मतलब पहले क्रोम या सफारी खोलिए फिर उसमें ऐपल टीवी प्लस
 खोलिए.
# हां लेकिन ये सब मेहनत आपको एंड्रॉइड स्मार्ट फोन्स के लिए ही करनी पड़ेगी. ऐपल के आई फोन में आप 'ऐपल टीवी प्लस' ऐप आसानी से डाउनलोड कर सकते हो. ऐपल के कई प्रोडक्ट्स में ये ऐप बाई डिफ़ॉल्ट (खरीदने के वक्त ही) इंस्टाल होगा. ऐपल टीवी प्लस और किन-किन डिवाइस को सपोर्ट करता है, उसकी पूरी लिस्ट आपको ऐपल टीवी प्लस की वेबसाइट
पर मिल जाएगी.
# चलिए अंत में ऐपल टीवी प्लस में स्ट्रीम हो रहे कुछ अच्छे शोज़ के बारे में बातें कर लेते हैं-
दी मॉर्निंग शो- गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स में 3 नॉमिनेशन्स पाने वाले इस शो से जुड़ा सबसे बड़ा नाम है 'जेनिफर एनिस्टन'. 'फ्रेंड्स' वालीं. अमेरिका के एक पॉपुलर टीवी शो,'दी मॉर्निंग शो' के इर्द गिर्द बुनी गई इस कहानी में एलेक्स (जेनिफर एनिस्टन) की स्टोरी दिखाई गई है. एलेक्स अपनी नौकरी बचाए रखने के लिए क्या-क्या करती है, यही 'दी मॉर्निंग शो' का बेसिक प्लॉट है.

सी (देखने के संदर्भ में)- हालांकि इस शो को समीक्षक दो धड़ों में बंट गए हैं, लेकिन इसकी कहानी सुनकर इसे देखने का मन करता है. 'सी' एक एक ऐसे डिस्टॉपियन समाज की कहानी कहती है, जहां हर कोई दृष्टिहीन है. सीरीज़ दिखाती है कि क्या होता है जब इस समाज में ऐसे जुड़वा जन्मते हैं, जो देख सकते हैं? इस सीरीज़ का सबसे बड़ा आकर्षण हैं इसके लीड एक्टर जोसफ मोमोआ. 'गेम ऑफ़ थ्रोंस' के खाल ड्रोगो और 'एक्वामैन' के एक्वामैन.

फॉर ऑल मैनकाइंड (पूरी मानवजाति के लिए)- ये ऐपल टीवी प्लस की सबसे ज़्यादा पसंद की गई सीरीज़ है. आपको पता है कि कोल्ड वॉर के दौरान कैसे अमेरिका और रूस के बीच 'स्पेस रेस' चल रही थी. मतलब अन्तरिक्ष पर कब्जा करने की दौड़. इसका पहला राउंड रूस से जीता था. अन्तरिक्ष में मानवों को भेजकर. दूसरा राउंड अमेरिका ने जीता. चांद पर इंसानों के कदम रखवाकर. क्या होता अगर ये रेस कभी ख़त्म न हुई होती? इसी सवाल को उठाते हुए इस साई-फाई विधा की सीरीज़ का निर्माण किया गया है.
# स्टोरी खत्म करें उससे पहले एक सवाल- क्या ऐपल टीवी का सब्सक्रिप्शन लें? उत्तर है कि 'निर्भर करता है'. निर्भर करता है कि आप क्या देखना पसंद करते हैं, कैसे देखना पसंद करते हैं. साथ ही जहां इसका सब्सक्रिप्शन शुल्क देखकर इसे लेने को प्रेरित करता है, वहीं इसमें उपलब्ध कंटेट इसे न लेने को.
इमां मुझे रोके है, जो खींचे है मुझे कुफ़्र, काबा मेरे पीछे है, कलीसा मेरे आगे.
तो 'ऐपल टीवी प्लस' के बारे में सारी जानकारी दे चुकने के बाद अंतिम निर्णय आप पर छोड़ते हुए हम स्टोरी का ग़ालिब के शेर के साथ समापन करते हैं.


वीडियो देखें-नेटफ्लिक्स ने इस साल इंडियन दर्शकों के लिए 4 डायरेक्टर्स के साथ 4 फिल्में बनाएगा

 

Advertisement

Advertisement

()