The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Election
  • Bhagwant Mann Delhi residence kapurthala house Police raided eci claims CM Atishi AAP

भगवंत मान के दिल्ली आवास क्यों पहुंची EC की टीम? AAP ने गंभीर आरोप लगा दिए

Punjab के CM Bhagwant Mann और Delhi की CM Atishi का कहना है कि चुनाव आयोग के अफसर और दिल्ली पुलिस की टीम, कपूरथला हाउस पर रेड डालने के लिए पहुंचे हैं. जो फोटो आए हैं उनमें कुछ अधिकारी मान के दिल्ली वाले घर के बाहर नजर आ रहे हैं. इस सब पर चुनाव आयोग का क्या कहना है?

Advertisement
bhagwant mann house raid delhi house
भगवंत मान के दिल्ली स्थित घर के बाहर मौजूद दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग के अफसर | फोटो: ANI
pic
सुशांत मेहरा
font-size
Small
Medium
Large
30 जनवरी 2025 (Updated: 30 जनवरी 2025, 07:28 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

दिल्ली विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियों का प्रचार अभियान जारी है. इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने दावा किया है कि चुनाव आयोग की एक टीम पंजाब के सीएम भगवंत मान के दिल्ली स्थित घर पर छापा डालने पहुंची है. भगवंत मान ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस के साथ चुनाव आयोग की टीम दिल्ली में उनके कपूरथला हाउस पर रेड करने पहुंची है. दिल्ली की सीएम आतिशी ने भी यही दावा किया है. जो फोटो-वीडियो आए हैं उनमें कुछ अधिकारी मान के दिल्ली वाले घर के बाहर नजर आ रहे हैं. इस मामले पर चुनाव आयोग से जुड़े अधिकारियों का भी बयान आया है, उनका कहना है कि एक शिकायत मिली थी, इसलिए टीम मौके पर जांच करने पहुंची है. क्या है ये पूरा मामला? आइए जानते हैं.

गुरुवार, 30 जनवरी को पंजाब के सीएम भगवंत मान और दिल्ली की सीएम आतिशी ने चुनाव आयोग की रेड की जानकारी दी. आतिशी ने एक्स पर लिखा,

‘दिल्ली पुलिस भगवंत मान जी के दिल्ली के घर पर रेड करने पहुंच गई है. BJP वाले दिन दहाड़े पैसे, जूते, चद्दर बांट रहे हैं- वो नहीं दिखता. बल्कि एक चुने हुए मुख्यमंत्री के निवास पर रेड करने पहुंच जाते हैं. वाह री BJP. दिल्ली वाले 5 तारीख़ को जवाब देंगे!’

रेड के दावे पर पुलिस और चुनाव आयोग क्या बोले?

इस मामले पर दिल्ली पुलिस का बयान भी सामने आया है. इसमें कहा गया है कि दिल्ली पुलिस की तरफ से कोई रेड नहीं की गई है. रिटर्निंग अफसर की टीम मौके पर जांच पड़ताल करने पहुंची है. दिल्ली पुलिस सिर्फ उनके सहयोग के लिए पहुंची है.

वहीं, DM नई दिल्ली और नई दिल्ली इलाके के जिला निर्वाचन अधिकारी ने आजतक से कहा,

‘हमें सी-विजिल ऐप्लीकेशन पर कैश बांटने की शिकायत मिली थी, अगर कोई शिकायत मिलती है तो उसे वेरिफाई किया जाता है. हमारी टीम कपूरथला हाउस पहुंची है. हालांकि अभी तक आवास में दाखिल नहीं हुए हैं, बातचीत कर रहे हैं… सी-विजिल ऐप एक ऐसा प्लेटफ़ॉर्म जहां कोई भी नागरिक आदर्श आचार संहिता (MCC) के कथित उल्लंघन की रिपोर्ट कर सकता है.’

उन्होंने आगे कहा,

‘मानक प्रोटोकॉल के तहत कपूरथला हाउस के नजदीक तैनात नई दिल्ली की फ्लाइंग स्क्वायड टीम को शिकायत की जांच करने भेजा गया. टीम को निर्धारित 100 मिनट के भीतर उचित कार्रवाई करके, इस केस को बंद करने का काम सौंपा गया था. फ्लाइंग स्क्वायड टीम तुरंत कपूरथला हाउस में कथित उल्लंघन वाली जगह पर पहुंच गई. हालांकि सुरक्षाकर्मियों द्वारा फ्लाइंग स्क्वायड की टीम को परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है.’

भगवंत मान के घर के बाहर मौजूद रिटर्निंग ऑफिसर ओपी पांडे ने न्यूज़ एजेंसी ANI ने कहा,

"सी-विजिल ऐप पर कपूरथला हाउस से पैसे बांटने की शिकायत मिली थी. हमारी फ्लाइंग स्क्वाड टीम यहां आई थी, जिसे अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई. हम परिसर में प्रवेश की अनुमति का इंतजार कर रहे हैं."

इस रेड को लेकर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा, 

‘आज दिल्ली पुलिस के साथ चुनाव आयोग की टीम दिल्ली में मेरे घर - कपूरथला हाउस - रेड करने पहुंची है. दिल्ली के अंदर भाजपा वाले खुले आम पैसे बांट रहे हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग को कुछ नहीं दिख रहा है. इस सब पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही.'

सीएम मान ने आगे लिखा, 'एक तरीके से दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर पंजाबियों को बदनाम कर रहे हैं, जो कि निंदनीय है.'

वीडियो: दिल्ली चुनाव: राहुल गांधी ने अरविंद केजरीवाल को पुराने दिनों की याद दिला दी!

Advertisement

Advertisement

()