The Lallantop

शोएब अख्तर ने ऑस्ट्रेलिया के सेलिब्रेट करने के अंदाज को घिनौना क्यों कहा?

ट्विटर पर बोले शोएब.

Advertisement
post-main-image
शोएब अख्तर और मैथ्यू वेड ( फोटो क्रेडिट : Shoaib Akhtar Youtube/ ICC twitter Screengrab)
T20 फॉर्मेट को ऑस्ट्रेलिया के रूप में नया चैंपियन मिला है. 15 सालों के लंबे इंतजार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने पहला T20 विश्वकप खिताब जीता. दुबई में खेले गए T20 विश्वकप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूज़ीलैंड को आठ विकेट से मात दी. धमाकेदार जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने खूब जश्न मनाया. मैदान पर भी और मैदान के बाहर भी. और ये जश्न फिलहाल खत्म नहीं होने वाला है. लेकिन ऑस्ट्रेलिया के जश्न मनाने के अंदाज पर पूर्व पाकिस्तानी पेसर शोएब अख्तर को ऐतराज़ है. अख्तर ने ट्विटर का सहारा लेते हुए कंगारुओं के जश्न को घिनौना करार दे दिया. लेकिन पाकिस्तान के इस तेज गेंदबाज ने ऐसा क्यों कहा? #ShoeyCelebration दरअसल, मैदान पर जश्न मनाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में आए. जहां मैथ्यू वेड और मार्कस स्टोइनिस ने फेमस 'शू सेलिब्रेशन' किया. ये ख़ास तरीके का सेलिब्रेशन है. जिसमें जूते में बीयर डालकर पीते हैं. यूरोपियन देशों में ऐसा कल्चर है. जिसे अब बाकी देश भी अपना रहे हैं. खिलाड़ी ही नहीं, आम लोग भी किसी बड़े कन्सर्ट या किसी ख़ास मौकों पर 'शू सेलिब्रेशन' का लुत्फ़ उठाते देखे जाते हैं. साल 2016 के जर्मन ग्रां प्री में ऑस्ट्रेलियाई फ़ॉर्मूला वन ड्राइवर डैनियल रिक्किआर्डो ने इसे फेमस किया था. पोडियम फिनिश करने के बाद डैनियल ने लुईस हैमिल्टन, निको रॉसबोर्ग और मेहमान के तौर पर आए मशहूर अभिनेता जेराड बटलर को जूते में बीयर डालकर पिलाई थी. और ऑस्ट्रेलिया की इस बड़ी जीत के बाद मैथ्यू वेड और मार्कस स्टोइनिस ने भी इसे दोहरा दिया. और ICC द्वारा शेयर किए जाने के बाद उनका ये वीडियो भी वायरल हो गया. और अब इस वायरल वीडियो पर कमेंट करते हुए शोएब अख्तर ने लिखा,
'जश्न मनाने का ये तरीका थोड़ा घिनौना है. है न?'
बता दें कि ऑस्ट्रेलियन प्लेयर्स के जश्न मनाने के अंदाज से भले ही शोएब अख्तर इत्तफ़ाक न रखते हों. लेकिन यह कल्चर पर निर्भर करता है. अब शोएब अख्तर को भले ही वेड और स्टोइनिस का ये सेलिब्रेशन घिनौना लगा हो. मगर यूरोपियन देशों में ऐसा सेलिब्रेशन आम है. बाकी पसंद-नापसंद के लिए हर कोई स्वतंत्र है.

Advertisement
Advertisement