The Lallantop

पाकिस्तान की हार का कारण क्या एक खिलाड़ी की पत्नी है?

लोगों ने क्या कुछ कहा है, खुद देखिए.

Advertisement
post-main-image
हसन अली वो ही क्रिकेटर हैं जिन्होंने ICC चैम्पियंस ट्रॉफी में पाकिस्तानी को कई मौकों पर जीत दिलाई थी. फोटो: AP/Samiya Instagram
12 गेंद में बैटिंग करने वाली टीम को जीतने के लिए 22 रन चाहिए हों. और सामने वो गेंदबाज़ हो जिसकी तेज़ रफ़्तार से आती गेंदों ने बड़ी-बड़ी टीमों को मुश्किल में डाला हो तो कोई भी कहेगा गेंदबाज़ी टीम का पलड़ा भारी है. ऐसा ही कुछ हुआ पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए ICC T20 विश्वकप 2021 के सेमीफाइनल नंबर 2 में. लेकिन यहां पर मैथ्यू वेड ने लगातार तीन छक्के लगाकर उस स्टार गेंदबाज़ और पाकिस्तान के विश्वकप फाइनल में पहुंचने के सपने को तोड़ दिया.
हालांकि कई लोगों का कहना है कि पाकिस्तान ये मैच इस ओवर में तब ही हार गया था. जब बाउंड्री लाइन पर हसन अली ने मैथ्यू वेड का आसान सा कैच ड्रॉप कर दिया. खै़र, हार का जो भी कारण रहा हो. कैच छूटना या छक्का खाना. लेकिन किसी की बीवी तो कतई नहीं हो सकती. बस यहीं पर बवाल छिड़ा हुआ है. कुछ भयंकर बद्तमीज़ लोग या फिर यूं कहें कि ट्रोलर्स. जिनका काम ही होता है किसी भी मैच या खेल के बाद इधर-उधर की बातों पर ध्यान डाइवर्ट करवाना.
ऐसा ही कुछ लोगों ने फिर से कर दिया है. इस पर इन ट्रोलर्स ने पाकिस्तान की हार में हसन अली की पत्नी को घसीटा है. पाकिस्तान के पेसर हसन अली ने सेकेंड लास्ट ओवर की तीसरी गेंद पर डीप मिड विकेट रीजन में कैच टपकाया और ट्विटर के खलिहर लोगों को हसन अली की पत्नी के रूप में एक सॉफ्ट टार्गेट मिल गया. हसन अली के इंस्टा पेज पर पाकिस्तान की हार के बाद लोगों ने खूब गंध फैलाया.
 
यहां तक कि इस्लाम धर्म में हसन अली की जाति को लेकर भी लोगों ने उन्हें भला-बुरा कहा. अब हमारी समझ से तो ये बाहर है कि किसी की पत्नी या किसी की जाति मैदान पर उसके खेल के आड़े कैसे आ सकती है.
खैर, ऐसे ज़ाहिलों पर ज़्यादा कुछ क्या ही कहना. हम लोग क्रिकेट देखते हैं और उसका मज़ा उठाते हैं.
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए इस मैच के बाद ऑस्ट्रेलियाई स्टार मैथ्यू वेड की भारत में एकाएक फैन फॉलोइंग बढ़ गई है. क्योंकि जिस गेंदबाज़ ने रोहित, राहुल और विराट को नहीं चलने दिया. वेड ने उस पर ही लगातार तीन छक्के लगाकर मैच को एकतरफा कर दिया.
दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के नतीज़े आ गए हैं. आने वाली 14 नवंबर के दिन ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के बीच विश्वकप फाइनल खेला जाएगा.

Advertisement
Advertisement