The Lallantop

सेमीफाइनल से पहले 36 घंटे तक ICU में रहा लौटा तो मैदान पर छा गया

इस पाकिस्तानी ने हार-जीत से बड़ा काम कर दिया.

Advertisement
post-main-image
पाकिस्तान क्रिकेट टीम. फोटो: AP
पाकिस्तान क्रिकेट फैंस का मनोभाव इस वक्त बिल्कुल वैसा ही होगा. जैसा 2019 क्रिकेट विश्वकप में भारत की हार के बाद इंडियन फैंस का था. क्योंकि इंग्लैंड में लगातार जीत के बाद भारत को खिताब का प्रबाल दावेदार बताया जा रहा था. और इस बार पाकिस्तानी फैंस भी कुछ उसी मिजाज़ में थे. पाकिस्तान की टीम हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. लेकिन उनके कई खिलाड़ियों को ढेर सारा प्यार मिल रहा है. फिर चाहें कप्तान बाबर आज़म हों या शाहीन शाह अफरीदी. लेकिन एक नाम खूब चमका है, मोहम्मद रिज़वान. टीम के कैम्पेन को इस तरह से आगे बढ़ाया कि बाकी टीमों का पूरा फोक्स इन पर शिफ्ट हो गया. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के बाद रिज़वान को लेकर एक ऐसी खबर आई है कि उनके जज़्बे की हर कोई तारीफ कर रहा है. जानकारी मिली है कि 11 नवंबर वाले मैच से पहले मोहम्मद रिज़वान दुबई के मीड्योर अस्पताल में 36 घंटों के लिए भर्ती थे. दरअसल उन्हें सीने में इंफ़ेक्शन था. जिसकी वजह से उन्हें ICU में एडमिट करना पड़ा. क्रिकइंफो ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबले के बाद पाकिस्तान टीम के डॉक्टर नजीबुल्लाह सूमरो ने कहा,
"उन्हें 9 नवंबर से सीने में जकड़न महसूस होने लगी थी. हालत सही नहीं थे, जिसकी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा. उन्हें इससे उबरने के लिए दो रातें ICU में बितानी पड़ीं. हालांकि आश्चर्यजनक रूप से वो मैच से पहले फ़िट हो गए, जो उनकी दृढ़ता को दिखाता है."
टीम के डॉक्टर ने ये भी बताया कि पूरा टीम मैनेजमेंट ये नहीं चाहता था कि मैच से पहले ऐसी कोई खबर सार्वजनिक हो. टीम के बैटिंग कोच मैथ्यू हेडन ने भी इस बारे में ब्रॉडकास्टर्स से बात की थी. उन्होंने बताया,
"एक रात पहले रिज़वान फेफड़ों में समस्या से जूझ रहे थे और अस्पताल में थे. वो एक फाइटर है और उसने पूरी ताक़त के साथ पाकिस्तान के वर्ल्ड कप कैम्पेन को थामा रखा."
टीम की तरफ से भले ही इस खबर का ऐलान देर से हुआ हो. लेकिन मैच से पहले ही ऐसी खबरें आ गईं थीं कि मोहम्मद रिज़वान और शोएब मलिक पूरी तरह से फिट नहीं हैं जिसकी वजह से वो टीम के प्रेक्टिस सेशन का हिस्सा भी नहीं बने सके. तबियत खराब होने के बाद इन दोनों ही खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट भी किया गया. जिसमें दोनों खिलाड़ियों की रिपोर्ट नैगेटिव आई. नौ नवंबर को अस्पताल में भर्ती होने के बाद अगले ही दिन रिज़वान को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. जिसके बाद उन्हें होटल के कमरे में मेडिकल निगरानी में रखा गया. फाइनल से पहले तक T20 विश्वकप 2021 में पाकिस्तान के दोनों ओपनर्स सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं. बाबर आज़म 303 रन बनाकर टॉप पर हैं. वहीं मोहम्मद रिज़वान 281 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं. रिज़वान ने इस विश्वकप में तीन अर्धशतक भी लगाए हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में रिज़वान ने 52 गेंदों पर 67 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली.

Advertisement
Advertisement