The Lallantop

वसीम अकरम की नज़र में कौन सी टीम बनने जा रही है चैम्पियन?

विनर कोई हो लेकिन अकरम ने एक कायदे की बात कही है.

Advertisement
post-main-image
वसीम अकरम और ऑस्ट्रेलिया. फोटो: AP/Twitter
T20 विश्वकप 2021 फाइनल अब बहुत दूर नहीं रहा. ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की टीम सभी 12 टीमों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाकर टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंची हैं. फाइनल से पहले क्रिकेट के कई दिग्गज वर्ल्ड चैम्पियन को लेकर अपना-अपना प्रेडिक्शन दे रहे हैं. इसी लिस्ट में एक नाम जुड़ा है पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ वसीम अकरम का. वसीम अकरम ने मैच से ठीक पहले कहा है कि उनकी नज़र में ऑस्ट्रेलिया की टीम इस विश्वकप की विजेता बनेगी. अकरम ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के पास न्यूज़ीलैंड के मुकाबले में थोड़ा सा एज ज़रूर है. इंडिया टुडे बात करते हुए वसीम अकरम ने कहा,
''ऑस्ट्रेलिया उनकी करंट T20 फॉर्म की वजह से खिताब के लिए फेवरेट नहीं थी. लेकिन अब आप डेविड वॉर्नर को देखिए वो इस टीम का अहम हिस्सा हैं. खासतौर पर T20 क्रिकेट में वो बेहद आक्रामक बल्लेबाज़ हैं और बिल्कुल सही समय पर अच्छी फॉर्म में आ गए हैं. हालांकि स्टीव स्मिथ उतने अच्छे टच में नहीं दिख रहे. लेकिन फिर भी वो अच्छी टीम दिख रही है. उनकी तेज़ गेंदबाज़ी अच्छी है. इस अहम फाइनल में मैक्सवेल और स्टोइनिस उनके पांचवें गेंदबाज़ होंगे. और न्यूज़ीलैंड उन पर कड़ी नज़र रखेगा.'' अकरम ने आगे कहा, ''सेमीफाइनल में जीत के बाद से ऑस्ट्रेलिया बेहद मज़बूत दिख रही है. अगर आप मुझसे पूछें कि कल के लिए कौन सी टीम फेवरेट है तो मैं कहूंगा कि रविवार के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के पास एज है.''
ऑस्ट्रेलिया को फेवरेट्स बताने के साथ ही वसीम अकरम ने इस बड़े मुकाबले के लिए दुबई के ग्राउंड्समेन और अधिकारियों से निवेदन किया है कि वो रविवार के मैच में ओस से निपटने के कुछ इंतज़ाम करें. दुबई के मैदान पर हमने कई बार देखा है कि टॉस जीतकर चेज़ करने वाली टीम को इस मैदान पर फायदा मिलता है. रात के पिछले 17 मुकाबलों पर नज़र दौड़ाई जाए तो 16 बार चेज़ करने वाली टीम जीती है. सुपर 12 के मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने इस मैदान पर चेज़ करते हुए चार में से तीन मुकाबले जीते हैं. वसीम अकरम ने टॉस और ड्यू फैक्टर पर कहा,
''ये सही नहीं है. मैच के अधिकारियों को कुछ विचारों के साथ आना चाहिए. वो मैदान को पूरा कवर नहीं कर सकते लेकिन दोनों ही टीमों को बराबरी का मौका मिलना चाहिए. टॉस का असर ज़रूर होगा. जैसा कि हम नहीं देखना चाहते लेकिन फिर भी इस विश्वकप में हमने देखा है कि टॉस जीतने वाली टीमों ने 80 से 90% तक मैच जीते हैं. ये चेज़ करने वाली टीम के लिए अच्छा है लेकिन ये सही नहीं है.''
दुबई के मैदान पर फाइनल में कौन सी टीम कामयाब होती है अब ये तो मैच के बाद ही पता चल पाएगा.

Advertisement
Advertisement