The Lallantop

आगरा: युवती की संदिग्ध हालात में मौत के बाद दो समुदाय के लोग भिड़े

हिन्दू लड़की ने मुस्लिम युवक से की थी लव मैरिज.

Advertisement
post-main-image
युवती की संदिग्ध परिस्थियों में मौत के बाद हंगामा करते लोग.

उत्तर प्रदेश का आगरा जिला. यहां एक युवती ने कथित तौर पर सुसाइड कर लिया. इसके बाद इलाके में हंगामा मच गया. आरोप है कि युवती की हत्या हुई है, इसीलिए उसका पति मौके से फरार है. मौत की सूचना मिलने के बाद मौके पर युवती के परिजन और भाजपा नेता पहुंचे. उन्होंने पुलिस से इंसाफ की मांग की और आरोपी को अरेस्ट करने के लिए कहा. इसी बीच वहां दो समुदायों में भी विवाद हो गया. आरोप है कि स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोग एक दूसरे पर फायरिंग और पथराव करने लगे.

Advertisement
क्या है मामला? इंडिया टुडे से जुड़े पत्रकार अरविंद शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की ने एक साल पहले अरमान नाम के लड़के से लव मैरिज की थी. ये शादी परिवार की मर्ज़ी के खिलाफ थी. पहले दोनों घर से अलग रह रहे थे. फिर कुछ दिन बाद अरमान शाहगंज चिल्ली पाड़ा में अपने घर पर आकर रहने लगा था. दोनों के बीच क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है, पर लड़की ने शुक्रवार 12 नवंबर को घर में ही फांसी लगा ली. सूचना मिलते ही मौके पर जैसे ही पुलिस पहुंची, उसका पति अरमान फरार हो गया.

पुलिस ने घटना की सूचना लड़की के परिवारवों को दी. वो भी आए. भाजपा के नेता भी पहुंच गए. लड़की और लड़का दोनों अलग-अलग समुदाय के थे. दोनों समुदाय के लोगों में बहस हुई. कथित तौर पर फायरिंग और पथराव शुरू हो गया. पुलिस पर भी हमला हुआ. इस वाकये के बाद भाजपा विधायक राम प्रताप सिंह चौहान और योगेंद्र उपाध्याय ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की. अरमान और उसके घरवालों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की.

SSP सुधीर कुमार ने बताया,

Advertisement

युवती ने दूसरे समुदाय के युवक के साथ शादी की थी. उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी.

वहीं भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय का कहना है कि पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलवाने के लिए हम थाने आए थे. मृतका के भाई ने थाने में तहरीर दी है कि उसकी बहन की हत्या की गई है. साथ ही पुलिस पर जो हमला हुआ है, उस पर भी FIR हो और कड़ी-से-कड़ी कार्रवाई हो.

भाजपा विधायक राम प्रताप सिंह चौहान ने मीडिया से बात करके हुए कहा कि हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए. ये बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जिन लोगों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग की है. उन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए.

Advertisement

Advertisement