रिपोर्ट के अनुसार, याचिका में कहा गया है कि CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि 21 जून की रात को समीर वानखाड़े रिटायर्ड एसीपी के घर आए थे. उनके साथ NCB की टीम भी मौजूद थी. याचिका के मुताबिक वानखेड़े रात को करीब 11 बजे वहां से चले गए, लेकिन पंचनामे में उनकी मौजूदगी का जिक्र नहीं हुआ और ना ही अभियोजन पक्ष इसका कारण स्पष्ट कर पाया.

Mumbai Police के रिटायर्ड ACP का आरोप है कि उनके बेटे की गिरफ्तारी के पंचनामे में Sameer Wankhade की मौजूदगी का जिक्र नहीं है.
याचिका में ये भी कहा गया है कि NCB की टीम करीब साढ़े 11 बजे श्रेयस को लेकर निकली. इस दौरान टीम के पास कुछ पैकेट थे, जो सील नहीं थे. जबकि टीम ने दावा किया है कि उसे श्रेयस के पास से 300 ग्राम गांजा और LSD के 436 ब्लॉट्स मिले. ये भी कहा गया कि वानखेड़े के साथ वीवी सिंह भी आए थे, जो आर्यन खान मामले के जांच अधिकारी हैं.
रिटायर्ट ACP ने ये भी आरोप लगाया है कि उन्होंने NCB टीम से अपने घर पर ही पंचनामा मांगा था, लेकिन टीम ने ऐसा करने से इन्कार कर दिया. यही नहीं, जब उन्होंने पंचनामे के लिए NCB को मेल किया तो उन्हें कथित रूप से धमकी दी गई कि उनके बेटे के खिलाफ और बड़ा केस बनाया जाएगा. पहले भी लगे ऐसे आरोप इससे पहले एक दूसरे मामले के आरोपी जैद राना ने भी समीर वानखेड़े के खिलाफ इसी तरह के आरोप लगाए थे. जैद ने कहा था कि समीर वानखेड़े ने उनके घर में आकर ड्रग्स रख दिए. उनके मुताबिक, वानखेड़े ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि वानखेड़े की उनके परिवार से दुश्मनी है. जैद ने भी अपने आरोपों में CCTV फुटेज का जिक्र किया है. उनका कहना है कि समीर वानखेड़े उनके घर आए लेकिन पंचनामे में उनकी मौजूदगी का जिक्र नहीं है.

महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री Nawab Malik भी Sameer Wankhede को लगातार घेरने में लगे हुए हैं.
दूसरी तरफ महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और NCP नेता नवाब मलिक लगातार समीर वानखेड़े के ऊपर आरोप लगा रहे हैं. उनका आरोप है कि वानखेड़े अपनी ताकत का बेजा इस्तेमाल लोगों को झूठे मामलों में फंसाने के लिए करते हैं और फिर उनसे उगाही करते हैं. नवाब मलिक का कहना है कि आर्यन खान को मिली जमानत और बॉम्बे हाई कोर्ट के जमानत संबंधी आदेश ने इन आरोपों को और पुख्ता किया है. गौरतलब है कि हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि क्रूज ड्रग्स मामले में NCB आर्यन खान और अन्य दो आरोपियों के खिलाफ सबूत पेश नहीं कर पाई है.














