The Lallantop

दिवाली के दिन बिरयानी की दुकान खोलने पर मुस्लिम दुकानदार को धमकी, वीडियो वायरल

धमकाने वाले व्यक्ति ने खुद को राष्ट्रीय बजरंग दल का बताया, पुलिस ने केस दर्ज किया,

Advertisement
post-main-image
बुराड़ी में बिरयानी की दुकान चलाने वाला आलम मुरादाबादी.

दिल्ली का बुराड़ी. यहां के संत नगर इलाके का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक व्यक्ति बिरयानी की दुकान चलाने वाले मुस्लिम दुकानदार को धमका रहा है. उससे अभद्र भाषा में बात कर रहा है. उसकी दुकान को आग लगाने तक की धमकी दे रहा है. धमकी देने वाला खुद को बजरंग दल का बता रहा है. दिल्ली पुलिस ने इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई कर रही है.

Advertisement

वीडियो में क्या है?

दो मिनट 20 सेकेंड के इस वीडियो में एक व्यक्ति चिल्लाते हुए कहता है-

ज़ामा मस्ज़िद है क्या ये? किसके इशारे पर खोली है तुमने ये? कोई बोलता नहीं है? ये हिंदुओं का एरिया है और ये खोल रहे हैं. आज हमारी दिवाली है. तुम लोग ईमान खराब करने के लिए आए हो, तुम लोग छूट दे रहे हो इनको? ये बड़ी दिवाली के दिन बुराड़ी के संत नगर की मेन मार्केट में मुसलमानों ने अपनी दुकान खोल रखी है. यहां कोई एरिया मुसलमानी एरिया नहीं है. टोटल हिंदू रहते हैं यहां पर.

Advertisement

अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उस व्यक्ति ने आगे कहा अगर ईद वाले दिन मैं मस्ज़िद के सामने ....काटूं, तो तुम्हें अच्छा लगेगा? इस पर दुकानदार ने कहा कि वो दुकान बढ़ा ही रहे थे यानी बंद ही करने वाले थे.

इस पर भी उस व्यक्ति ने गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं और कहा-

अपने कायदे में रह लो. आग लग जाएगी यहां पर. वहीं दुकान के बाहर खड़े लोगों से कहा कि ये हमारे हिंदू भाई-बहन हैं. सब सो रहे हैं. अरे जाग जाओ. ये सब लव जिहाद करते हैं हमारी बहन बेटियों के साथ. नाम बदलकर फंसाते हैं हमारी लड़कियों को ये.

Advertisement

धमकाते हुए आगे कहा कि अगर किसी त्योहार पर दुकान खुलती देख ली न... याद रख लियो अब.

इस वीडियो के अंत में जहां दुकानदार अपना सारा सामान दुकान के अंदर शिफ्ट करते हुए दिखते हैं. वहीं आरोपी अपना नाम नरेश कुमार सूर्यवंशी, राष्ट्रीय बजरंग दल बताता है.

'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, दुकानदार का नाम आलम मुरादाबादी है. उनकी बुराड़ी में बिरयानी की दुकान है. दिवाली के दिन 4 नवंबर को उन्होंने दुकान खोली. तभी दुकानदार और स्टाफ को कथित तौर पर नरेश कुमार आकर धमकाने लगा और दुकान बंद करने के लिए कहने लगा. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

दुकानदार का क्या कहना है?

रिपोर्ट के मुताबिक, 27 साल के मगरुब अली, जो आलम के नाम से भी जाने जाते हैं, वो बिरयानी की दुकान चलाते हैं. उनका कहना है कि मार्केट में मौजूद लोग हमारा सपोर्ट कर रहे थे. फिर भी हमने घटना के तुरंत बाद अपनी दुकान बढ़ा दी. हमें नहीं पता कि उसने हमें क्यों निशाना बनाया, पर हमें लगता है कि वह सिर्फ भड़काना और डर पैदा करना चाहता था.

उन्होंने आगे बताया,

सात लोग दुकान पर काम करते हैं. और बिरयानी बनाकर, बेचकर अपना गुजारा करते हैं. और ऐसा भी नहीं कि कोई दुकान से लेता ही नहीं है. दुकान के सामने से गुज़रने वाले ज्यादातर लोग एक प्लेट तो जरूर पैक कराते हैं. साल भर इस बिज़नेस को खड़े होने में लगे. 

रिपोर्ट के मुताबिक, दुकान में काम करने वाले सभी प्रवासी हैं, काम की तलाश में दिल्ली आए थे. मगरुब अली ने आठ साल पहले अलीगढ़ के एक रेस्टोरेंट में बिरयानी बनाना सीखा और अब दिल्ली में आकर खुद की दुकान खोल ली. उन्होंने बताया कि उनका परिवार यूपी के रामपुर का रहने वाला है, जो खेती-किसानी करता है. यहां वह अपने बड़े भाई ऐज़ाज और अन्य के साथ मिलकर रोजी-रोटी कमा रहे हैं.

Advertisement