The Lallantop

बिहार: 4 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या, 3 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

पीड़ित बच्ची के परिजनों और अन्य लोगों ने उसका शव रख प्रदर्शन किया है.

Advertisement
post-main-image
मधेपुरा में बच्ची की कथित तौर पर रेप का बाद हत्या की जांच करने पहुंची पुलिस.
बिहार का मधेपुरा जिला. यहां एक 4 साल की बच्ची की कथित तौर पर रेप के बाद हत्या कर दी गई. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि आरोपी उसकी गिरफ्त से बाहर है. इसके खिलाफ परिजनों और गांव वालों ने बच्ची का शव रखकर प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की है. क्या है मामला? आजतक से जुड़े धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला 7 दिसंबर का है. पुरैनी बाजार इलाके में रात 8 बजे के करीब बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी. आरोप है कि नजदीक ही रहने वाला 24 वर्षीय एक युवक आया और बच्ची को बाइक पर बिठाकर योगिराज रोड ले गया. जब बच्ची रात के 10 बजे तक नहीं लौटी तो पिता ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की. इस दौरान घर से एक किलोमीटर दूर एक तालाब के पास झाड़ी में खून से लथपथ बच्ची का शव मिला. बच्ची के पिता ने आजतक को बताया,
8 बजे के करीब में मुझे पता चला कि मेरी बच्ची गुम हो गई है. मेरी पत्नी ने इस बारे में मुझे बताया. हमने उसे खोजना शुरू किया, लेकिन वो हमें कहीं नहीं मिली. हमने आरोपी के भाई को पकड़ा और पूछा कि मेरी बच्ची कहां है, लेकिन वो मुझे ही कहने लगा कि तुम्हारे ही घर में इंक्वारी करेंगे. तुमने ही छिपाकर रखा है. मैंने उससे कहा कि मेरी मां और पत्नी ने तुम्हारे भाई को मेरी बच्ची को ले जाते हुए देखा है. उसे बुलाओ और पूछताछ करो. बच्ची के हाथ में तुम्हारे भाई ने मोबाइल दिया था, कुरकुरे दिए थे. लोग भी बोल रहे थे कि वो लेकर गया था. सभी लोगों ने यही बात कही, लेकिन आरोपी के भाई ने बात नहीं मानी.
पीड़िता के पिता ने आगे बताया,
उसने मेरे घर की इंक्वारी की. हमें डेढ़ घंटे तक उलझाकर रखा. लेकिन जब तक आरोपी बच्ची को दफनाता हम (उसे) खोजते हुए मौके पर पहुंच गए. (शव को) पोखर की बगल में झाड़ी में छिपाकर रखा था. बच्ची के शरीर पर सिर्फ एक बनियान थी. बच्ची खून से लथपथ थी. हम इंसाफ चाहते हैं. हमने FIR करा दी है. पुलिस भी आई थी. छानबीन की. आरोपी का भाई और पूरा परिवार उसे सपोर्ट कर रहा है. हमें न्याय चाहिए.
खबर के मुताबिक घटनास्थल पर आरोपी की बाइक और जैकेट मिले हैं. शिकायत मिलने पर उसके खिलाफ POCSO एक्ट, रेप और हत्या का केस दर्ज किया गया है. वहीं आरोपी के भाई के खिलाफ लाश को छिपाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है. हालांकि घटना के 3 दिन बाद तक भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है. इसके खिलाफ परिजनों और गांव के कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया और दोषी को फांसी देने की मांग की. वहीं दैनिक भास्कर से बातचीत में थानाध्यक्ष दीपकचंद्र दास ने कहा है कि छानबीन चल रही है. इस बीच कुछ लोग मामले को पंचायत की राजनीति से भी जोड़कर देख रहे हैं. बताया गया है कि आरोपी पक्ष के लोग पंचायत चुनाव लड़ रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement