पुराने नोट बंद होने से कौन परेशान है? जाहिर है लाइन में लगे लोग. पाई पाई को तरसते लोग. लेकिन इनसे ज्यादा परेशान कौन है? यही तो प्रॉब्लम है. आप सिर्फ बोलने वालों की सुनते हैं. चुपके चुपके आंसू बहाने वालों पर आपका ध्यान नहीं जाता. सबसे ज्यादा दुखी होंगे वो नोट. जो कल खजाना थे. आज कबाड़ हो गए. रद्दी हो गए. कल किसी को भी खरीद सकने वाले आज खुद किलो के भाव बिक रहे हैं. कोई जला रहा है छिपाकर. कोई नाले में फेंक रहा है. खारे नाले में मुंह धोके आने पर भी इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा. ये इन नोटों की बदनसीबी है. ये कचरा ही बनेंगे. इनकी शहादत कुबूल की जाए. इस शहादत को आंखों के सामने फिल्मा रहे हैं संजय झा मस्तान. ये अपनी बात फिल्मों से समझा सकते हैं. लिख के बता सकते हैं. क्योंकि मुंबई में रहते हैं. मायानगरी में फिल्में बनाते, लिखते और निर्देशित करते हैं. अब इस सर्कस शो और आपके बीच में ज्यादा देर अटके रहने की कोई जरूरत नहीं लग रही मुझे. तो अब तुम्हारे हवाले लेखन साथियों.
'कैश शो' से बेआबरू विदाई पर फूट फूटकर रोए हजार- पांच सौ
नोट बैन होने से सबसे ज्यादा दर्द किसे हुआ. पढ़ो ये सर्कस का शो.
Advertisement

फोटो - thelallantop
पुराने नोट बंद होने से कौन परेशान है? जाहिर है लाइन में लगे लोग. पाई पाई को तरसते लोग. लेकिन इनसे ज्यादा परेशान कौन है? यही तो प्रॉब्लम है. आप सिर्फ बोलने वालों की सुनते हैं. चुपके चुपके आंसू बहाने वालों पर आपका ध्यान नहीं जाता. सबसे ज्यादा दुखी होंगे वो नोट. जो कल खजाना थे. आज कबाड़ हो गए. रद्दी हो गए. कल किसी को भी खरीद सकने वाले आज खुद किलो के भाव बिक रहे हैं. कोई जला रहा है छिपाकर. कोई नाले में फेंक रहा है. खारे नाले में मुंह धोके आने पर भी इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा. ये इन नोटों की बदनसीबी है. ये कचरा ही बनेंगे. इनकी शहादत कुबूल की जाए. इस शहादत को आंखों के सामने फिल्मा रहे हैं संजय झा मस्तान. ये अपनी बात फिल्मों से समझा सकते हैं. लिख के बता सकते हैं. क्योंकि मुंबई में रहते हैं. मायानगरी में फिल्में बनाते, लिखते और निर्देशित करते हैं. अब इस सर्कस शो और आपके बीच में ज्यादा देर अटके रहने की कोई जरूरत नहीं लग रही मुझे. तो अब तुम्हारे हवाले लेखन साथियों.
दी लास्ट शो शो बीच में ही रुक गया. सर्कस की दुनिया में भारत सर्कस का कैश शो देखने दुनिया आती. कैश का सर्कस, सर्कस का सबसे खतरनाक खेल था. यह खेल हृदय रोगियों और बच्चों के लिए नहीं था फिर भी वे सब शो में हिस्सा लेने आते थे. कैश शो में पांच सौ हज़ार को ड्रम्स में भर - भर के डायनामाइट से उड़ाया जाता और खिलाडी बने दर्शक जान पर खेल कर रुपयों को घर ले जाने के लिए लूटते. यह एक हॉरर खेल था और रात में अकेले खेलने के लिए उचित नहीं था. फिर भी सरकस के लास्ट शो में इसे लोग खेलते थे. अमीर जीवन जीने के लिए लोग सर्कस का ये शो खेलने और देखने आते. शो का ऐसा असर होता कि दरिद्र दर्शक धनी हो जाते. सबकी जेब में एक - एक हज़ार का और एक - एक पांच सौ के नोट आने की सर्कस के जोकर्स की चेतावनी सच हो जाती. खेल का यही चमत्कार था. इसीलिए भारत सर्कस दुनिया का सबसे अनोखा सर्कस था. सर्कस में यही एक शो था जिसे जोकर्स भी बैठ के देखते थे. खेल शुरू हो चुका था. हवा में लटकते हुए गुल्लकों में जोकर्स बैठे थे. उनके बैठने की यही जगह थी. वे गिरती चवन्नी की झन की आवाज़ के साथ मंच पर गिरते हुए एंट्री लेते. वो ऐसे थूकते कि चवन्नी का भ्रम होता. लोग जब उन्हें उठाने के लिए झुकते तो वे खूब हंसते. कैश के इस ख़तरनाक खेल में अठ्ठनी और चवन्नी जोकर्स बनते थे. चवन्नी को लेकर सीरियस होना फिज़ूल है इसलिये सर्व-सम्मति से सर्कस में खिलाड़ी दर्शकों ने उन्हें जोकर मान लिया था. हर रात कैश के खेल का शो कौड़ियों से शुरू हो कर लाखों करोड़ों तक पहुंच जाता. हज़ार पांच सौ कैश शो के हीरो थे. इस खेल को देखने से पहले जोकर्स सर्कस के दर्शकों के लिए एक भविष्यवाणी पढ़ते थे. भविष्यवाणी के शब्द थे 'लार्ड कुबेर इलेक्ट्रॉनिक मनी ले कर आएंगे. मिस्टेक होता जायेगा, करेक्सन्स आते जायेंगे'. इन खेलों को देखने के लिए जमाखोरी, सूदखोरी, मुनाफाखोरी जैसे दर्शनों से सर्कस के दर्शक को गुप्त परिचय कराया जाता. जोकर दर्शकों का चेहरा पढ़ते और कान में आ कर उन्हें बताते कि वे कंजूस हैं या कामचोर. दर्शक अपने बारे में सुनकर डरने का अभिनय करते हुए हंसते. फिर सब हंसने लगते. शो आगे बढ़ जाता. खेल में बनिए और बिचौलिए बनावटी और दिखावटी नाम के चरित्र बनते. कैश के शो के क्लाइमेक्स में हज़ार पांच सौ मिल कर बनावटी बनिए और दिखावटी बिचौलिए की मदद से काले धन की निर्ममता से नकली हत्या करते थे. मंच पर ये थ्री डी के लाइट इफ़ेक्ट में होता जिसकी गंभीरता का काला हास्य भीड़ समझ लेती और सर्कस के लास्ट शो में सब खूब हंसते और शो ख़त्म होने के बाद हंसते हंसते कैश ले कर अपने अपने घर जाते. आज कैश शो बीच में ही रुक गया था. हज़ार पांच सौ जैसे सुपरस्टार के मंच पर रहते रहते सब मिलकर हज़ार पांच सौ पर हंसने के लिए इतने चुटकुले बना लेंगे लोगों ने कभी सोचा नहीं था. कैश शो के रुकते ही दर्शक दीर्घा में बैठे सर्कस के दर्शक की भीड़ कोरस में रोने लगी और रोते रोते हंसने लगी. भीड़ की सोशल मीडिया पर सारे तर्कशास्त्री अर्थशास्त्री बन गए. कैश ट्रैश हो गया. रातों रात पांच सौ हज़ार हैश टैग बन गए. करोड़ कौड़ी हो गया. हज़ार पांच सौ कैश के शो में चलेबल - रनेबल था, मंच पर अचानक अनेबल हो गया. भीड़ आपस में बैठ कर तरह -तरह की चिंताएं करने लगी. दर्शक जहां थे वहीं बैठे बैठे अपने शब्दकोश बनाने लगे. विचार प्रसारित करने लगे. दर्शकों में बैठे शराबी अपनी जेबों की नोटों के साथ बच्चों की तरह खेलने लगे और हज़ार के नोट में चखना भर के सेल्फी लेने लगे. हज़ार इससे ज्यादा पहले कभी अपमानित नहीं हुआ था. अपनी नज़र में वो दलालों के क़दमों से भी नीचे गिर चूका था. कैश शो के रुकते ही मंच पर हज़ार पांच सौ दोनों खड़े थे. पांच सौ का मुंह उतर गया था. हज़ार अवाक था. अभी अभी हज़ार पांच सौ को बीच शो में ही नौकरी से निकाल दिया गया था. अब तक जो शो का वीआईपी था एक पल में बेसहारा बन गया था. सर्कस की कुरूप सच्चाई आज हज़ार पांच सौ के सामने थी. हज़ार पांच सौ को लगा अब तक उनकी की गयी चापलूसी और भीड़ से मिले चरण स्पर्श का ऋण वे भाषण दे कर ही अदा कर सकते हैं. चाकरी छोड़ कर मंच पर से उतरने से पहले पांच सौ ने सर्कस के आयोजकों से माइक ले लिया और मौन हो गयी. 'एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर मुझे कूदना सिखाने से ले कर इस खतरनाक खेल तक मुझे किसने पहुंचाया?' सबने पहली बार रुपये को बोलते हुए सुना. रुपया उनसे बात करे कईयों के गले से ये बात नहीं उतरी. भीड़ में बैठे इंटेलेक्चुअल्स पांच सौ को भाषण देते हुए देख कर हज़ार पांच सौ को उसके मुंह पर ही कोसने लगे. हज़ार पांच सौ को ये महसूस हो गया कि सब उनसे एक पल में दूर हो गए हैं और नफरत करने लगे हैं. हाथ का मैल कह कर उनसे हाथ झाड़ने लगे हैं. हज़ार पांच सौ का दिल टूट गया. और वो कराहने लगे और बारी बारी से माइक पर अपने दिल की बात करने लगे. “इंटेलेक्चुअल्स मुझे क्यों कोस रहे हैं? बुद्धिजीवी मुझे क्यों गालियां दे रहे हैं? मुझे समझने में आप कहां चूक गए? मुझसे क्या भूल हुई?“ पांच सौ बोली. “इंटेलेक्चुअल्स देश के मूड को पढ़ने में नाकाम क्यों रहे?“ अब बोलने की बारी हज़ार की थी. हज़ार का स्वर सपाट था जैसे कहीं कुछ हुआ ही न हो.“ मेरी कंडीशनिंग किसने की? जीने के लिए आग पर चलना मुझे किसने सिखाया? मेरा स्वामी कौन था? मेरे धारक कहां गए? मेरे धारक ... मेरे धारक“ इतना कह कर दोनों एक साथ रोने लगे. अब तक पांच सौ और हज़ार भीड़ में फेनोमेना थे पर अब शो के बीच में ही मंच पर अनाथ मेमना हो गए. दर्शकों की भीड़ ने न जाने क्या सोच कर कुछ पल तक उनको रोने दिया. भीड़ की अब यही सहानुभूति उनके लिए बची थी, जो उन्हें भीड़ से मिल रही थी. हज़ार पांच सौ भौचक्के थे. अचानक उनसे कोई डर नहीं रहा था. सब तरफ से रिजेक्ट होते देख कर, पांच सौ ने फिर कहना शुरू किया. ''सर्कस संघ का शुक्रिया. सर्कस सोसाइटी वाले, मेरे खेल प्रेमियों, मेरी एक आखिरी इच्छा जरुर पूरी करना. संस्कृति के नुक्कड़ों पर न रख सको तो कम से कम किसी चौक चौराहे पर मेरे नाम से कोई सड़क या चौराहा जरूर बनवा देना“ दोनों एक पल के लिए मौन हो गए. सब मौन थे. जैसे श्रद्धांजलि देने में होते हैं. “दे दे मेरा पांच रुपैया बारह आना …" गाते हुए पांच सौ रोने लगी और सबको भावुक कर दिया. भीड़ ये गीत गुनगुनाने लगी. तालियां बजी. हर्ष ध्वनि हुई. पांच सौ की आंखें डबडबा गयीं. सब कुछ बहुत नाटकीय हो गया. भीड़ का समाज एक झटके में नए खेल के लिए तैयार हो गया था. पांच सौ और हज़ार अब तक जहां पूंजीवाद के नाम पर यूज्ड हो रहे थे अब उसी नाम पर वहीं अब्यूज़्ड होने लगे. नाटक शुरु होने से पहले जो नाटक होता है वो शुरू हो चुका था. आम लोगों के साथ खाने, पीने और घूमने का सबसे ज्यादा पोलिटिकल स्टंट किसने किया है? लोग ये गूगल करने लगे. उत्तर में पांच सौ हज़ार का नाम सबसे ऊपर था. प्रशंसा युग के चाटुकार पत्रकारिता काल में रुपया को बचाने कोई नहीं आया गुजरे वक़्त से सारे रिश्ते टूट चुके थे. खेल में परदे के पीछे बैठा हुआ काला धन ये सब अपनी आंखों से देखने के लिए घबराया हुआ दौड़ा दौड़ा ग्रीन रूम से मंच पर आ गया और अचानक हांफता हुआ स्पॉट लाइट में फंस गया. वो पहली बार सबको साफ़ दिख रहा था. काले धन को मेकअप करने का मौका नहीं मिला था. वो अपनी सादगी में भी भयानक लग रहा था.
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement


















.webp?width=120)

