ये हैं उत्कर्ष त्रिपाठी. यहीं पढ़ते हैं, जीएल बजाज कॉलेज में. फुल डे क्लास करते हैं स्कूल की तरह. अटेंडेंस का रोना रोते हैं. हर दूसरे लड़के की तरह आधी जिंदगी एग्जाम देते गुजारी है. और हर तीसरे इंजीनियर की तरह मन पढ़ाई में कम, बकैती में ज्यादा लगता है. पढ़िए इनकी बकैती का एक टुकड़ा यहां, सपेसल!अरे अरे, देसी ऐड में किस्सी?
जी हां. सही पढ़ा आपने! Wrigley कंपनी जिसे आप इसकी 'चिन्गमों' के लिए जानते हैं (बूमर इसी का था). अब अपनी डबलमिंट चिंगम का नया विज्ञापन लिए तैयार है! इस विज्ञापन में वही एक लड़का-लड़की का मिलना, इश्क वाला लव होना, फिर जुदा होना, फिर मिल जाना ही है. पर शुजीत सरकार के डायरेक्शन में बनी इस ऐड फ़िल्म को उसी क्लीशे में धंसने से बचाया गया है.लड़का-लड़की टीनएज में मिलते हैं, इश्क उफनता है, फिर वही बालकनी से झांकना, नज़रें मिलाना-चुराना. पर हमारी भारतीय परंपरा से बिलकुल उलट. ऐड में ज़रा रोल-रिवर्सल है. इसमें हमारे यहां जो पहल लड़का करता है, वो पहल लड़की की तरफ से किए जाते हुए दिखाया गया है. मतलब घर पे मां-बाप के आ जाने से जो लड़का पाइप से उतर कर भागा करता था, इस ऐड में लड़की भाग रही है. किस्सी की पहल भी लड़की ही कर रही है, और यहां तक की लड़ाई हो जाने के बाद कान पकड़ के सॉरी भी लड़की ही बोल रही है! रह गए न सन्न?
अब सोच रहे होगे कि इसमें डबलमिंट का विज्ञापन कैसे हुआ! बताए देते हैं. भई जब दोनों ने एक-दूसरे को पहली बार देखा, तो आधा काम तो नज़रों ने कर दिया था. आधा बचा काम ई डबलमिंट ने किया. इसमें भी पहल लड़की की दिखाई गयी है, मिंट के डब्बे पर चुम्मी देकर लौंडे के पास फेंकती है, महाशय कैच कर लेते हैं. मतलब कि कतई इनके मोटो #StartSomethingFresh पर खरा उतरते हुए. हर छोटे-बड़े पलों में इन्हें डबलमिंट शेयर करते हुए दिखाया गया है. वीडियो को और भी लल्लनटॉप और खूबसूरत बनाने के लिए किशोर दा के गाने ‘इक अजनबी हसीना से’ का इस्तेमाल किया गया है. इसे बड़ी ही ख़ूबसूरती से हल्का मॉडर्न टच देते हुए गौरव दगाओंकर ने गाया है!
आओ ऐड देख लो एक बार, फिर और बताते हैं इसके बारे में:
https://www.youtube.com/watch?v=e5BbHPHpbvE
ये ऐड न्यूयॉर्क की विज्ञापन एजेंसी BBDO ने बनवाया है. मतलब BBDO शुजित सरकार के पास आए और कहे कि भई बाहर के देशों के लिए हमने एक 'रिगली' का ही ऐड बनाया था जिसमें कुछ इसी तरह सारह और जुआन को रोमांस करते हुए दिखाया गया था. चैलेंज बस इसी ऐड का भारतीयकरण करने का था, जो कि शुजीत दा ने बाख़ूबी किया है! किसिंग सीन्स होने पर शुजीत दा ने कहा, “हम युवाओं को जोड़ना चाहते हैं इस ऐड से और अगर युवा लव स्टोरी दिखानी है तो ‘किस’ होना लाज़मी है.”
देखो रिगली का ऐड.
https://www.youtube.com/watch?v=XLpDiIVX0Wo
हां भई बात भी सही है. ‘किस’ से किस तरह का परहेज़?
ऐड नवम्बर अंत में TV पर आ जायेगा. YouTube पर तो इतनी धूम मचा रहा है कि 10 लाख से भी ऊपर व्यूज हैं.पर 3 मिनट के इस ऐड को 60 एडिट और कट के बाद कुछ 15 सेकंड का बना दिया जाएगा, जिससे कि आसानी से TV पर टेलीकास्ट हो. भारतीय संस्कार फीलिंग सेफ.

















.webp?width=120)





