The Lallantop

मुंबई पुलिस की वैन रोकने वाली रिया ने दिल्ली पुलिस को ताना मार दिया

मुंबई में प्रदर्शनकारियों को ले जा रही पुलिस वैन के सामने 27 वर्षीय मॉडल रिया अहीर करीब 40 मिनट तक खड़ी रहीं, जिसके बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

Advertisement
post-main-image
रिया अहीर पुलिस वैन के सामने खड़ी हो गई थीं. (फोटो- Instagram)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • रिया अहीर ने मुंबई में पुलिस वैन के सामने करीब 40 मिनट तक खड़े रहकर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा रहे प्रदर्शनकारियों को रिहा करने की मांग की।
  • नीट पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली और मुंबई में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बिना अनुमति के प्रदर्शन करने के आरोप में 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था।
  • रिया के इस क़दम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग उनकी बहादुरी की चर्चा कर रहे हैं और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में बातचीत तेज हो गई है।

मुंबई की एक व्यस्त सड़क. बारिश हो रही है. एक पुलिस वैन है, जिस पर अपना एक हाथ रखे खड़ी है एक लड़की. नाम है रिया अहीर. पुलिस की जिस वैन को उसने रोक रखा है, उसमें वो लोग हैं जो कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को सपोर्ट करने के लिए सड़क पर उतरे थे. पुलिस उन्हें गिरफ्तार करके ले जा रही थी. लेकिन, 27 साल की इस लड़की को ये ठीक नहीं लगा. वह गाड़ी के सामने खड़ी हो गईं और तकरीबन 40 मिनट तक मुंबई पुलिस की वैन को उसकी जगह से हिलने नहीं दिया. इंटरनेट पर उनके इस वीडियो ने धमाल मचा रखा है.

Advertisement

रिया की हिम्मत की दाद दी जा रही है कि वह अपने साथियों के लिए कैसे पुलिस के सामने निर्भीक होकर खड़ी हो गईं. बाद में इस पर रिया ने कहा कि ‘मुंबई की पुलिस दिल्ली की पुलिस की तरह नहीं है.’ उनका इशारा जरूर 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की ओर था. दिल्ली पुलिस पर छात्रों के साथ बर्बरता के आरोप लगे थे. चारों ओर से छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की आलोचना हुई.

मुंबई में प्रदर्शन

नीट पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली से शुरू हुआ ये प्रदर्शन मुंबई में भी काफी जोरदार तरीके से चल रहा है. बीते कुछ दिनों से सड़कों पर बिना परमिशन प्रोटेस्ट के आरोप में पुलिस ने 400 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है. बुधवार, 22 जुलाई की बात है. रिया अहीर मुंबई के कोहिनूर चौक से शिवाजी पार्क की ओर जा रही थीं. तभी उनकी नजर एक पुलिस वैन पर पड़ा. वैन में से नारों की आवाज आ रही थी. उन्होंने देखा कि बस आगे से लेकर पीछे तक ठसाठस भरी है. खड़े होने की भी जगह नहीं है. पता चला कि ये लोग प्रदर्शनकारी हैं, जिन्हें पुलिस गिरफ्तार करके ले जा रही है. 

Advertisement

रिया ने बताया कि ये देखकर वह खुद को रोक नहीं पाईं. वह प्रोटेस्ट में हिस्सा लेना चाहती थीं. उन्होंने सोचा कि क्यों न इसकी शुरुआत यहीं से की जाए. फिर क्या था. वह दौड़कर वैन के आगे जाकर खड़ी हो गईं. उन्होंने पुलिस वालों से प्रदर्शनकारियों को तुरंत रिहा करने के लिए कहा. इसे लेकर उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई. पुलिस वालों ने गाड़ी की स्पीड बढ़ाने की भी कोशिश की लेकिन रिया अपनी जगह से टस से मस नहीं हुईं.

पुलिस वालों ने भरोसा दिया कि थोड़ा आगे जाकर वह सबको छोड़ देंगे, लेकिन रिया अपनी जिद पर अड़ी रहीं कि अगर छोड़ना है तो यहीं छोड़ो. थक-हारकर पुलिस ने सबको छोड़ दिया. प्रदर्शनकारी वैन से बाहर निकले तो रिया को थैंक्यू भी कहा.  

ये भी पढ़ेंः 'अच्छे दिन कब लीक होंगे', मुंबई के CJP प्रोटेस्ट में लोगों की गजब क्रिएटिविटी

Advertisement
मन में क्या चल रहा था?

रिया का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जबर्दस्त वायरल हो गया. इसके बाद रिया सामने आईं और बताया कि जिस समय पर पुलिस की वैन के सामने वह दीवार बनकर खड़ी हो गई थीं, उस समय उनके मन में क्या चल रहा था. रिया ने कहा कि उस वक्त वो अंदर से कांप रही थीं, लेकिन उनका पत्थर जैसा आत्मविश्वास उनके डर पर हावी हो गया था. उन्हें लग रहा था कि वो जो कर रही हैं, वो सही कर रही हैं. वह तो जेल जाने की आशंका को लेकर भी तैयार थीं. उन्होंने कहा, 

मुझे लगा कि वो मुझे भी घसीटकर ले जा सकते हैं, लेकिन फिर मैंने चारों ओर देखा. मुझे लगा कि वैन में तो जगह ही नहीं बची थी तो वे लोग मुझे कहां रखते?

रिया ने माना कि इस घटना के बाद वह काफी डर गई थीं और सुबह 5:30 बजे तक उन्हें नींद भी नहीं आई. वह अपने परिवार को लेकर टेंशन में थीं. उन्होंने घर में सबको बताया कि यहां पुलिस आ सकती है. इस पर परिवार ने उनसे कहा, 

तो क्या हुआ? हम संभाल लेंगे.

रिया ने कहा कि जब आपके पास सही के लिए खड़ा होने और गलत के खिलाफ बोलने वाला ऐसा साहसी और सहयोगी परिवार हो तो आप में अपने आप बहुत हिम्मत आ जाती है. 

रिया ने छात्रों के इस आंदोलन को किसी पार्टी से जोड़कर देखने से इनकार किया और कहा कि अगर कोई आंदोलन छात्रों के लिए हो रहा है तो छात्र उसका समर्थन करेंगे ही. 

कौन हैं रिया अहीर?

रिया अहीर 27 साल की एक मॉडल हैं. इंस्टाग्राम पर वो काफी पॉपुलर हैं. उनके करीब एक लाख फॉलोअर्स हैं. वह कई म्यूजिक वीडियो में भी दिखी हैं. 

वीडियो: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर विराम? सरकारी सूत्रों का बड़ा दावा

Advertisement